The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Salman Khan to Become a Full-Fledged Superhero for the First Time in His Career in Raj and DK Film

सलमान खान अपने करियर में पहली बार सुपरहीरो बनेंगे!

सलमान खान स्टारर राज एंड डीके की इस फिल्म को मैत्री मूवी मेकर्स प्रोड्यूस करेगी.

Advertisement
pic
5 मार्च 2026 (अपडेटेड: 5 मार्च 2026, 03:08 PM IST)
salman khan, kick, hancock, will smith,
इससे पहले सलमान 'शेर खान' में फुल फ्लेजेड सुपरहीरो बनने वाले थे.
Quick AI Highlights
Click here to view more

लंबे समय से चर्चा है कि Salman Khan, Battle of Galwan के बाद Raj Nidimoru और Krishna Dasarakothapalli के साथ काम करेंगे. Raj & DK नाम से मशहूर इस जोड़ी ने ही The Family Man और Guns & Gulaabs जैसी सीरीज़ बनाई है. खबर है कि वो सलमान के साथ एक एक्शन-कॉमेडी सुपरहीरो फिल्म बनाने जा रहे हैं. इस फिल्म का कॉन्सेप्ट कुछ हद तक Will Smith की फिल्म Hancock से मिलता-जुलता होगा. दूसरे शब्दों में कहें तो सलमान इसमें एक ऐसे सुपरहीरो के रोल में नज़र आएंगे, जो अपने काम से तंग आ चुका है.

बॉलीवुड हंगामा ने सूत्रों के हवाले से बताया,

"फिल्म में सलमान खान ऐसे सुपरहीरो बनने वाले हैं, जो दुनिया को बचाते-बचाते थक चुका है. वो अब अपना केप टांगकर रिटायर होना चाहता है. वो एक नॉर्मल और शांत ज़िंदगी जीना चाहता है. मगर हालात उसे चैन से रहने नहीं देते. बार-बार ऐसी सिचुएशन आ जाती है कि उसे दोबारा एक्शन में लौटना पड़ता है. धीरे-धीरे वो एक बड़े कॉन्फ्लिक्ट का हिस्सा बन जाता है. कुल मिलाकर, ये सुपरहीरो वाले एक्शन के साथ कॉमेडी से भरपूर फिल्म होने जा रही है."

सलमान काफ़ी पहले ही इस आइडिया पर अपनी हामी भर चुके हैं. मगर उन्हें फिल्म के बजट से दिक्कत है. आज के दौर में हाइटेक वीएफएक्स के कारण सुपरहीरो फिल्मों पर काफी पैसे खर्च होते हैं. मगर सलमान इस मूवी पर एक लिमिट तक ही पैसे खर्च करना चाहते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक,

"सलमान खान की सबसे बड़ी चिंता इस फिल्म का बजट है. उन्होंने राज एंड डीके से कहा है कि वो फिल्म की कहानी बजट को ध्यान में रखकर तैयार करें. ऐसा इसलिए क्योंकि सलमान अभी कोई बहुत महंगी सुपरहीरो फिल्म करने के मूड में नहीं हैं. डायरेक्टर जोड़ी उनकी बात को ध्यान में रखकर फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम कर रही है. इसे सलमान खान के किरदार और उनकी पर्सनैलिटी को ध्यान में रखकर लिखा जा रहा है."

रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान अप्रैल में इस सुपरहीरो फिल्म का नरेशन सुनेंगे. अगर सबकुछ सही रहा, तो इसी साल नवंबर से फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी. खबर है कि इस प्रोजेक्ट को मैत्री मूवी मेकर्स और रील लाइफ एंटरटेनमेंट मिलकर प्रोड्यूस करने वाली है. रील लाइफ, सलमान के जीजा अतुल अग्निहोत्री की कंपनी है. उन्होंने 'बॉडीगार्ड' और 'भारत' जैसी फिल्में प्रोड्यूस की हैं. दूसरी तरफ़ मैत्री को 'पुष्पा' फ्रैंचाइज़ के लिए जाना जाता है.

सलमान ने अपने करियर में अब तक फुल फ्लेजेड सुपरहीरो का किरदार कभी नहीं किया है. 2012 के आसपास वो बच्चों को ध्यान में रख 'शेर खान' पर ज़रूर काम कर रहे थे. फिल्म में वो स्पेशल पावर वाले ऐसे सुपरहीरो बनने वाले थे, जिसके पास दमदार कॉस्टयूम और लंबे लंबे बाल भी थे. ये उनके भाई सोहेल खान की फिल्म थी. मगर ये फिल्म कभी आगे बढ़ ही नहीं पाई. दूसरी दफ़ा वो 'किक' में ही सुपरहीरो कहलाने के काफ़ी करीब पहुंचे थे. मगर उस फिल्म में उनके पास कोई सुपर ह्यूमन एबिलिटी नहीं थी. देर से ही सही, अब वो राज एंड डीके की फिल्म में फुल फ्लेजेड सुपरहीरो बनने की तैयारी में हैं.

वीडियो: अब नहीं बनेगी शाहरुख खान-सलमान खान की 'टाइगर वर्सेज पठान'!

Advertisement

Advertisement

()