देश की पहली एलियन-थ्रिलर फिल्म 'समुक' में काम करेंगे अक्षय कुमार!
Bollywood News: 'समुक' में 'मिशन इम्पॉसिबल' और 'जेम्स बॉन्ड' फ्रैंचाइज़ के टेक्निशियन्स भी काम करेंगे.

Akshay Kumar एक बार फिर बड़ा एक्सपेरिमेंट करने वाले हैं. जल्द ही वो देश के पहले एलियन-थ्रिलर प्रोजेक्ट Samuk में नजर आएंगे. खास बात ये है कि इस मूवी को बनाने के लिए Mission: Impossible -The Final Reckoning (2025), Venom (2018) और Predator फ्रैंचाइज़ के टेक्निशियन्स की मदद ली जाएगी.
# अक्षय ने ‘समुक’ पर क्या कहा?
अक्षय इससे पहले 'जोकर' (2012) में भी एलियन्स का सामना कर चुके हैं. मगर वो एक साय-फाय कॉमेडी फिल्म थी. ‘समुक’ सीरियस और थ्रिल से भरपूर होगी. हिंदुस्तान टाइम्स से हुई बातचीत में अक्षय ने खुद इस प्रोजेक्ट को कन्फर्म किया. वो कहते हैं,
“हां, मैंने ये फिल्म साइन की है. मुझे समुक की स्क्रिप्ट और सब्जेक्ट कमाल का लगा. साय-फाय एलियन थ्रिलर मेरे और हमारी फिल्मों के लिए बिल्कुल नया जॉनर है. मैं इसके लिए बहुत एक्साइटेड हूं.”
# ‘मिशन इम्पॉसिबल 8’ के एक्शन डायरेक्टर हुए ऑनबोर्ड
'समुक' को 'इन्साइड एज' और 'शूरवीर' जैसी सीरीज़ वाले कनिष्क वर्मा डायरेक्ट करेंगे. वहीं अक्षय एक्टिंग के अलावा विपुल अमृतलाल शाह के साथ इसे प्रोड्यूस करेंगे. विपुल को 'द केरल स्टोरी' और 'फोर्स' फ्रैंचाइज़ की मूवीज़ प्रोड्यूस करने के लिए जाना जाता है. फिल्म से कई नामी-गिरामी इंटरनेशनल चेहरे जुड़े हैं. इनमें सबसे बड़ा नाम हॉलीवुड स्टंट को-ऑर्डिनेटर ल्यूक टंबर का है. वो अमेरिका की रॉयल मरीन्स कमांडो में काम कर चुके हैं. 'समुक' से पहले वो 'मिशन इम्पॉसिबल: द फायनल रेकनिंग', 'वेनम', 'जेम्स बॉन्ड: नो टाइम टू डाय' और 'स्टार वॉर्स: द राइज़ ऑफ स्कायवॉकर' जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं. उन्होंने अक्षय को भारत का सबसे बड़ा एक्शन हीरो बताया. साथ ही ये भी कहा कि वो इस फिल्म की कहानी को अपने इंटरनेशनल लेवल एक्शन से जबरदस्त बनाना चाहते हैं.
# एलियन VS अक्षय
फिल्म में सिर्फ बड़े-बड़े एक्शन सीन्स पर ही नहीं बल्कि एलियन मॉन्स्टर्स को भी रियलिस्टिक बनाने पर खूब पैसा खर्च किया जा रहा है. उन एलियन्स को हॉलीवुड के मशहूर क्रीचर डिजाइनर एलेक गिलिस बना रहे. उन्होंने 'एलियन', 'प्रीडेटर' और 'स्माइल 2' जैसी फिल्मों पर काम किया है. उन्होंने बताया कि मूवी का एलियन मॉन्स्टर CGI नहीं, बल्कि प्रैक्टिकल इफेक्ट्स से बनाया जा रहा है. ऐसा इसलिए ताकि वो ज्यादा रियल और डरावना लगे. गिलिस ने कहा कि उन्होंने डायरेक्टर कनिष्क के साथ मिलकर एक बिल्कुल नया और यूनिक एलियन तैयार किया है. ये बाकी फिल्मों से बिल्कुल अलग होगा. उन्होंने अक्षय की तुलना हॉलीवुड एक्टर्स जेसन स्टेथम और टॉम क्रूज़ से की. साथ ही ये भी बताया कि वो अक्षय की पर्सनैलिटी के हिसाब से ही तगड़ा एलियन विलन बनाना चाहते हैं. 'समुक' की शूटिंग अगस्त से शुरू होगी. वहीं ये फिल्म साल 2027 में रिलीज़ हो जाएगी.
वीडियो: अक्षय कुमार तेलुगु डायरेक्टर के साथ फिल्म करेंगे

