The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Salman Khan says he is going to celebrate Diwali by watching Tiger 3 with his entire family

सबसे खराब दिन पर 'टाइगर 3' रिलीज़ करने पर सलमान बोले- "फैन्स के लिए दिवाली गिफ्ट"

Tiger 3, Salman Khan और Katrina Kaif की वो पहली फिल्म है, जो दिवाली पर रिलीज़ होगी. दिवाली के दिन सबसे ज़्यादा कमाई का रिकॉर्ड एडवांस बुकिंग से तोड़ेगी 'टाइगर 3'.

Advertisement
pic
10 नवंबर 2023 (पब्लिश्ड: 03:50 PM IST)
tiger 3, salman khan, katrina kaif,
'टाइगर 3' के एक सीन में सलमान खान.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Salman Khan की Tiger 3 दिवाली के दिन रिलीज़ हो रही है. ये Katrina Kaif और सलमान की पेयरिंग वाली पहली फिल्म है, जो दिवाली के मौके पर रिलीज़ हो रही है. मसला बस ये है कि दिवाली के दिन को फिल्मों के लिहाज से साल का सबसे कमज़ोर दिन माना जाता है. क्योंकि लक्ष्मी पूजा की वजह से शाम और रात को थिएटर्स खाली ही रहते हैं. हालांकि 'टाइगर 3' से इस रवायत को खत्म करने की पूरी तैयारी है.

इससे पहले सलमान खान की 'प्रेम रतन धन पायो' और 'बॉडीगार्ड' भी दिवाली के दिन नहीं, उस वीकेंड पर रिलीज़ हुई थीं. हालिया इंटरव्यू में सलमान ने दिवाली के दिन फिल्म रिलीज़ करने पर बात की है. उन्होंने 'टाइगर 3' के एक इंटरव्यू में कहा-

"दिवाली पर फिल्में रिलीज़ करना मेरे लिए हमेशा स्पेशल होता है. इस त्योहार से मेरी अच्छी यादें जुड़ी हुई हैं. क्योंकि दिवाली ने मुझे हमेशा गुड लक से नवाज़ा है. ये भी बड़ी कमाल बात है कि कटरीना और मेरी, पेयर के तौर पर कोई फिल्म दिवाली पर रिलीज़ नहीं हुई. 'टाइगर 3' हमारी पहली फिल्म होगी. बतौर को-स्टार्स हमने कई फिल्में की हैं, जिन्हें लोगों ने बहुत प्यार दिया है. इसलिए हम उन्हें 'टाइगर 3' के तौर पर दिवाली का बेस्ट गिफ्ट देना चाहते हैं."  

सलमान इस बातचीत में आगे जोड़ते हैं-

"दिवाली मेरे लिए हमेशा ऐसा त्योहार रहा है, जो लोगों को साथ लाता है. परिवारों को साथ लाता है. मैं भी ये दिवाली अपने परिवार के साथ मनाने वाला हूं. मैं इस दिवाली पूरी फैमिली के साथ 'टाइगर 3' देखने वाला हूं. और उम्मीद करता हूं कि बाकी लोग भी इसे अपनी पूरी फैमिली के साथ देखें और इस बिग स्क्रीन एक्सपीरियंस का मज़ा लें."

कटरीना कैफ ने दिवाली के साथ अपने कनेक्शन पर बात करते हुए कहा-

"ये दिवाली मेरे लिए ज़्यादा खास है क्योंकि हमारी फिल्म 'टाइगर 3' रिलीज़ हो रही है. ये फिल्म बुराई के ऊपर अच्छाई की जीत के बारे में है. ये सलमान के साथ मेरी पहली फिल्म है, जो दिवाली के मौके पर रिलीज़ हो रही है. सलमान और मैं चाहते हैं कि अपनी फिल्म से आप सबको बहुत एंटरटेन करें. और इस दिवाली आपकी खुशी और उत्साह में भारी इजाफा करें." 

दिवाली के दिन फिल्में अच्छा परफॉर्म नहीं करतीं. इतिहास इसका गवाह है. बावजूद इसके यशराज फिल्म्स ने 'टाइगर 3' को उसी दिन रिलीज़ करना चुना. उन्होंने कुछ सोच-समझकर ही ये फैसला लिया होगा. हिंदी सिनेमा इतिहास में दिवाली के दिन सबसे ज़्यादा कमाई करने का रिकॉर्ड ऋतिक रौशन की 'कृष 3' के नाम है. इस फिल्म ने 15 करोड़ रुपए कमाए थे. उम्मीद जताई जा रही है कि सलमान की 'टाइगर 3', 'कृष 3' का ये रिकॉर्ड अपनी एडवांस बुकिंग से ही तोड़ देगी.

फिल्म की रिलीज़ में अभी दो दिनों का समय बाकी है. उससे पहले ही अडवांस बुकिंग से 'टाइगर 3' ने 13.20 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है. देशभर के मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन्स को मिलाकर फिल्म के पहले दिन के लिए 5 लाख टिकट अडवांस में बिक चुके हैं. इनमें से 1.70 लाख टिकट देश के टॉप मल्टीप्लेक्स चेन्स PVR Inox और सिनेपोलिस में बुक हुए हैं.

'टाइगर 3' में सलमान और कटरीना के अलावा रेवती, रणवीर शौरी, विशाल जेठवा और वरिंदर सिंह ग़ुमान जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. इस फिल्म को मनीष शर्मा ने डायरेक्ट किया है. 'टाइगर 3' दिवाली के दिन 12 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है. 

Advertisement

Advertisement

()