ईद पर KBKJ को मिली ईदी! दूसरे दिन की कमाई में 62% का जम्प
सलमान की फिल्म ने दूसरे दिन तगड़ी कमाई की. लेकिन असली टेस्ट मंडे को होगा.

Salman Khan की फिल्म Kisi Ka Bhai Kisi Ki Jaan को दूसरे दिन बड़ा जम्प मिला है. फिल्म को पहले दिन कमज़ोर ओपनिंग मिली थी. उसकी भरपाई फिल्म ने दूसरे दिन कर ली. ट्रेड ऐनलिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक फिल्म ने दूसरे दिन 25.75 करोड़ रुपए की कमाई की. वहीं पहले दिन ये सिर्फ 15.81 करोड़ रुपए की कमा पाई थी. दोनों दिन की कमाई मिलकर टोटल हुआ है 41.56 करोड़ रुपए. ट्रेड एक्स्पर्ट्स को उम्मीद थी कि फिल्म ईद के दिन मोमेंटम गेन करेगी. KBKJ ने ऐसा किया भी.
फिल्म को पहले दिन हिंदी बेल्ट में 13-15% की आक्युपेंसी मिली थी. दूसरे दिन ये बढ़कर 27.05% तक पहुंच गई. ‘किसी का भाई किसी की जान’ ईद रिलीज़ थी. ईद पर सलमान की फिल्मों का हमेशा से भौकाल रहा है. उस लिहाज़ से जैसी ओपनिंग फिल्म को मिली, वो मेकर्स के लिए चिंताजनक थी. तरण आदर्श ने बताया कि साल 2010 से 2023 के बीच ईद पर सलमान की 10 फिल्में रिलीज़ हुईं. उन सभी में से KBKJ कमज़ोर ओपनिंग पाने वाली दूसरी फिल्म थी. नीचे फिल्मों की लिस्ट और उनके ओपनिंग डे कलेक्शन आप पढ़ सकते हैं –
# दबंग (2010) – 14.50 करोड़ रुपए
# बॉडीगार्ड (2011) – 21.60 करोड़ रुपए
# एक था टाइगर (2012) – 32.93 करोड़ रुपए
# किक (2014) – 26.40 करोड़ रुपए
# बजरंगी भाईजान (2015) – 27.25 करोड़ रुपए
# सुल्तान (2016) – 36.54 करोड़ रुपए
# ट्यूबलाइट (2017) – 21.15 करोड़ रुपए
# रेस 3 (2018) – 29.17 करोड़ रुपए
# भारत (2019) – 42.30 करोड़ रुपए
इन सभी फिल्मों में से सबसे वीक ओपनिंग मिली थी ‘दबंग’ को. जबकि आगे चलकर ये हिट रही. वहीं सबसे स्ट्रॉन्ग ओपनिंग आई थी ‘भारत’ के हिस्से. लेकिन ये सलमान की असफल फिल्मों में जाकर जुड़ी. KBKJ के दूसरे दिन की कमाई में करीब 62% का जम्प आया है. लेकिन इसका असली टेस्ट होगा मंडे को. फिल्म को हॉलीडे रिलीज़ होने का फायदा ज़रूर मिल रहा है. लेकिन ये बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखती है या नहीं, ये 24 अप्रैल के कलेक्शन से क्लियर हो जाएगा.
‘किसी का भाई किसी जान’ एक खालिस मसाला फिल्म है. जिसका बड़ा पर्पस फैन सर्विस करना है. ये वो काम आराम से कर भी पा रही है. फिल्म के हिस्से भले ही बुरे रिव्यूज़ आ रहे हैं. मगर सलमान के फैन्स को फिल्म पसंद ही आ रही है. बता दें कि रिलीज़ से पहले इस फिल्म का नाम 2014 में आई तमिल फिल्म ‘वीरम’ से जोड़ा गया था. दोनों फिल्मों की कहानी बहुत मिलती-जुलती है. उस लॉजिक से कहा जा रहा था कि ये ‘वीरम’ का रीमेक है. हालांकि KBKJ के मेकर्स ने किसी भी पॉइंट पर नहीं कहा कि ये साउथ की फिल्म से प्रेरित है या फिर उसका रीमेक है.
वीडियो: मूवी रिव्यू: 'किसी का भाई किसी की जान'

