जिस स्कार्फ से टाइगर ने 'पठान' में एंट्री ली थी, शाहरुख ने उसे अपने पास रख लिया है
'पठान' के बाद फिर साथ आए सलमान-शाहरुख, लेकिन किसी फिल्म के लिए नहीं.

Pathaan का सेकंड हाफ. शाहरुख का किरदार एक ट्रेन में है. गुंडों से लड़ रहा है. घिर जाता है. तभी फटती है ट्रेन की छत. स्कार्फ लटकता है. सिनेमाघर का माहौल धुआं-धुआं. सीटी, ताली, चिल्लाने की आवाज़ से बाकी सब दब गया. ‘पठान’ को उसका सबसे हाई पॉइंट देने वाला बंदा आ चुका था. सलमान खान. एक हाथ में सिपर पकड़े टाइगर कैसे लड़ रहा है, इससे किसी को मतलब नहीं. सब शाहरुख और सलमान की केमिस्ट्री एन्जॉय कर रहे थे. ‘पठान’ फिल्म के बाद दोनों फिर साथ आए हैं. किसी फिल्म के लिए नहीं. दोनों ने ‘पठान’ के ऊपर एक मिला-जुला, लंबा चौड़ा स्टेटमेंट रिलीज़ किया है.
सलमान ने कहा,
मुझे और शाहरुख खान को बड़े परदे पर फिर साथ आने के लिए एक स्पेशल फिल्म की ज़रूरत थी. मुझे खुशी है कि ‘पठान’ वो फिल्म बनी. जब हमने ‘करण अर्जुन’ की तो वो ब्लॉकबस्टर हुई. और अब ‘पठान’ भी ब्लॉकबस्टर बन गई. मुझे पता है कि ऑडियंस हमें बड़ी स्क्रीन पर देखना चाहती है और मैं खुश हूं कि लोगों ने हमें इतना प्यार दिया. जब आदि (आदित्य चोपड़ा) ने मुझे फिल्म का सीक्वेंस बताया तो मैं उत्साहित हो गया.
सलमान ने आगे कहा कि आदित्य चोपड़ा एक बात को लेकर क्लियर थे, कि दोनों एक्टर्स के फैन्स को वो देना जो वो चाहते हैं. बताया कि जिस तरह से सिद्धार्थ आनंद ने वो सीन शूट किया, वो कमाल का था. सलमान आगे कहते हैं कि वो शाहरुख खान और YRF के लिए खुश हैं. ये इंडियन सिनेमा के लिए बड़ी जीत है. शाहरुख ने अपने हिस्से का बयान दर्ज करवाया. कहा,
विश्वास कीजिए जब मैं कहता हूं कि मैं और सलमान हमेशा से साथ काम करना चाहते थे. बस सही कहानी और सही फिल्म का इंतज़ार था. क्योंकि हम जानते थे कि हमें साथ देखने के लिए लोगों में ज़बरदस्त उत्साह होगा. अगर हम ऑडियंस की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाते, तो उन्हें बुरा लगता. मतलब फैन्स का सवाल है, छोटी स्क्रिप्ट पे नहीं छोड़ सकते.
शाहरुख बताते हैं कि जब आदित्य चोपड़ा ने उन्हें YRF स्पाई यूनिवर्स का आइडिया बताया, टाइगर और पठान को साथ लाने की बात बताई. मैं तुरंत मान गया. शाहरुख ने आगे कहा कि उन्हें सलमान के साथ सेट पर काफी मज़ा आया. उन्होंने सलमान के साथ स्क्रीन पर आना मिस किया है. रही बात टाइगर के उस स्कार्फ की, तो वो उन्होंने याद के तौर पर रख लिया.
‘पठान’ की रिलीज़ से पहले अनुमान लगाया जा रहा था कि सलमान और ऋतिक दोनों फिल्म में नज़र आएंगे. ऋतिक अपने इंटरव्यूज़ में इस सवाल पर इधर-उधर के जवाब देते. वहीं सलमान ने सीधा पूरा फर्रा लीक कर डाला था. बताया कि वो और शाहरुख पहले तो ‘पठान’ में नज़र आएंगे. उसके बाद ‘टाइगर 3’ में भी दोनों की केमिस्ट्री दिखेगी. ‘पठान’ में एक सीन भी है, जहां शाहरुख का किरदार वादा करता है कि जब भी टाइगर को उसकी ज़रूरत होगी, वो आएगा. ये ऑफिशियल कंफर्मेशन था कि ‘टाइगर 3’ में भी दोनों दिखेंगे.
वीडियो: सलमान खान और शाहरुख खान के पठान वाले पोस्ट क्रेडिट सीन की कहानी बहुत मज़ेदार है

