"सलमान खान सुपरस्टार नहीं है" - सलमान खान
'टाइगर 3' की रिलीज़ के बाद सलमान लगातार इंटरव्यूज़ दे रहे हैं. ऐसे ही एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ और स्टारडम पर बात की.

Salman Khan की Tiger 3 को बड़ी ओपनिंग मिली. उसके बाद अगले तीन दिनों तक कमाई का ये सिलसिला जारी रहा. लेकिन फिर फिल्म की कमाई ड्रॉप होने लगी. कुछ ट्रेड रिपोर्ट्स ने क्रिकेट वर्ल्ड कप को इसकी वजह बताया तो कुछ का कहना था कि फिल्म को कमज़ोर वर्ड ऑफ माउथ मिल रहा है. हालांकि सलमान का कहना है कि वर्ल्ड कप के क्रेज़ के बावजूद ‘टाइगर 3’ ने सही कमाई दर्ज की है. फिल्म की रिलीज़ से पहले वो ग्राउंड पर उतरकर प्रमोशन नहीं कर रहे थे. अब सीन ऐसा है कि धड़ाधड़ इंटरव्यूज़ दिए जा रहे हैं. हाल ही में उन्होंने इंडिया टुडे से बात की. वहां उनसे उनके नाम के साथ लगे सुपरस्टार के टैग के बारे में पूछा गया. सलमान का कहना था कि वो खुद को सुपरस्टार नहीं मानते. उन्होंने कहा,
मुझे कभी ऐसा नहीं लगा. मुझे कभी भी सुपरस्टार जैसा नहीं लगा. मेरी आदतें भी किसी सुपरस्टार जैसी नहीं हैं. मैं जिस तरह ट्रैवल करता हूं, जैस कपड़े पहनता हूं, वो किसी भी तरह से सुपरस्टार वाला नहीं है. मेरा दिमाग उस तरह से काम नहीं करता. मेरे बारे में कुछ भी सुपरस्टारी नहीं. कुछ भी नहीं. मुझे नहीं लगता कि सलमान खान सुपरस्टार है. ये सब बकवास है. मैंने कभी ऐसा महसूस नहीं किया. मैं बस सुबह उठकर, अपनी कॉफी पीकर दिन शुरू करने में खुश हूं. मैं बस अपना बेस्ट करना चाहता हूं.
सलमान मीडिया से सिर्फ फिल्मों को लेकर ही बात करते हैं. अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर बात करने में एहतियात बरतते हैं. हालांकि इंडिया टुडे से हुई बातचीत में उन्होंने अपने पर्सनल रूटीन पर बात की. उन्होंने बताया,
पिछले 25-26 सालों से मैं घर से बाहर खाना खाने के लिए नहीं गया हूं. शायद उससे भी ज़्यादा समय हो गया. जब मुझे शूट करना होता है तभी ट्रैवल करता हूं. मैं तभी बाहर जाता हूं जब मुझे अपने लॉन में बैठना होता है या फार्म जाना होता है. मेरा ट्रैवल घर, शूट, होटल, एयरपोर्ट, लोकेशन, फिर से घर और फिर जिम तक ही होता है. बस इतना ही. मैं अपने परिवार से ज़्यादा समय अपने स्टाफ के साथ बिताता हूं. घर से बाहर निकलने के नाम पर मैं काभी बस अपनी मां के साथ पास के रेस्टोरेंट में चला जाता हूं. या हम काभी कॉफी पी लेते हैं. बस इतना ही.
सलमान ने इसी इंटरव्यू में बताया कि उन्हें ‘एक था टाइगर’ कैसे ऑफर हुई थी. उनका कहना था कि दोपहर 2:30 बजे उनके फर्म हाउस पर उन्हें फिल्म नैरेट की गई. सलमान ने पहले सिनॉप्सिस सुना. उसके बाद पूरी स्क्रिप्ट सुनी. उन्हें लगा कि ये अच्छी फिल्म है और यही सोचकर फिल्म साइन कर ली.
वीडियो: सलमान खान के वायरल वीडियो में बॉडीगार्ड ने फैन को रस्ते से अलग किया, लोगों ने बेवजह हल्ला काट दिया!

