"उसने सॉरी तक नहीं कहा..." - शाहरुख को सबसे पॉपुलर गाने देने वाले सिंगर उनसे हुई लड़ाई पर क्या बोले?
अभिजीत और शाहरुख का टकराव 2004 में 'मैं हूं न' के एंड क्रेडिट्स से शुरू हुआ था. क्या था पूरा मामला?

कुछ सिंगर्स की आवाज़ स्क्रीन पर दिख रहे एक्टर्स पर ऐसे जमती है कि दर्शकों को दोनों एक ही लगने लगते हैं. एक दौर में Kishore Kumar को Rajesh Khanna और Amitabh Bachchan की वॉइस कहा जाता था. Aamir Khan पर Udit Narayan की आवाज़ फिट बैठती थी. Rockstar में Ranbir Kapoor और Mohit Chauhan एक हो गए. ऐसी ही एक ट्यूनिंग Shah Rukh Khan की भी थी. उन पर Abhijeet Bhattacharya की आवाज़ कुछ इस तरह जमती कि उनके गाने आज तक वायरल हो रहे हैं. मगर फिर उनके बीच दरार आ गई. वो भी ऐसी कि अभिजीत आज भी ये शिकायत करते हैं कि शाहरुख ने उनसे कभी ‘सॉरी’ नहीं कहा.
'बादशाह ओ बादशाह', 'मैं कोई ऐसा गीत गाऊं', 'बस इतना-सा ख्वाब है', 'तुम्हें जो मैंने देखा' और 'तौबा तुम्हारे ये इशारे.' ये वो कुछेक गाने हैं, जो अभिजीत ने शाहरुख के लिए गाए हैं. कहने की ज़रूरत नहीं कि ये दोनों के करियर के कुछ सबसे बेहतरीन गाने हैं. शायद वो लंबे समय तक एक-दूसरे को कॉम्प्लिमेंट करते. मगर 2004 में आई 'मैं हूं न' के एंड क्रेडिट्स ने मामला खट्टा कर दिया. यदि आपको ध्यान हो, तो फराह ने उस मूवी के क्लाइमैक्स में फिल्म से जुड़े लोगों को अनोखे ढंग से क्रेडिट दिया था. जिसकी बारी आती, वो खुद भी स्क्रीन पर नज़र आता.
जैसे म्यूजिक डायरेक्टर और लिरिसिस्ट का ज़िक्र होने पर अनु मलिक और जावेद अख्तर वीडियो में खुद दिखाई दिए. मगर सिंगर के लिए अलग से ऐसा कुछ नहीं किया गया. इस वजह से अभिजीत भी स्क्रीन पर नज़र नहीं आए. चूंकि शाहरुख उस फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे थे, इसलिए अभिजीत उनसे खासा नाराज़ हो गए. इसके बाद उनकी दूरियां बढ़ती रहीं. 2009 में आई ‘बिल्लू’ के बाद उन्होंने दोबारा साथ काम नहीं किया. उस फिल्म में उन्होंने ‘खुदाया खैर’ का रिप्राइज़ वर्जन गाया था.
पिछले दिनों अभिजीत ने इस टकराव की वजह बताई है. निधि वसंदनी से हुई बातचीत में वो कहते हैं,
“मेरे और शाहरुख खान के बीच जो रिफ्ट है, उसकी वजह उनका ईगो और मेरा सेल्फ रिस्पेक्ट है. शाहरुख मुझसे छोटा है. फिर भी जब फराह खान के पति (शिरीष कुंदर) ने उसे गालियां दीं, तो शाहरुख ने उसे गले लगा लिया. आमिर खान ने तो अपने कुत्ते का नाम भी शाहरुख के नाम पर रखा था. फिर भी दोनों दोस्त बन गए. मुझे सबसे ज्यादा इस बात का दुख हुआ कि मुझे उसने एक बार भी सॉरी नहीं कहा. तुम (शाहरुख) इतने बड़े आदमी हो, फिर भी माफी नहीं मांगी. तुमसे जो गलती हुई है, याद रखना ऐसा कुछ तुम्हारे साथ भी हो सकता है. शायद तुम्हारे ही होम प्रोडक्शन में."
अभिजीत ने कहा कि वो उस पूरे घटना से इतने आहत हुए थे कि उन्होंने दूसरे एक्टर्स के लिए भी गाना बंद कर दिया. उन्होंने वो घटना भी बताई, जब उन्हें लगा कि शाहरुख ने उन्हें जानते-बूझते इग्नोर किया है. वो कहते हैं,
"जब मैंने उसे सबको गले लगाते देखा तो मैं भी वहीं बैठा था. वो चाहता तो मुझसे बस इतना कह सकता था-'कम ऑन अभिजीत, जाने दे'. कम-से-कम वो इतना तो कर ही सकता था. यदि मैंने वैसी गलती की होती और मैं शाहरुख होता- तो मैं उसके घर जाता और कॉलर पकड़कर कहता-'कम ऑन, जाने दे'."
उन्होंने कहा कि लोग गाने सुनते वक्त उसके एक्टर्स को याद नहीं रखते. अभिजीत के मुताबिक, अभी की जनरेशन किशोर कुमार और मोहम्मद रफी के गाने सुनती है मगर राजेश खन्ना को नहीं जानती. ठीक इसी तरह आने वाली पीढ़ियां उनके गाने सुनते वक्त शाहरुख को याद करें, ऐसा जरूरी नहीं. हालांकि इस तनाव के बावजूद अभिजीत ने कहा कि आज शाहरुख को जिस तरह की आवाज़ चाहिए, वैसा कोई और नहीं दे सकता. इसलिए यदि कभी उन्हें मौका मिले तो वो शाहरुख को पहले से भी अच्छे गाने देंगे.
वीडियो: Dua Lipa के कॉन्सर्ट में Shahrukh Khan की फिल्म का गाना बजा तो नाराज हो गए Singer Abhijeet

