शाहरुख खान ने रात के ढाई बजे खोद डाली अपने कुत्ते की कब्र, स्टाफ पर इतने बुरे भड़के...
"चाहे जिंदा हो या मुर्दा, वो हमारे साथ ही रहेगा."

Shah Rukh Khan बड़े सुपरस्टार होने के साथ एक डॉग लवर भी हैं. एक समय पर उनके पास कई कुत्ते हुआ करते थे. उनमें से एक Gauri Khan के मामा ने उन्हें गिफ्ट किया था. शाहरुख को वो कुत्ता बहुत पसंद था. मगर उसकी मौत के वक्त कुछ ऐसा हुआ, जिससे वो घर में काम करने वाले स्टाफ पर काफी नाराज़ हो गए. हाल ये था कि उन्होंने रात के ढाई बजे उस कुत्ते की कब्र खोदी और उसकी डेड बॉडी को घर लेकर आए. क्या था पूरा मामला, बताते हैं.
इंटरनेट पर इन दिनों एक गौरी के मामा का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है. टॉकी टेल्स से हुई बातचीत में वो बताते हैं,
"गौरी मेरी भांजी है. मेरी बड़ी बहन की बेटी है वो. मैंने उसे Chinese Pekingese Dog गिफ्ट किया था. शाहरुख को उससे बहुत अधिक जुड़ाव हो गया था. एक बार वो शूटिंग कर रहे थे और उसी दौरान वो कुत्ता गुजऱ गया. घर में काम करने वाले स्टाफ ने उसके शरीर को एक कपड़े में लपेटा और समुद्र किनारे दफ़ना आया."
जब शाहरुख को इस बारे में पता चला तो उन्हें दुख और गुस्सा, दोनों आया. दुख अपने कुत्ते के गुजरने का और गुस्सा उसके इस तरह दफ्न किए जाने पर. गौरी के मामा बताते हैं,
"जब शाहरुख रात में देर से घर लौटे तो उन्होंने उस कुत्ते को ढूंढना शुरू किया. इस पर स्टाफ ने उन्हें बताया कि उसकी मौत हो गई है. ये सुनकर शाहरुख ने पूछा कि उसे कहां रखा गया है? स्टाफ ने कहा कि उन्होंने उसे समुद्र के पास दफ़नाया है. शाहरुख ने रात को ढाई बजे अपने सभी स्टाफ को जगाया और उनसे कहा कि वो उन्हें उस एग्जैक्ट जगह पर लेकर चलें. समुद्र किनारे पहुंचते ही उन्होंने खुद उस कब्र को खोदना शुरू कर दिया और फिर अपने कुत्ते की डेड बॉडी लेकर घर आ गए. उन्होंने उसे घर के पीछे दफ़नाया और उसका स्मारक भी बना दिया. वो बहुत रो रहे थे. उन्होंने अपने स्टाफ से कहा- 'तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई मेरे डॉग को ऐसे फेंकने की? चाहे जिंदा हो या मुर्दा, वो हमारे साथ ही रहेगा'."

2017 में गौरी ने शाहरुख के साथ एक थ्रोबैक फोटो शेयर की थी. उसमें उनके साथ एक कुत्ता भी नज़र आ रहा था. लोग संभावना जता रहे कि ये शायद वही कुत्ता है, जिसका ज़िक्र गौरी के मामा ने किया था.

वैसे, 2015 में शाहरुख ने अपने कुत्ते डैश की मौत पर एक ट्वीट किया था. उसे याद करते हुए उन्होंने लिखा-"सच्चा प्यार वो होता है, जिसे हमेशा शब्दों में जताने की ज़रूरत नहीं पड़ती. वो भरोसे में बदल जाता है. ठीक हमारे छोटे डैश की तरह. रेस्ट इन पीस डैश." हालांकि ये कहना मुश्किल है कि यहां वो उसी कुत्ते की बात कर रहे थे या अपने किसी दूसरे पेट की. लेकिन इंटरनेट पर इस वीडियो के वायरल होते ही लोग शाहरुख के इमोशनल पक्ष से रूबरू हुए.
अगर वर्कफ्रंट की बात करें, तो शाहरुख खान इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग कर रहे हैं. इसे ‘पठान’ फेम सिद्धार्थ आनंद डायरेक्ट कर रहे हैं. ये फिल्म 24 दिसंबर को थिएटर्स में रिलीज होगी.
वीडियो: शाहरुख और अक्षय खन्ना के साथ फराह बनाएंगी 'तीस मार खान' का स्पिन-ऑफ?

