सलमान खान की 'टाइगर 3' की टिकटें ब्लैक में बिक रहीं, वो भी 78% ज़्यादा कीमत पर
मुंबई में Tiger 3 की भारी डिमांड को देखते हुए दिवाली वाली रात से फिल्म के मिड-नाइट शोज़ शुरू किए. और अब टिकटों की काला बाज़ारी.
.webp?width=210)
Salman Khan की Tiger 3 ने पहले दिन उम्मीद से ज़्यादा कमाई कर डाली. ये फिल्म दिवाली के दिन रिलीज़ हुई थी. उस दिन शाम और रात के शोज़ लक्ष्मी पूजन की वजह से अमूमन खाली निकलते हैं. कई सिनेमाघर तो बंद भी रहते हैं. इसलिए उम्मीद जताई जा रही थी कि फिल्म 30 से 35 करोड़ रुपए के बीच ओपनिंग ले सकती है. मगर 'टाइगर 3' ने पहले दिन 44.50 करोड़ रुपए कमा डाले. फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन रहा 94 करोड़ रुपए. अब खबर आ रही है कि फिल्म की डिमांड इतनी बढ़ गई है कि टिकट ब्लैक में बिक रहे हैं. वो भी 78 परसेंट एक्स्ट्रा कीमत पर.
सलमान खान की फिल्मों का सिंगल स्क्रीन थिएटर्स में रौला रहता है. पिछली कुछ कमज़ोर फिल्मों की वजह से उस कमाई में गिरावट भी आई थी. मगर 'टाइगर 3' से सलमान अपने रंग में लौट चुके हैं. सिंगल स्क्रीन्स हाउसफुल चल रहे हैं. कोईमोई की रिपोर्ट के मुताबिक सिंगल स्क्रीन्स में 'टाइगर 3' की इतनी भारी मांग है कि फिल्म के टिकटों की काला बाज़ारी शुरू हो चुकी है. मुंबई के गेटी गैलेक्सी समेत कई सिंगल स्क्रीन्स में 'टाइगर 3' के टिकट ब्लैक में बिक रहे हैं. जिस टिकट की असल कीमत 140 रुपए है, वो 250 रुपए और उससे ऊपर की रकम पर बेचे जा रहे हैं. अगर थोड़ा मैथ्स करें, तो पता चलता है कि ये ओरिजिनल टिकट की कीमत से 78.57 परसेंट ज़्यादा है.
दिवाली के दिन मुंबई में फिल्म की डिमांड को देखते हुए थिएटर्स को मिड-नाइट शोज़ चलाने पड़े. मिड-नाइट शोज़ यानी रात को 12 बजे से शुरू होने वाले शोज़. जो कि सुबह 3 बजे तक चलेंगे. उसके बाद 6 और 7 बजे से फिल्म के नए शोज़ शुरू हो रहे हैं. देश के कई थिएटर्स ने अडवांस बुकिंग के समय ही 'टाइगर 3' के लिए सुबह 6 और 7 बजे के शोज़ रखे थे. मगर फिल्म के प्रति पब्लिक का रेस्पॉन्स देखते हुए मुंबई में रिलीज़ वाले दिन फिल्म के देर रात के शोज़ जोड़े गए.
'टाइगर 3' ने पहले दिन दुनियाभर से 94 करोड़ रुपए की कमाई की. जो कि 2023 की पांचवीं सबसे बड़ी ओपनिंग है. वो भी फिल्मों के लिहाज से साल के सबसे कमज़ोर दिन पर. सलमान की फिल्म ने देशभर से 44.50 करोड़ रुपए कलेक्ट किए. इसमें से 43.20 करोड़ रुपए फिल्म के हिंदी वर्ज़न से आए हैं.
'टाइगर 3' में सलमान खान के साथ कटरीना कैफ, इमरान हाशमी, रेवती, विशाल जेठवा, कुमुद मिश्रा, अनंत विधात और रणवीर शौरी जैसे एक्टर्स ने काम किया है. इस फिल्म को मनीष शर्मा ने डायरेक्ट किया है.

