वामसी पैडिपली की फिल्म में सलमान के अपोजिट होंगी नयनतारा, और कौन से एक्टर्स दिखेंगे?
शाहरुख के साथ 'जवान' के बाद पहली बार सलमान खान के साथ नज़र आएंगी नयनतारा.

Salman Khan ने ऑफिशियली बता दिया है कि वो अप्रैल से Vamshi Paidipally-Dil Raju के SVC63 प्रोजेक्ट पर काम शुरू करेंगे. इस पैन-इंडिया मूवी में कई स्टार्स को जोड़े जाने की प्लानिंग है. मगर लोगों को सबसे ज़्यादा एक्साइटमेंट ये जानने की थी कि फिल्म में सलमान के अपोजिट किस एक्ट्रेस को कास्ट किया जाएगा. मेकर्स ने लोगों के इस सवाल का जवाब दे दिया है. उन्होंने इस फिल्म में Nayanthara की कास्टिंग अनाउंस कर दी है.
SVC63 को नेशनल अवॉर्ड विनिंग प्रोड्यूसर दिल राजू प्रोड्यूस कर रहे हैं. इसे उनके प्रोडक्शन हाउस श्री वेंकटेश्वर क्रिएशंस के बैनर तले बनाया जा रहा है. नयनतारा को प्रोजेक्ट से जोड़े जाने की जानकारी भी मेकर्स ने खुद ही दी है. वैसे, नयनतारा के इस प्रोजेक्ट से जुड़ने की खबरें कई दिनों से मीडिया में है. मगर तब वैरायटी इंडिया ने उन्हें फेक न्यूज बता दिया था. अब मेकर्स ने खुद ही नयनतारा के नाम पर मुहर लगा दी है.
नयनतारा 'श्रीराम राज्यम', 'चंद्रमुखी' और 'बिल्ला' जैसी फिल्में कर चुकी हैं. वो शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर मूवी 'जवान' में भी नजर आई थीं. इसलिए सलमान के साथ उनकी फ्रेश पेयरिंग ने दर्शकों को एक्साइटेड कर दिया है. साथ ही लंबे समय बाद किसी फिल्म में सलमान के साथ एज अप्रोप्रिएट लीडिंग लेडी को कास्ट किया गया है. खबर है कि मेकर्स सलमान और नयनतारा के अलावा अनिल कपूर और अरविंद स्वामी को भी फिल्म से जोड़ सकते हैं. अरविंद को 'रोजा' और 'मियागन' जैसी मूवीज़ के लिए जाना जाता है. लेकिन उनकी कास्टिंग पर अबतक ऑफिशियली कुछ बताया नहीं गया है.
सलमान ने 30 मार्च को अनाउंस किया था कि वो अप्रैल में वामसी और दिल राजू की SVC63 पर काम शुरू करेंगे. वामसी ने अपने करियर में ‘महर्षि’ और 'वारिसू' समेत टोटल छह फिल्में डायरेक्ट की हैं. 'महर्षि' के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड मिला था. दूसरी तरफ, दिल राजू ने 60 से ज्यादा फिल्में प्रोड्यूस की हैं. इसमें से उन्हें दो फिल्मों के लिए नेशनल अवॉर्ड मिले हैं. सलमान, वामसी और दिल राजू लंबे समय से SVC63 प्रोजेक्ट पर डिस्कशन कर रहे थे. वैसे तो सलमान को इस पैन इंडिया मूवी का आइडिया महीनों पहले ही पसंद आ गया था. मगर तब उन्होंने वामसी से फिल्म की बाउंड स्क्रिप्ट लिखकर लाने को कहा. वामसी पिछले लंबे समय से धड़ाधड़ इसका स्क्रीनप्ले लिख रहे थे. उसे पढ़ने के बाद ही सलमान ने फिल्म को ऑफिशियली अनाउंस किया है.
वीडियो: क्यों हुआ सलमान खान स्टारर 'मातृभूमि' का रीशूट? डायरेक्टर ने बताया

.webp?width=60)
