एटली ने 'सिकंदर' का गाना लाइक किया, सलमान के फैन्स चिढ़ गए!
Atlee और Salman Khan एक टू-हीरो फिल्म बनाने वाले थे. लेकिन फिर खबर आई कि एटली, Allu Arjun के साथ उस फिल्म को बनाने जा रहे हैं. सलमान के फैन्स का कहना है कि एटली ने सलमान के साथ धोखा किया है.

बीते कुछ महीनों से खबर उड़ रही थी कि Salman Khan और Atlee एक फिल्म बनाने जा रहे हैं. ये एक टू हीरो फिल्म बताई जा रही थी. बताया गया कि सलमान के साथ साउथ के किसी सुपरस्टार को लिया जाएगा. इस क्रम में पहले Kamal Haasan का नाम जुड़ा. फिर बात Rajinikanth पर आकर फाइनल हुई. मगर अचानक से खबर आती है कि ये फिल्म सलमान के साथ नहीं बनने वाली. पढ़ने को मिलता है कि फिल्म के प्रोड्यूसर सन पिक्चर्स, सलमान पर इतना पैसा लगाने को राज़ी नहीं हैं. उन्होंने एटली से Allu Arjun को अप्रोच करने को कहा. आखिरी अपडेट ये आया कि A6 के टाइटल से बनने वाली इस फिल्म में अब सलमान खान की जगह अल्लू अर्जुन होंगे. हालांकि सलमान या एटली ने इस पूरे मसले पर कोई कमेंट नहीं किया है. लेकिन सलमान के फैन्स लगातार एटली को ट्रोल कर रहे हैं.
04 मार्च को सलमान की फिल्म ‘सिकंदर’ का पहला गाना ‘ज़ोहरा जबीन’ रिलीज़ होने वाला है. सलमान ने अपने इंस्टाग्राम पर गाने का टीज़र शेयर किया. उसे एटली ने लाइक किया. इसके बाद सलमान के फैन्स एटली को ताना मारने लगे. एक फैन ने एटली के लाइक का स्क्रीनशॉट शेयर कर लिखा,
आप क्या करने की कोशिश कर रहे हैं, एटली? एक प्रोफेशनल की तरह पेश आइए. जिस तरह से आपने अपने अगले प्रोजेक्ट को हैंडल किया है वो बहुत अनप्रोफेशनल है.
सलमान के फैन्स ऐसा क्यों कह रहे हैं? वो लोग A6 को लेकर थ्योरी चला रहे हैं. उनका कहना है कि एटली, अल्लू अर्जुन के साथ ही ये फिल्म बनाना चाहते थे. उन्होंने बस फिल्म की हाइप बनाने के लिए सलमान के नाम का इस्तेमाल किया. मीडिया रिपोर्ट्स का कहना था कि फिल्म के बढ़ते बजट की वजह से सन पिक्चर्स, सलमान के साथ काम नहीं करना चाहते. इस पर फैन्स का कहना है कि सलमान खुद अपना प्रोडक्शन हाउस चलाते हैं, ऐसे में वो खुद भी इसे प्रोड्यूस कर सकते थे. वो बस इसी बात पर चिढ़े हुए हैं कि एटली ने अल्लू अर्जुन वाली फिल्म हासिल करने के लिए सलमान को इस्तेमाल किया. हालांकि बता दें कि ये बस इंटरनेट पर चलने वाली थ्योरीज़ हैं. इनकी पुष्टि नहीं की जा सकती.
बाकी A6 की बात करें तो कहा जा रहा है कि इसी साल अप्रैल या मई से एटली इस फिल्म के प्री-प्रोडक्शन का काम शुरू करेंगे. अल्लू अर्जुन ने भले ही फिल्म के लिए हामी भर दी लेकिन अभी पेपरवर्क होना बाकी है. दूसरी ओर सलमान की अगली फिल्म ‘सिकंदर’ ईद पर रिलीज़ होने वाली है. बताया जा रहा है कि ये 30 मार्च यानी रविवार के दिन रिलीज़ हो सकती है. सलमान की पिछली फिल्म ‘टाइगर 3’ भी रविवार को ही आई थी.
वीडियो: दी सिनेमा शो: सलमान खान और एटली वाली फिल्म होल्ड पर जाने से पहले उसमें रजनीकांत, विल स्मिथ सबका नाम जुड़ा

.webp?width=60)

