6 अप्रैल से सलमान फैन्स शुरू करेंगे, 'किसी का भाई किसी की जान' का फुल पावर प्रमोशन
आज 'किसी का भाई किसी की जान' के नए गाने 'येंतम्मा' का टीज़र रिलीज़ किया गया. ये वही 'लुंगी उठा के' वाला गाना है, जिसकी लंबे समय से चर्चा हो रही थी.
.webp?width=210)
Salman Khan की फिल्म Kisi Ka Bhai इसी महीने रिलीज़ होने वाली है. मगर फिल्म का प्रमोशन काफी ठंडा चल रहा था. एक टीज़र और दो गाने आए. उसके बाद सन्नाटा. अब खबर आ रही है कि मेकर्स फाइनली फिल्म को अग्रेसिवली प्रमोट करने जा रहे हैं. इसकी शुरुआत 6 अप्रैल से होगी. सलमान खान फैन्स के हाथों.
बॉलीवुड हंगामा में सूत्रों के हवाले से छपी खबर में बताया गया कि 6 अप्रैल को 'किसी का भाई किसी की जान' के चार नए पोस्टर्स रिलीज़ होने जा रहे हैं. ये पोस्टर्स देश के चार अलग-अलग शहरों में सलमान खान फैन क्लब्स लॉन्च करेंगे. ये शहर हैं मुंबई, दिल्ली, इंदौर और लखनऊ. अब तक फिल्म का सिर्फ एक पोस्टर लॉन्च किया गया है. जिसमें सलमान का आधा चेहरा नज़र आ रहा था. जो चार नए पोस्टर्स लॉन्च होने हैं, इसमें दो पोस्टर्स सोशल मीडिया पर ऑफिशियल लॉन्च से पहले ही फैलने शुरू हो गए हैं. क्योंकि सिनेमाघरों में इन पोस्टर्स की स्टैंडी लगी हुई है. लोग वहां से फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं. बाकी दो नए पोस्टर्स होंगे. 6 अप्रैल को ही फिल्म के ट्रेलर लॉन्च की डेट भी बताई जाएगी.
खैर, पोस्टर और ट्रेलर जब आएंगे, तब देखा जाएगा. फिलहाल, तो फिल्म से एक नए गाने का टीज़र आया है. इस गाने का नाम है- 'येंतम्मा' (Yentamma). यही वो लुंगी सॉन्ग है, जिसकी लंबे समय से बात हो रही है. इसमें सलमान के साथ वेंकटेश दिखाई देंगे. राम चरण भी इस गाने का हिस्सा बताए जा रहे हैं. 'येंतम्मा' फुल सॉन्ग 4 अप्रैल को रिलीज़ होगा. 'येंतम्मा' को पायल देव ने कंपोज़ किया है. गाने को गाया है विशाल ददलानी और पायल देव ने मिलकर. इस गाने में रफ्तार का रैप भी सुनने को मिलेगा. इस गाने से 'किसी का भाई किसी की जान' के ऑफिशियल प्रमोशन शुरू होने की बात कही जा रही है.
बीते दिनों खबर आई थी कि सलमान खान ने अपने को-स्टार्स वेंकटेश और जगतपति बाबू के इंट्रो के लिए एक्शन सीन्स तैयार करवाए हैं. इसे Anbariv की एक्शन डायरेक्टर जोड़ी ने कोरियोग्राफ किया है. ये वही एक्शन डायरेक्टर जोड़ी है, जिसने KGF 2, 'बीस्ट', 'कैथी' और 'विक्रम' जैसी ब्लॉकबस्टर साउथ इंडियन फिल्मों का एक्शन तैयार किया था. सलमान चाहते हैं कि वेंकटेश और जगतपति बाबू के इंट्रो सीन्स फुल सीटीमार होने चाहिए. ये फैसला साउथ की ऑडियंस को लुभाने के मक़सद से लिया गया लगता है. पिछले दिनों 'बाथुकम्मा' नाम का गाना भी रिलीज़ किया गया था. जिसे रवि बसरूर ने कंपोज़ किया था. ये तेलुगु सॉन्ग था, जिसमें पूजा हेगड़े नज़र आ रही थीं.
'किसी का भाई किसी की जान' से सलमान खान तीन साल के बाद लीड रोल में बड़े परदे पर दिखाई देने वाले हैं. इसलिए वो हर वो इंतज़ाम कर रहे हैं, जिससे उनके फैन्स को ये फिल्म पसंद आए. इस फिल्म में सलमान के साथ वेंकटेश, पूजा हेगड़े, भूमिका चावला, जगतपति बाबू, शहनाज़ गिल, पलक तिवारी, राघव जुयाल, जस्सी गिल और सिद्धार्थ निगम जैसे एक्टर्स नज़र आने वाले हैं. फिल्म को डायरेक्ट किया है फरहाद सामजी ने. 'किसी का भाई किसी की जान' 21 अप्रैल, 2023 को ईद के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है.
वीडियो: सलमान खान पहली बार पब्लिक प्लैटफॉर्म पर शाहरुख खान की फैमिली आर्यन, सुहाना और गौरी के साथ दिखे

.webp?width=60)

