'टाइगर 3' के लिए अब क्या शूट कर रहे हैं सलमान खान?
इन दिनों सलमान औऱ कटरीना 'टाइगर 3' के एक गाने की शूटिंग कर रहे हैं. मगर फैन्स को डर लग रहा है कि कहीं 'टाइगर 3' भी पोस्टपोन न हो जाए.

Salman Khan की Tiger 3 आने वाली है. फैन्स निराश हैं कि YRF ने अब तक फिल्म से कोई प्रमोशनल मीटिरियल रिलीज़ नहीं किया है. इसकी वजह से ये अटकलें लगने लगी हैं कि कहीं ये फिल्म भी आगे तो नहीं खिसकाई जा रही. हालांकि पिछले कुछ दिनों में 'टाइगर 3' के सेट से सलमान की कई तस्वीरें और वीडियोज़ लीक हो चुकी हैं. खबरें थीं कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है. मगर अब बताया जा रहा है कि Katrina और सलमान फिल्म के लिए एक पार्टी सॉन्ग शूट कर रहे हैं. उसके बाद फिल्म की शूटिंग का पूरा काम खत्म हो जाएगा.
boxofficeworldwide.com की रिपोर्ट के मुताबिक सलमान और कटरीना इन दिनों YRF स्टूडियो में शूटिंग कर रहे हैं. ये एक एनर्जेटिक और पार्टी वाइब वाला गाना बताया जा रहा है. इस गाने के कुछ हिस्सों शूटिंग पहले हो चुकी थी. अब बचा हुआ पार्ट फिल्माया जा रहा है. इसे बॉस्को सीज़र (Bosco Caeser) कोरियोग्राफ कर रहे हैं. सलमान के साथ पहले भी कई गाने कर चुके हैं. ये वही कोरियोग्राफर हैं, जिन्होंने 'पठान' का 'झूमे जो पठान' गाना कोरियोग्राफ किया था.
स्पाय यूनिवर्स की अगली फिल्म 'टाइगर 3' को लेकर एक और अपडेट आया है. Mark Scizak नाम के हॉलीवुड एक्शन कोरियोग्राफर को फिल्म से जोड़ा गया है. ये क्रिस्टोफर नोलन की 'डनकर्क' और 'द डार्क नाइट राइजेज़' जैसी फिल्मों पर काम कर चुके हैं. इनके अलावा तीन और एक्शन डायरेक्टर्स ने इस फिल्म पर काम कर रहे हैं. 1) सी-यूंग-ओह (ओड टु माय फादर, एवेंजर्स- एज ऑफ अल्ट्रॉन), 2) फ्रैंज स्पिलहॉस (वॉर, सम्राट पृथ्वीराज और शमशेरा), और 3) परवेज़ शेख ('रा-वन', 'एक था टाइगर', 'सुल्तान', 'बैंग बैंग').
'टाइगर 3' के सेट से कुछ फोटोज़ लीक हुई थीं. एक वीडियो में सलमान काली सूट पहने हाथ में बंदूक लिए नज़र आए थे. दूसरी लीक्ड तस्वीर एक सेट की है, जिसमें सलमान शायद ऊंचाई से कूदने का कोई सीन शूट कर रहे थे. एक छोटी सी क्लिप भी लीक हुई थी, जिसमें सलमान और शाहरुख दोनों नज़र आ रहे थे.
कई रिपोर्ट्स में बताया गया कि 15 अगस्त के आसपास 'टाइगर 3' से कुछ आ सकता है. क्योंकि 15 अगस्त को ही YRF स्पाय यूनिवर्स की पहली फिल्म 'एक था टाइगर' रिलीज़ हुई थी. मगर मेकर्स ने कोई मटीरियल रिलीज़ नहीं किया. इसके बाद से ऐसी खबरें चलने लगीं कि शायद 'टाइगर 3' को आगे खिसकाया जा सकता है. अब बताया जा रहा है कि 'टाइगर 3' का टीज़र 'जवान' के साथ अटैच किया जाएगा. देखते हैं क्या होता है!
'टाइगर 3' में सलमान खान के साथ कटरीना कैफ, इमरान हाशमी, रणवीर शौरी और कुमुद मिश्रा जैसे एक्टर्स दिखने वाले हैं. शाहरुख खान भी फिल्म में एक कैमियो करेंगे. इस फिल्म को मनीष शर्मा ने डायरेक्ट किया है. 'टाइगर 3' 10 नवंबर को दीवाली के मौके पर सिनेमाघरों में लगनी है.
वीडियो: सलमान खान की टाइगर 3 का प्लॉट IMDB पर लीक, कैटरीना कैफ के पास्ट से होगी इमरान हाशमी की वापसी

