"मम्मी पूछ रहीं क्या हुआ बेटा", सलमान के पोस्ट ने घरवालों की चिंता बढ़ाई, उन्होंने क्या सफाई दी!
SVC63 पर काम चालू होते ही सलमान लगातार ऐसे पोस्ट कर रहे हैं. इंटरनेट पर चर्चा है कि उन्होंने अपनी PR टीम बदल दी है.

Salman Khan पिछले कुछ दिनों से X पर दोबारा एक्टिव हो गए हैं. हाल ही में उन्होंने इंटरनेट पर अपनी एक शर्टलेस फोटो शेयर की, जो मिनटों में धड़ल्ले से वायरल हो गई. पर उसके वायरल होने की एक वजह फोटो के साथ लिखा गया कैप्शन भी है. सलमान ने उसमें अकेलेपन को लेकर कुछ ऐसा कहा, जिसने उनके फैंस को परेशान कर दिया. बात इतनी बढ़ी कि उन्हें एक दूसरी पोस्ट डालकर उस पर सफाई देनी पड़ गई.
17 मई को अपनी शर्टलेस फोटो शेयर करते हुए सलमान ने लिखा,
"आई, मी और मायसेल्फ. मेरे हिसाब से अपने आप रहने के दो तरीके होते हैं. अलोन और लोनली. अलोन आप अपनी पसंद से होते हैं. लेकिन लोनली तब, जब कोई आपके साथ रहना नहीं चाहता. अब इसके आगे आप खुद तय करिए कि आपको क्या करना चाहिए."

सलमान की तस्वीर ने इंटरनेट पर आग लगा दी. लोग उनकी पुरानी फोटोज़ से तुलना कर ये बताने लगे कि उन्होंने किस तरह 60 की उम्र में भी खुद को फिट रखा है. मगर उनके कैप्शन ने भी अलग चर्चा छेड़ दी. लोगों ने कहा कि वो भीड़ में अकेले हो गए हैं. कुछ ने सुझाव दिया कि उन्हें शादी कर लेनी चाहिए. इस तरह इंटरनेट पर ये पोस्ट खूब वायरल हो गया. ये देख सलमान ने अगले ही दिन बगैर फोटो के एक दूसरी पोस्ट डालते हुए लिखा,
"अरे यार, मैं अपने बारे में बात नहीं कर रहा था. मेरे पास इतना बड़ा और कमाल का परिवार व दोस्त हैं. तो फिर मैं अकेला कैसे हो सकता हूं? मैं अकेला कैसे हो सकता हूं, जब मेरे पास आप, आपकी दुआ और शुभकामनाएं हैं. मैं तो सबसे बड़ा नाशुक्रा हो जाऊंगा. कभी-कभी लोगों के साथ रहकर पक जाता हूं. इसलिए थोड़ा मी टाइम, बस. इस बार कोई फोटो नहीं. ब्रेकिंग न्यूज़ बना दिया. मम्मी पूछ रही है-'क्या हुआ बेटा?' चिल्ल मारो यार."

कहने की ज़रूरत नहीं कि उनका ये पोस्ट भी इंटरनेट पर वायरल हो गया है. हालांकि इन सभी रैंडम कैप्शन्स को देखकर लोग कह रहे कि विंटेज सलमान वापस लौट आए हैं. दरअसल, सलमान सोशल मीडिया के शुरुआती दौर से ही ट्विटर पर छोटे-छोटे कैप्शन डाला करते थे. इनमें 'Zinta's team won kya?' और 'Let it go na' जैसे पोस्ट तो आज भी वायरल होते हैं. इंटरनेट पर उनके इस तरह के ट्विट्स की लंबी-चौड़ी सीरीज़ है. लेकिन पिछले काफी समय से सलमान ऐसा अनफ़िल्टर्ड कॉन्टेन्ट पोस्ट नहीं कर रहे थे. बताया गया कि उनकी नई PR टीम ने उन्हें सोशल मीडिया पर फ़िल्टर करने की सलाह दी है.
ये सिलसिला 'मातृभूमि' की शूटिंग तक चला. लेकिन जैसे ही उन्होंने वामसी पैडिपली की SVC63 पर काम शुरू किया, इस तरह के पोस्ट दोबारा आने लगे. बताया जा रहा है कि सलमान ने अपनी PR टीम को बदल दिया है. साथ ही वो फिल्मों की स्क्रिप्ट भी खुद ही सुन रहे. अब वो अपना सोशल मीडिया खुद हैंडल कर रहे और तभी उनके ऐसे रैंडम कैप्शन दोबारा आने लगे हैं. लोगों को उनका ये अंदाज़ काफी पसंद भी आ रहा है. इसका सबसे बड़ा फायदा ये हुआ कि वो हर दूसरे दिन किसी-न-किसी पोस्ट या फोटो के कारण इंटरनेट पर चर्चा का विषय बने रहते हैं. साथ ही उनके फैंस भी उनसे पहले जैसा कनेक्शन महसूस कर पा रहे हैं.
वीडियो: SVC63 में सलमान खान रखेंगे कई अनोखे लुक्स!

