सलमान की 'मातृभूमि' रिलीज़ डेट को तरस रही, और वो अगले महीने नई फिल्म शुरू करने जा रहे!
सलमान की इस नई एक्शन थ्रिलर के लिए मुंबई में बड़ा-भारी सेट लगना भी शुरू हो चुका है, 14 अप्रैल से शूट शुरू होने की ख़बरें हैं

Salman Khan की फिल्म Maatrubhumi: May War Rest in Peace के रिलीज़ पर बना असमंजस अभी ख़त्म भी नहीं हो पाया है. और उनकी नई फिल्म शुरू होने की खबरें आ रही हैं. रिपोर्ट्स हैं कि सलमान 14 अप्रैल से प्रोड्यूसर Dil Raju और डायरेक्टर Vamshi Paidipally वाली Action Thriller (फिलहाल अनटाइटल्ड) की शूटिंग शुरू करेंगे. और इसके लिए मुंबई के गोरेगांव इलाक़े में SRPF ग्राउंड पर बड़ा-भारी सेट लगना शुरू भी हो चुका है. कास्टिंग फुल स्पीड में चल रही है. और प्री-प्रोडक्शन के काम को फास्ट्रैक कर दिया गया है. इस बारे में मिड-डे ने सूत्रों के हवाले से लिखा,
“ये रेग्युलर फिल्म सेट नहीं है. यहां एक मिनी सिटी तैयार की जा रही है. घनी आबादी वाला एक पूरा शहर बसाया जा रहा है. फिल्म में इसे हाई-कॉनफ्लिक्ट ज़ोन की तरह दिखाया जाएगा. यहां लार्ज स्केल एक्शन सीक्वेंस शूट होंगे. इसे एक इंडस्ट्रियल टाउनशिप की तरह समझिए.”
इस रिपोर्ट में ये भी लिखा गया है कि प्री-प्रोडक्शन के कई काम एक साथ किए जा रहे हैं. ताकि शूट शुरू होने के बाद कोई रुकावट न आए. सूत्रों से चर्चा के आधार पर इस रिपोर्ट में लिखा गया,
“टीम मल्टीटास्किंग कर रही है. फाइनल कास्टिंग, एक्शन कोरियोग्राफी और सेट डिज़ाइन... ये तीनों काम साथ चल रहे हैं ताकि मिड-अप्रैल तक ये सब निपट जाए. और शूट तय समय पर शुरू हो सके. हमारा लक्ष्य है कि शूटिंग शुरू होने के बाद काम पूरी रफ्तार से चले.”
अब बात करते हैं सलमान की ‘मातृभूमि’ के बारे में, जो रीशूट-रीशफल मोड में है. कभी फिल्म की रिलीज़ डेट बदली, तो कभी टाइटल. यहां तक कि कहानी में भी तब्दीली की बात सामने आई. 'मातृभूमि' साल 2020 में भारत-चीन के बीच गलवान घाटी में हुई झड़प पर आधारित फिल्म है. इस लड़ाई में 200 भारतीय सैनिकों ने 1200 सशस्त्र चीनी सैनिकों का डटकर सामना किया था. वो लड़ाई जिसमें 20 भारतीय जवानों समेत 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल बिकुमल्ला संतोष बाबू भी शहीद हो गए थे. सलमान ने इस फिल्म में उन्हीं का किरदार निभाया है. दिसंबर में जब ‘मातृभूमि’ का पहला टीज़र रिलीज़ किया गया, तब चीनी मीडिया ने इस पर तथ्यों के साथ छेड़छाड़ के आरोप लगाए. फिर 40 दिन का रीशूट अनाउंस हुआ, और पैचवर्क शुरू हुआ. ख़बरें आईं कि इसी रीशूट के दौरान मेकर्स ने फिल्म से कथित एंटी-चीन एलिमेंट्स हटाना शुरू किए. और इसमें हिंदी-चीनी भाईचारे का संदेश देने वाले सीक्वेंस भी जोड़े. यही कारण है कि फिल्म का टाइटल ‘बैटल ऑफ गलवान’ से बदल कर ‘मातृभूमि’ कर दिया गया. ज़ाहिर है, कि इन बदलावों से फिल्म के टोन और मैसेज में काफ़ी फर्क आया होगा.
अब आती है ‘मातृभूमि’ के रिलीज़ पर बने असमंजस की बात. सबसे पहले ख़बरें थीं कि ये फिल्म ईद पर आएगी. मगर ‘धुरंधर 2’ इसी विंडो में रिलीज़ हो रही थी. इसलिए तारीख बदल कर 17 अप्रैल कर दी गई. बकायदा घोषणा भी हुई. फिर फिल्म में बदलावों और रीशूट की बात सामने आई. ऐसे में 17 अप्रैल को इसके रिलीज़ पर सवालिया निशान लग गए. पढ़ने में आया कि ‘मातृभूमि’ अब 12 जून को आएगी. ये तारीख इसलिए मुफ़ीद मानी जा रही थी, क्योंकि गलवान घाटी की झड़प 15 जून 2020 को हुई थी. मगर सलमान की इस नई एक्शन फिल्म के शूटिंग अपडेट के बाद 12 जून का दिन भी दूर की कौड़ी ही नज़र आ रहा है. फिलहाल ‘मातृभूमि’ के डायरेक्टर अपूर्व लाखिया या सलमान की तरफ़ से कोई स्टेटमेंट नहीं आया है. इनके बयान के बाद ही बातें साफ़ होंगी.
वीडियो: क्या अनिश्चितकाल के लिए टल सकती है सलमान खान की 'बैटल ऑफ गलवान'?

.webp?width=60)
