The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Salman Khan- Raj & DK Superhero film: Kareena Kapoor in Talks to be the leading lady

सलमान खान-राज एंड डीके की सुपरहीरो फिल्म में करीना होंगी उनकी हीरोइन!

कटरीना कैफ और समांथा के भी नामों पर चर्चा थी. मगर सलमान ने खुद करीना को फोन किया.

Advertisement
pic
4 मई 2026 (पब्लिश्ड: 08:12 PM IST)
Salman Khan Superhero Film,  Kareena Kapoor
सलमान खान अपनी इस सुपरहीरो फिल्म की शूटिंग अक्टूबर-नवंबर में शुरू करेंगे.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Salman Khan, Raj & Dk की Superhero Film करने वाले हैं. सलमान की मंज़ूरी मिलने के बाद टीम ने प्री-प्रोडक्शन का काम तेज़ कर दिया है. बड़ा सवाल ये है कि इस एक्शन कॉमेडी फिल्म में फीमेल लीड कौन होंगी? मेकर्स काफ़ी समय से वो एक्टर तलाश रहे थे, जो इस फिल्म में सलमान के अपोजिट कास्ट की जा सकें. मार्च के शुरुआती हफ्ते में जब पहली बार ये ख़बर सामने आई, तब Samantha का नाम चला था. मगर कुछ दिन बाद ही Raj Nidimoru ने ये बात खारिज कर दी. लीडिंग लेडी की तलाश जारी रही और अब वो Kareena Kapoor पर आकर ख़त्म हो गई है. 

वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक मेकर्स और करीना के बीच इस फिल्म को लेकर शुरुआती दौर की बातचीत हो चुकी है. अब मामला एडवांस लेवल पर है. अगर सब कुछ ठीक रहा, तो करीना और सलमान एक बार फिर स्क्रीन पर साथ नज़र आएंगे. रिपोर्ट के मुताबिक करीना को फिल्म का कॉन्सेप्ट पसंद आया है. हालांकि अभी उन्होंने फिल्म साइन नहीं की है. मगर वो इस रोल को लेकर उत्साहित हैं. मौखिक रूप से वो इसके लिए हामी भी भर चुकी हैं. कहा जा रहा है कि बातचीत और पेपरवर्क फास्ट्रैक करने के लिए ख़ुद सलमान ने करीना से बात की है. और सलमान के साथ उनकी बॉन्डिंग देखते हुए कहा जा सकता है कि वो सलमान के आग्रह को ना नहीं कहेंगी. वैसे इंटरनेट पर कटरीना कैफ़ का नाम भी पढ़ने में आ रहा था. कुछ सोशल मीडिया पोस्ट्स के मुताबिक उन्हें भी इस रोल के लिए अप्रोच किया गया था. मगर करीना इस रेस में सबसे आगे नज़र आ रही हैं. कुछ रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया जा रहा है कि फिल्म में दो हीरोइनें हो सकती हैं. हालांकि मेकर्स ने अब तक इस बाबत कुछ नहीं कहा है.  

सलमान और करीना की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को पसंद रही है. अगर वो ये फिल्म करती हैं, तो सलमान के साथ ये उनका पांचवां कोलैबरेशन होगा. सबसे पहले सलमान और करीना ने ‘क्योंकि...’(2005) में काम किया था. फिर ‘मैं और मिसेज़ खन्ना’ (2009) में दोनों साथ आए. फिर साल 2011 में आई ‘बॉडीगार्ड’ में करीना और सलमान की जोड़ी बहुत पसंद की गई. मगर इन दोनों की सबसे हिट फिल्म रही ‘बजरंगी भाईजान’, जो 2015 में आई. सलमान की ‘दबंग 2’ में भी करीना थीं. मगर उसमें उन्होंने सिर्फ एक गाना ‘(फेविकॉल से…’) ही किया था. अगर करीना ये सुपरहीरो फिल्म करती हैं, तो दर्शक ये जोड़ी 10 साल बाद बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी. 

अब एक नज़र डालते हैं इस फिल्म के स्केल और कॉन्सेप्ट पर. 30 अप्रैल को पिंकविला ने इसके बारे में सूत्रों के हवाले से लिखा था,

“ये बड़े बजट की सुपरहीरो फिल्म है, जो ग्लोबल ऑडियंस के लिए डिज़ाइन की जा रही है. टीम ने अक्टूबर में इसकी शूटिंग शुरू करने का टार्गेट रखा है. जैसे ही पूरी तैयारी और प्री-विजुअलाइलेशन का काम ख़त्म होगा, शूट शुरू हो जाएगा."

कहा जा रहा है कि इस फिल्म में सलमान खान ऐसे सुपरहीरो बनने वाले हैं, जो दुनिया को बचाते-बचाते थक चुका है. वो अब अपना केप टांगकर रिटायर होना चाहता है. एक नॉर्मल और शांत ज़िंदगी जीना चाहता है. मगर हालात उसे चैन से रहने नहीं देते. बार-बार ऐसी सिचुएशन बन जाती है कि उसे दोबारा एक्शन में लौटना पड़ता है. धीरे-धीरे वो एक बड़े कॉन्फ्लिक्ट का हिस्सा बन जाता है. इसमें सलमान पहली बार सुपरहीरो के अवतार में नज़र आएंगे. राज एंड डीके ये फिल्म डायरेक्ट कर रहे हैं. उनकी फिल्ममेकिंग स्टाइल में एक्शन के साथ विट और शार्प ह्यूमर होता है. ‘दी फैमिली मैन’ और ‘फ़र्ज़ी’ इसके उदाहरण हैं. इस डायरेक्टर जोड़ी का रिपोर्ट कार्ड अच्छा रहा है. इसमें ‘सिटाडेल: हनी बनी’ और ‘गन्स एंड गुलाब्स’ जैसी वेब सीरीज़ का शुमार भी है. हालांकि बड़े पर्दे ये डायरेक्टर बंधु तकरीबन एक दशक बाद वापसी कर रहे हैं. साल 2017 में राज और डीके ने सिद्धार्थ मल्होत्रा और जैकलीन फर्नांडीज़ को लेकर ‘अ जेंटलमैन’ बनाई थी. ये फिल्म फ्लॉप रही थी. 

फैन्स उम्मीद कर रहे हैं कि जो बदलाव इस वक्त सलमान की फिल्मोग्राफी में आना चाहिए, वो ये फिल्म लाएगी. साथ ही उनके मुरीद वामसी पैडिपली की SVC63 से भी आस लगाए बैठे हैं. इसमें सलमान और नयनतारा पहली बार बड़े पर्दे पर साथ आएंगे. फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है. ये अगले साल ईद पर यानी मार्च के दूसरे हफ्ते में रिलीज़ होगी. वहीं, राज & डीके की इस सुपरहीरो फिल्म की शूटिंग सलमान अक्टूबर-नवंबर में शुरू करेंगे. खबरें हैं कि इसे क्रिसमस 2027 पर रिलीज़ किया जा सकता है. 

वीडियो: सलमान खान और राज एंड डीके की फिल्म कन्फर्म, पहली बार करियर में बनेंगे सुपरहीरो

Advertisement

Advertisement

()