The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Shah Rukh Khan Instagram Account Hacked by a Fan, Says He Was Just Bored!

शाहरुख के फैन ने ही उनका इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया, कहा-"बोर हो रहा था..."

शाहरुख खान ने अपना ये इंस्टाग्राम हैंडल 14 साल पहले बनाया था. जो अचानक से चर्चा में आ गया.

Advertisement
pic
17 फ़रवरी 2026 (अपडेटेड: 17 फ़रवरी 2026, 03:59 PM IST)
shah rukh khan,
शाहरुख के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर 49.4 मिलियन फॉलोवर्स हैं.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Shah Rukh Khan का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया है. हैक करने वाला कोई और नहीं बल्कि उनका ही एक फैन है. अकाउंट हैक करने के बाद उसने एक के बाद एक कई स्टोरीज़ भी डालीं. उसका कहना है कि वो बोर हो रहा था कि इसलिए उसने शाहरुख के पुराने इंस्टाग्राम अकाउंट का पासवर्ड गेस करना शुरू किया. और लॉगिन कर लिया. हालांकि उस लड़के ने शाहरुख खान होने का ढोंग नहीं किया. और स्टोरी के माध्यम से सबको बता दिया कि उसने ये अकाउंट हैक किया है. 

असल में शाहरुख की ऑफिशियल आईडी, जिसका यूजरनेम iamsrk है, वो पूरी तरह सुरक्षित है. हैकर ने उनके दूसरे प्रोफ़ाइल पर धावा बोला है. सवाल उठता है कि शाहरुख का ये दूसरा अकाउंट कहां से आ धमका? कहीं वो फेक आईडी तो नहीं? तो हम बता दें कि ऐसा कुछ भी नहीं है. दरअसल, शाहरुख ने 2012 में picsrk यूजरनेम के साथ एक डमी इंस्टा अकाउंट बनाया था. मगर पिछले 14 सालों से ये आईडी इन-एक्टिव है. खबर लिखे जाने तक इस पर फॉलोवर्स की संख्या भी केवल दो हज़ार के आसपास ही है. प्रोफ़ाइल पर शाहरुख ने केवल तीन तस्वीरें अपलोड की हैं. इनमें से अंतिम तस्वीर 24 सितंबर 2012 की है. इसके कैप्शन में वो ट्विटर पर कोई पोस्ट न पाने शिकायत कर रहे हैं. बताया जाता है कि शाहरुख ने सबसे पहले इंस्टाग्राम पर यही अकाउंट बनाया था. मगर फिर वो उसका पासवर्ड भूल गए. जिसकी वजह से उस हैंडल पर सालों से कोई एक्टिविटी नहीं हुई. 

shah rukh khan
शाहरुख खान ने ये इंस्टाग्राम अकाउंट 2012 में बनाया था.

खैर, पिछले दिनों लोगों ने शाहरुख की इस इंस्टा आईडी को डिस्कवर किया था. मगर इससे पहले कि ये जानकारी और लोगों तक पहुंचती, किसी ने वो अकाउंट हैक कर लिया. इसका खुलासा तब हुआ, जब हैकर ने प्रोफ़ाइल में स्टोरीज़ अपलोड कर डालीं. पहली स्टोरी में उसने सफ़ाई देते हुए लिखा,

"गाइज़, मैं शाहरुख खान नहीं हूं."

shah rukh khan
हैकर की इंस्टाग्राम स्टोरी.

दूसरी स्टोरी में वो लिखता है,

"मैं बस एक आम इंसान हूं. मेरे पास करने को कुछ नहीं था. इसलिए बोर होकर मैंने पासवर्ड का अंदाज़ा लगाना शुरू किया और आईडी लॉगिन हो गई. बस इतनी-सी बात है."

shah rukh khan
हैकर की इंस्टाग्राम स्टोरी.

तीसरी स्टोरी में हैकर ने बताया कि वो शाहरुख का फैन है. उसके मुताबिक,

"ये शाहरुख का अकाउंट है और बहुत से फैंस उम्मीद कर रहे होंगे कि इसे खुद शाहरुख चला रहे हैं. मगर ऐसा नहीं है. ये बस एक अकाउंट था, जो उन्होंने सबसे पहले बनाया था. ये 14 साल से एक्टिव नहीं था और अब वो इसका इस्तेमाल भी नहीं करते. इसलिए किंग, लेजेंड और लास्ट ऑफ द स्टार्स शाहरुख और उनके फैंस की इज़्ज़त करते हुए मैं लॉग आउट कर रहा हूं. मैं इस अकाउंट को वैसे ही छोड़ दूंगा, जैसा ये पहले था. इसमें उनकी शुरुआती पोस्ट्स और जेनुइन कैप्शन रहेंगे, जिन्हें फैंस जब चाहें तब देख सकते हैं. थैंक्स और सॉरी. गुड नाइट."

shah rukh khan
हैकर की इंस्टाग्राम स्टोरी.

इस पूरे मामले से एक बात तो स्पष्ट है कि शाहरुख ने कुछ ऐसा पासवर्ड चुना था, जिसके बारे में आम लोगों को भी जानकारी है. मगर फिर भी, आईडी का यूं हैक होना गलत है. देखना होगा कि शाहरुख की टीम इस मामले पर ऑफिशियली कोई एक्शन लेती है या नहीं. ऐसा इसलिए क्योंकि यदि एक इंसान इसे यूं हैक कर सकता है तो संभव है आगे और भी लोग इसमें घुसपैठ करने की कोशिश करेंगे. मगर हर बार हैकर उनका फैन नहीं होगा. 

वीडियो: अब नहीं बनेगी शाहरुख खान-सलमान खान की 'टाइगर वर्सेज पठान'!

Advertisement

Advertisement

()