घायल थे सलमान, फिर भी 45 दिनों तक नहीं रोकी 'मातृभूमि' की शूटिंग
सलमान एक्शन करते हुए बेहोश नहीं होना चाहते थे. इस वजह से वो लगातार ट्रेनिंग कर रहे थे.

Salman Khan स्टारर Maatrubhumi सिनेमाघरों में अब तक रिलीज़ नहीं हो पाई. मगर इस बात से इन्कार नहीं किया जा सकता है कि उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए खूब खून-पसीना बहाया है. आर्मी ऑफिसर के किरदार में ढलने के लिए उन्होंने लो-लेवल ऑक्सीजन में ट्रेनिंग के साथ खाने में कटौती और तमाम तरह के फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन किए. वो भी तब, जब वो खुद शूटिंग के वक्त लगातार घायल रहे थे.
'मातृभूमि' के 40 परसेंट हिस्से को दोबारा शूट किया गया है. मगर इन बदलावों से पहले ये एक कॉम्बैट सेंट्रिक मूवी थी. तब इसकी कहानी पूरी तरह भारत-चीन के बीच हुए गलवान वैली हिंसक झड़प पर आधारित थी. इसलिए सलमान ने उस मूवी के लिए महीनों पहले से ट्रेनिंग शुरू कर दी थी. बॉलीवुड हंगामा ने सूत्रों के हवाले से बताया,
"सलमान खान ने मातृभूमि के लिए जबरदस्त फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन किया था. उन्होंने लद्दाख के ऊंचे इलाकों में कड़ी ट्रेनिंग की. इसमें इंटेंस एक्सरसाइज के अलावा वेट लिफ्टिंग भी शामिल थी. ये हाल के सालों में उनका सबसे कठिन फिटनेस रेजिम था, जो रोल के लिए उनके कमिटमेंट को दर्शाता है."
लद्दाख वाला शूटिंग शेड्यूल करीब 45 दिनों तक चला था. इस दौरान सलमान खुद घायल थे. उन्होंने कुछेक मौकों पर मीडिया से बात करते हुए बताया था कि उनका शरीर तब भयंकर दर्द से जूझ रहा था. सूत्र ने कहा,
"कई तरह की इंजरी से लड़ते हुए भी उन्होंने अपना काम पूरा किया. उस कंडीशन में भी इतनी इंटेंसिटी, डिसिप्लिन और पैशन के साथ ट्रेनिंग करने का काम सिर्फ सलमान खान ही कर सकते हैं."
पिछले साल जुलाई में सलमान इंडियन सुपरक्रॉस रेसिंग लीग के एक इवेंट में गए थे. वहां प्रेस ने उनसे 'मातृभूमि' (तब ‘बैटल ऑफ गलवान’) फिल्म के बारे में पूछा था. वहां सलमान ने अपना फर्स्ट हैंड एक्सपीरियंस बताते हुए कहा था कि ये मूवी उनके लिए फिजिकली डिमांडिंग थी. पहले वो सारा काम जल्दी निबटा लेते थे, मगर अब उनकी दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं. उन्होंने बताया कि वो एक्शन करते-करते बेहोश नहीं होना चाहते थे. इस वजह से वो लगातार किक-बॉक्सिंग की ट्रेनिंग कर रहे थे. इसके अलावा उन्हें करीब सात दिनों तक ठंडे पानी के अंदर भी काम करना पड़ा था.
हालांकि ये तब की बात है, जब फिल्म की इतनी काट-छांट नहीं हुई थी. अब इस पर खूब कैंची चल चुकी है. ऐसे में दर्शकों को सलमान के इस ट्रांसफॉर्मेशन और एक्शन का कितना हिस्सा स्क्रीन पर देखने को मिलेगा, कहना कठिन है. जहां तक 'मातृभूमि' की बात है, मेकर्स ने अब तक उसे सेंसर बोर्ड के पास नहीं भेजा है. न ही आर्मी या रक्षा मंत्रालय ने ही इसे एप्रूव किया है. एक बार वहां से सहमति मिल जाए, सिर्फ तभी मेकर्स फिल्म की अगली रिलीज़ डेट अनाउंस कर पाएंगे.
वीडियो: सलमान खान स्टारर 'मातृभूमि' की रिलीज फिर टली, अब क्या है वजह?

