अब हिलेरी क्लिंटन की व्हाइट हाउस में घुसने में मदद करेंगी तृप्ति देसाई
कुछ दिनों में भारत यूरेनस तक पहुंचने वाला पहला देश बन जाएगा. शनि तक तो तृप्ति ही पहुंच गई हैं.
Advertisement

फोटो - thelallantop
तृप्ति देसाई दरअसल वो कर रही हैं. जो न करने के लिए हमें हमेशा डांट पड़ा करती थी. मंदिर जा रही हैं. मम्मी टीवी देखती हैं तो कोसती हैं. लड़की पूजा करने के लिए इतनी लड़ाई मोल ले रही है. तुम लोगों से सुबह-सुबह नहाया भी नहीं जाता. अप्रैल की गर्मी में जब मैं कूलर चलाकर मच्छरों से बचने के लिए कम्बल में घुसा हूं तब तृप्ति देसाई मंदिरों और दरगाहों में घुस रही हैं.
इस पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए. घुसना एक आम भारतीय का स्वभाव है. रिश्तेदार हमारी जिंदगी में घुस आते हैं. पड़ोसी हमारे किचन में. जो घुस नहीं पाते वो टांग घुसा देते हैं. कुछ मतभेद हो सकते हैं. पर तृप्ति देसाई भारतीय महिलाओं को आगे ला रही हैं. कुछ रोज में इतना आगे ले जाएंगी कि भारत यूरेनस तक पहुंचने वाला पहला देश बन जाएगा. शनि तक तो तृप्ति ही पहुंच गई हैं.अब से पहले शनि शिंगणापुर चर्चा में आता था क्योंकि वहां घरों में ताले नहीं पड़ते. पड़ते भी कैसे. सारे तो कुछ लोगों की बुद्धि पर पड़ चुके हैं. एक विडंबना ये भी है कि भले सारे शनि शिंगणापुर में दरवाजे नहीं हैं. घुस आप एक मंदिर में भी नहीं सकते. एक बाबा जी ने बताया. महिलाएं शनि को पूजेंगी तो रेप बढ़ेंगे. फिल्मसिटी के मेट्रो स्टेशन पर उतरो तो एक बच्चा हर शनिवार शनि महाराज को तेल चढ़वाने के लिए खडा रहता है. बाबाजी के लॉजिक से उस पर रेप को बढ़ावा देने के लिए केस चलना चाहिए. ध्यान दीजिएगा ऊपर अक्ल पर ताले पड़ने का जिक्र था. कभी-कभी तो लगता है तृप्ति क्यों इतने झगड़े मोल ले रही थीं. मेट्रो स्टेशन ही आ जातीं. शनि तो यहां भी मरे-मारे फिर रहे हैं.
भारतीय ट्रेनों के जनरल डिब्बे ही वो इकलौती जगह बचे हैं. जहां तृप्ति देसाई अब तक नहीं घुसी हैं. वो हाजी अली की दरगाह में भी एंट्री करने वाली थीं. नितीश कुमार के लिए ये खतरे की घंटी है. कोई तो है जो उनसे भी ज्यादा सेक्युलर है. तृप्ति इतनी सेक्युलर हैं कि वो किसी को ऑफेंड करने का मौका नहीं छोड़तीं.कुछ दिन में तृप्ति को आमंत्रित किया जाने लगेगा. मैकेनिकल के लड़के उन्हें अपनी ब्रांच का दौरा करने को उकसाएंगे. इस बहाने कम से कम वहां लड़कियां तो आएंगी. मैं सोचता हूं क्या तृप्ति को अपने मकान मालिक के बारे में बता दूं. उसने भी लड़कियों के आने पर रोक लगा रखी है. फिलहाल बड़ी खबर ये है कि हाजी अली के बाद तृप्ति अमेरिका निकलने वाली हैं. डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के प्रेसिडेंट नहीं बन पाएंगे. क्योंकि हिलेरी ने व्हाइट हाउस में घुसने के लिए तृप्ति की मदद मांग ली है.

.webp?width=60)

