'जवान' के नाम बड़ा रिकॉर्ड! दुनिया के सबसे बड़े परदे पर दिखाई जाएगी
विदेशों में पहले ही 'जवान' की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है. इंडिया के साथ-साथ वहां भी पूरा माहौल बनाया जा रहा है.

Jawan का ट्रेलर कब आएगा. ये सवाल बीते कुछ दिनों से लगातार Shah Rukh Khan के फैन पेजेस में घूम रहा है. पहले बताया जा रहा था कि 24 या 25 अगस्त तक मेकर्स ट्रेलर निकाल देंगे. लेकिन ये तारीखें भी आकर चली गईं. ‘जवान’ का ट्रेलर नहीं आया. ऊपर से फिल्म की रिलीज़ में सिर्फ दो हफ्ते बाकी हैं. 25 अगस्त को रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट ने टीज़ किया कि जल्द ही ‘जवान’ के ट्रेलर की अनाउंसमेंट की जाएगी. ‘जवान’ ट्रेलर को आने में अभी टाइम है. हालांकि इस बीच फिल्म ने अपने नाम एक नया रिकॉर्ड कर लिया. ‘जवान’ वो पहली भारतीय फिल्म बनने जा रही है जिसे दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा.
जर्मनी में एक शहर है लियोनबर्ग नाम का. वहां Traumpalast नाम का सिनेमाघर है. उनका दावा है कि उनकी IMAX स्क्रीन दुनिया में सबसे बड़ी है. लंबाई में वो 72 फीट है और चौड़ाई में करीब 125 फीट. ये आम स्क्रीन की तुलना में काफी बड़ी है. इस सिनेमाघर के निर्माण का काम 2020 में शुरू हुआ था. साल 2022 में जाकर पूरा हुआ. फंक्शनल हो जाने के बाद गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स वालों से संपर्क किया गया. उन्होंने इस सिनेमाघर का नाम दुनिया के सबसे बड़े पर्मानेंट हॉल में शुमार कर लिया. अब इस सिनेमाघर के सबसे बड़े परदे पर ‘जवान’ प्रदर्शित की जाएगी.
विदेशों में शाहरुख की खासी पॉपुलैरिटी है. इस न्यूज़ का फायदा फिल्म को जर्मनी में भी मिलेगा और इंडिया में भी माहौल गर्म ही होगा. विदेशों में ‘जवान’ की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है. ट्रेड रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि अमेरिका में फिल्म तगड़ी ओपनिंग के साथ खुलेगी. इंडिया में टिकट खिड़की कब खुलेगी, इसे लेकर मेकर्स ने अभी तक कुछ नहीं बताया है. उम्मीद है कि सोमवार यानी 28 अगस्त से इंडिया में एडवांस बुकिंग वाली खिड़की खुल सकती है. अब तक मेकर्स ने प्रीव्यू और गाने रिलीज़ करने के लिए सोमवार का ही दिन चुना है. ऐसे में आने वाले सोमवार भी कोई बड़ी न्यूज़ आ सकती है.
बाकी बताया जा रहा है कि 30 अगस्त को ‘जवान’ की टीम चेन्नई में एक बड़ा इवेंट रखने वाली है. उस दौरान फिल्म का म्यूज़िक लॉन्च किया जाएगा. फिल्म के लिए अनिरुद्ध रविचंदर ने म्यूज़िक दिया है. वो डायरेक्टर एटली के साथ पहले भी काम कर चुके हैं. हालांकि हिंदी सिनेमा में ‘जवान’ उनकी पहली फिल्म है. शाहरुख खान, नयनतारा, विजय सेतुपति और दीपिका पादुकोण स्टारर ‘जवान’ 07 सितंबर 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है.
वीडियो: G-20 समिट के दौरान दिल्ली को बंद रखने का ऐलान, जिससे शाहरुख खान की जवान की कमाई प्रभावित होगी

