'सम्राट पृथ्वीराज' उम्मीदों से कमतर रही, जानिए पहले तीन दिनों में कितने पैसे कमाए
उम्मीद थी अक्षय कुमार 'सम्राट पृथ्वीराज' कमाई के मामले में बाजा फाड़ देगी. मगर अक्षय की फिल्म पर कमल हासन की 'विक्रम' और 'मेजर' भारी पड़ती नज़र आ रही हैं. 'भूल भुलैया 2' की कमाई रुकने का नाम नहीं ले रही.

3 जून को तीन बड़ी फिल्में रिलीज़ हुईं. अक्षय कुमार की बिग बजट पीरियड ड्रामा 'सम्राट पृथ्वीराज'. लोकेश कनगराज डायरेक्टेड एक्शन एंटरटेनर 'विक्रम'. और अदिवि शेष की बायोग्राफिकल फिल्म 'मेजर'.
'सम्राट पृथ्वीराज' से बड़ी एक्सपेक्टेशन थीं क्योंकि इसे 300 करोड़ रुपए के भारी-भरकम बजट में बनाया गया था. अक्षय कुमार, संजय दत्त, मानुषी छिल्लर और सोनू सूद जैसी धांसू स्टारकास्ट थी. मगर 'सम्राट पृथ्वीराज' को वैसी ओपनिंग नहीं मिल पाई. शुक्रवार को इस फिल्म ने 10.70 करोड़ रुपए का कारोबार किया. शनिवार से फिल्म की कमाई के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद थी. मगर रिलीज़ के दूसरे दिन फिल्म 12.50 करोड़ रुपए ही कलेक्ट कर पाई. इतनी बड़ी फिल्म का फर्स्ट वीकेंड कलेक्शन कितना रहता है, इस पर इंडस्ट्री और पब्लिक दोनों की नज़रें टिकी हुई थीं. रविवार को इस फिल्म के 16.10 करोड़ रुपए से ज़्यादा की कमाई करने की बात कही जा रही है. यानी 'सम्राट पृथ्वीराज' का फर्स्ट वीकेंड कलेक्शन रहा तकरीबन 39.40 करोड़ रुपए.

'सम्राट पृथ्वीराज' के कमज़ोर बिज़नेस की वजह सिनेमाघरों में लगीं अन्य फिल्मों को बताया जा रहा है. मगर यहां एक चीज़ ध्यान देने वाली है. अक्षय की फिल्म के साथ 'विक्रम' और 'मेजर' रिलीज़ हुई हैं. मगर इन दोनों ही फिल्मों को हिंदी बेल्ट में कुछ खास नहीं देखा जा रहा है. 'विक्रम' के हिंदी वर्ज़न का वीकेंड कलेक्शन 2 करोड़ रुपए के आसपास रहा है. जबकि इस फिल्म ने देशभर से तीन दिनों में 101 करोड़ रुपए कमा लिए हैं. शुक्रवार को 'विक्रम' ने 34 करोड़ रुपए की ओपनिंग ली. शनिवार को कलेक्शन में थोड़ा डिप देखने को मिला. मगर फिर भी फिल्म ने 31.75 करोड़ रुपए का कारोबार कर लिया. रविवार को कमल हासन स्टारर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस से 35.25 करोड़ रुपए पीटे. यानी फर्स्ट वीकेंड में इस फिल्म का डोमेस्टिक कलेक्शन रहा- 101 करोड़ रुपए. दुनियाभर से ये फिल्म अब तक 150 करोड़ रुपए कमा चुकी है.

'मेजर' 26/11 मुंबई हमले में शहीद हुए मेजर संदीप उन्नीकृष्णन की बायोपिक है. इस फिल्म को एक्टर अदिवि शेष ने खुद लिखा है. इसे तेलुगु फिल्मों के सुपरस्टार महेश बाबू ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म में मेजर का रोल भी अदिवि ने ही किया है. 'मेजर' के हिंदी वर्ज़न ने तीन दिनों में 4.66 करोड़ रुपए का बिज़नेस किया है. इस फिल्म ने दो दिनों में दुनियाभर से 24.50 करोड़ रुपए कमाए हैं. तीसरे दिन के आंकड़े आने अभी बाकी हैं. अदिवि शेष के साथ इस फिल्म में सई मांजरेकर, शोभिता धुलिपाला, रेवती, प्रकाश राज और मुरली शर्मा जैसे एक्टर्स ने काम किया है.
'सम्राट पृथ्वीराज' को सिनेमाघरों में लगी दो पुरानी फिल्मों से कड़ी टक्कर मिल रही है. पहली फिल्म है कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी स्टारर 'भूल भुलैया 2'. अनीस बज़्मी डायरेक्टेड इस फिल्म ने रिलीज़ के तीसरे वीकेंड पर 13 करोड़ रुपए से ज़्यादा का कलेक्शन किया है. अब तक ये फिल्म देशभर से 154.82 करोड़ रुपए कमा चुकी है. दूसरी फिल्म जो 'सम्राट पृथ्वीराज' को परेशान में डाल रही है, वो टॉम क्रूज़ की 'टॉपगन- मैवरिक'. इस फिल्म के हिंदी वर्ज़न ने अब तक 23.85 करोड़ रुपए का बिज़नेस कर लिया है.
'सम्राट पृथ्वीराज' की कमाई में आगे कुछ इज़ाफा होता है या मामला कमज़ोर ही बना रहता है, ये आने वाला समय बताएगा.
वीडियो देखें: फिल्म रिव्यू- सम्राट पृथ्वीराज

