सलमान के बॉडीगार्ड को मिलती है करोड़ों की सैलरी? शाहरुख के सिक्योरिटी चीफ खोले राज
सलमान खान के बॉडीगार्ड शेरा को कितनी सैलरी मिलती है?

Shah Rukh Khan और Salman Khan जैसे सुपरस्टार्स अकेले कहीं नहीं जाते. उनके मैनेजर और बॉडीगार्ड साए की तरह हमेशा उनके साथ रहते हैं. और इसके लिए उन बॉडीगार्ड्स को करोड़ों रुपए की तनख्वाह मिलती है. कुछ जगहों पर उनकी सालाना आय 2.5 करोड़ रुपए तक भी बताई गई है. मगर ये आंकड़े सच्चाई से कोसों दूर हैं. ऐसा हम नहीं, खुद शाहरुख के पूर्व सिक्योरिटी चीफ Yaseen Khan का कहना है.
यासीन देशभर के कई बड़े सेलेब्रिटीज़ की सिक्योरिटी का जिम्मा संभाल चुके हैं. इनमें एमएस धोनी, सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली से लेकर शाहरुख खान तक के नाम शामिल हैं. यासीन 10 सालों तक शाहरुख के पर्सनल बॉडीगार्ड थे. पिछले दिनों उन्होंने हिन्दी रश चैनल को एक इंटरव्यू दिया. उसमें उन्होंने उन दावों का खंडन किया, जहां ये कहा गया था कि शाहरुख-सलमान के बॉडीगार्ड्स दो-ढाई करोड़ रुपये कमाते हैं. वो कहते हैं,
"मुझे लगता है कि सोशल मीडिया झूठी खबरें फैला देता है. ऐसा नहीं है कि लोगों को दो-ढाई करोड़ रुपये मिल रहे हैं. अगर कोई किसी बड़े स्टार का बॉडीगार्ड है, तो उसे फिक्स्ड सैलरी मिलती है. इसके अलावा, जब भी कोई फिल्म बनती है, तो एक अलग कॉन्ट्रैक्ट बनाया जाता है. फिर बॉडीगार्ड्स को प्रोड्यूसर के हिसाब से उस मूवी के लिए एक खास अमाउंट दिया जाता है."
वो आगे कहते हैं,
"मुझे नहीं लगता कि सेलेब्रिटी बॉडीगार्ड्स को सालाना इतने रुपये दिए जाते हैं. अगर कोई सेलेब्रिटी आपसी समझ के आधार पर उन्हें पैसे देता है, तो अलग बात है. मगर सैलरी इतनी ज्यादा नहीं होती. हर महीने 8-10 लाख रुपये कौन दे रहा है?"
सलमान खान के बॉडीगार्ड शेरा आज काफी जाना-पहचाना नाम बन चुके हैं. उन्होंने सालों पहले 'बॉडीगार्ड' मूवी में कैमियो किया था. दूसरी तरफ़ शाहरुख के बॉडीगार्ड रवि सिंह भी 'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में नज़र आ चुके हैं. चूंकि वो देश के दो बड़े सुपरस्टार्स से जुड़े हैं, इसलिए लोग उनकी सैलरी को लेकर तरह-तरह के अनुमान लगाते रहते हैं.
कई रिपोर्ट्स में बताया गया है कि शेरा को 2.5 करोड़, रवि सिंह को 2.7 करोड़ और अक्षय कुमार के बॉडीगार्ड श्रेयसे थेले को 1.8 करोड़ की एनुअल सैलरी मिलती है. मगर यासीन के अलावा सिक्योरिटी कंसल्टेंट यूसुफ इब्राहिम भी इससे इत्तेफाक नहीं रखते. यूसुफ, आलिया भट्ट और वरुण धवन के साथ काम कर चुके हैं. सिद्धार्थ कनन को दिए इंटरव्यू में वो बताते हैं कि शाहरुख के बॉडीगार्ड को इतने पैसे नहीं मिलते. मगर सलमान के बॉडीगार्ड शेरा के केस में ऐसा संभव है.
हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि शेरा भी ये पैसे सिक्योरिटी से नहीं, बल्कि अपने मल्टीपल बिजनेस से कमाते होंगे. एक अन्य बॉडीगार्ड ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि सेलेब्रिटीज़ अपने बॉडीगार्ड्स को बहुत अच्छा ट्रीट करते हैं. उनका मेडिकल इंश्योरेस भी करवाते हैं. मगर इसके बदले वो उन्हें करोड़ों की सैलरी नहीं देते. अब असलियत क्या है, ये तो सेलेब्रिटीज़ या उनके बॉडीगार्ड्स ही बता सकते हैं.
वीडियो: शाहरुख खान ने खुद लिखा था 'किंग' में सुनाई दिया वायरल डायलॉग

