सलमान बोले, शाहरुख के साथ ऑफ-स्क्रीन केमिस्ट्री ज़्यादा अच्छी है
Salman Khan और Shahrukh Khan ने Pathaan और Tiger 3 में स्क्रीन शेयर की है. शाहरुख खान की 'पठान' में सलमान ने कैमियो किया था और सलमान की 'टाइगर 3' में शाहरुख ने.
.webp?width=210)
सलमान खान की फिल्म 'टाइगर 3' को रिलीज़ हुए 15 दिन हो चुके हैं. मगर ये फिल्म उम्मीद के मुताबिक कमाई नहीं कर सकी. 'टाइगर 3' की कहानी भले ही लोगों को ना पसंद आई हो लेकिन इसमें शाहरुख के कैमियो ने सबका दिल जीत लिया. सिर्फ यही नहीं सलमान और शाहरुख की केमिस्ट्री को भी खूब पसंद किया गया. रिसेंटली सलमान ने शाहरुख के साथ काम करने पर बात की है.
सलमान और शाहरुख ने 'पठान' और 'टाइगर 3' में स्क्रीन शेयर की है. शाहरुख खान की 'पठान' में सलमान ने कैमियो किया था और सलमान की 'टाइगर 3' में शाहरुख ने. जब सलमान से उनकी और शाहरुख की केमेस्ट्री के बारे में पूछा गया तो ANI से बात करते हुए वो बोले,
''हमारी ऑफ स्क्रीन केमिस्ट्री, ऑन स्क्रीन केमिस्ट्री से ज़्यादा बेहतर है. जब ऑन स्क्रीन केमिस्ट्री इतनी अच्छी है तो आप समझ सकते हैं कि हमारी ऑफ स्क्रीन केमिस्ट्री कैसी होगी.''
सलमान ने एक इंटरव्यू में फैन्स क्लब पर भी बात की थी. शाहरुख और सलमान के फैन्स अक्सर सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को ट्रोल करते हैं. सलमान ने इस पर बात करते हुए कहा था कि वो उनके फैन्स से कहते रहते हैं कि शाहरुख उनके भाई हैं, इसलिए ये ट्रोलिंग वगैरह नहीं होनी चाहिए. सलमान ने कहा था,
''मैं इतना ज़्यादा सोशल मीडिया चलाता नहीं हूं, मुझे ये नेगेटिविटी और ट्रोलिंग समझ में भी नहीं आती है. जो चीज़ मुझे समझ नहीं आती उसका मुझपर कुछ खास असर भी नहीं होता और ना ही शाहरुख खान पर.''
खैर, 'टाइगर 3' की कमाई की बात करें तो 15 दिनों में ये सिर्फ 271 करोड़ रुपए का बिज़नेस कर पाई है. 44 करोड़ रुपए की ओपनिंग पाने वाली इस फिल्म ने 15वें दिन सिर्फ 6.65 करोड़ रुपए कमाए हैं. जल्द ही ये फिल्म इंडिया में 300 करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी. वहीं वर्ल्ड वाइड ये फिल्म 500 करोड़ रुपए का आंकड़ा छू लेगी. 'टाइगर 3' में सलमान के साथ कटरीना कैफ, इमरान हाशमी नज़र आए थे.
सलमान खान की अगली फिल्म पर बात करें तो वो 'द बुल' नाम की फ़िल्म करने वाले हैं. जिसे धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनाया जा रहा है. इस मूवी को विष्णुवर्धन डायरेक्ट करेंगे. जो सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी की नेशनल अवॉर्ड विनिंग फिल्म 'शेरशाह' को डायरेक्ट कर चुके हैं.
वीडियो: दी सिनेमा शो: सलमान खान ने शाहरुख से दोस्ती और यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स में आमिर की एंट्री पर क्या कहा?

