The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Ronnie Screwvala tweets about Pathaan and Dangal collections and then deletes it

'पठान' पर तंज करते प्रोड्यूसर ने लिखा, '''दंगल' सबसे कमाऊ हिंदी फिल्म, आगे भी रहेगी'', फिर डिलीट किया

तरण आदर्श को जवाब देने वाले इस ट्वीट को रॉनी स्क्रूवाला ने फटाक से डिलीट तो कर दिया, मगर स्क्रीनशॉट पकड़ा गया.

Advertisement
pathaan, dangal, ronnie screwvala
'पठान' के एक सीन में शाहरुख. प्रो-कबड्डी लीग के दौरान आमिर खान के साथ रॉनी स्क्रूवाला.
pic
श्वेतांक
9 फ़रवरी 2023 (अपडेटेड: 9 फ़रवरी 2023, 09:07 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

प्रोड्यूसर हैं Ronnie Screwvala. कई ब्लॉकबस्टर और क्रिटकली अक्लेम्ड फिल्में प्रोड्यूस कर चुके हैं. मसलन, 'स्वदेस', 'रंग दे बसंती', 'द नेमसेक', 'फैशन', 'पान सिंह तोमर', 'बर्फी' और 'चेन्नई एक्सप्रेस' समेत पचासों फिल्में. फिलहाल RSVP नाम की प्रोडक्शन कंपनी चलाते हैं. रॉनी अचानक से Pathaan पर किए एक ट्वीट की वजह से खबरों में आ गए. हालांकि फटाक से वो ट्वीट डिलीट भी कर दिया, मगर तब तक वो स्क्रीनशॉट नाम की टेक्नोलॉजी के शिकार हो चुके थे. रॉनी ने लिखा था कि 'पठान', Aamir Khan की Dangal को नहीं पछाड़ सकती.  

तरण आदर्श ने ट्वीट कर 'पठान' का कलेक्शन बताया. लिखा था कि 'पठान' KGF 2 का रिकॉर्ड तोड़कर दूसरी सबसे कमाऊ हिंदी फिल्म बन गई है. अब उससे आगे सिर्फ 'बाहुबली-2' है. तरण के इस ट्वीट को कोट करते हुए रॉनी स्क्रूवाला ने लिखा-

Embed

pathaan collection, ronnie screwvala
रॉनी स्क्रूवाला के डिलीट किए ट्वीट का स्क्रीनशॉट.

रॉनी स्क्रूवाला की बात ठीक है. मगर लोगों को ये बात समझ नहीं आई कि 'पठान' पर रॉनी ने इस तरह का ट्वीट क्यों किया. जबकि वो शाहरुख के साथ 'स्वदेस' और 'चेन्नई एक्सप्रेस' जैसी फिल्मों पर काम कर चुके हैं. प्लस 'पठान' वो फिल्म है, जिसे हिंदी इंडस्ट्री को रिवाइव करने का काम किया है. कॉन्सपिरेसी थ्योरीज़ चलनी शुरू हो गईं. सोशल मीडिया पर फैंस लिखने लगे कि रॉनी के इस ट्वीट के पीछे कई वजहें हो सकती हैं. पहली बात तो कि वो राकेश शर्मा की बायोपिक 'सारे जहां से अच्छा' बनाने वाले थे, जिसमें शाहरुख लीड रोल करने वाले थे. मगर शाहरुख ने वो पिक्चर छोड़ दी. फिर उसके साथ आमिर का नाम जुड़ा. मगर किन्हीं वजहों से वो फिल्म नहीं बन सकी. शायद इसलिए रॉनी और शाहरुख के संबंधों में खटास आ गई हो.    

दूसरी वजह ये बताई जा रही है कि आमिर खान की दंगल को UTV ने ही प्रोड्यूस किया था, जिसके मालिक रॉनी स्क्रूवाला थे. इसलिए शायद वो अपनी फिल्म को डिफेंड कर रहे थे. हालांकि अब UTV, द वॉल्ट डिज़्नी कंपनी का हिस्सा है. रॉनी RSVP नाम की नई प्रोडक्शन कंपनी शुरू कर चुके हैं. इस कंपनी के तहत वो ‘उड़ी- द सर्जिकल स्ट्राइक’, ‘केदारनाथ’, ‘रश्मि रॉकेट’ और ‘धमाका’ जैसी फिल्में प्रोड्यूस कर चुके हैं. 

Embed

अब तथ्यों की बात कर लेते हैं. रॉनी स्क्रूवाला जो कह रहे हैं, वो फैक्चुअली ठीक है. 'पठान' ने 'दंगल' के इंडिया कलेक्शन को पीछे छोड़ा है. आमिर खान की 'दंगल' ने देशभर से 387 करोड़ रुपए कमाए थे. 'पठान' का कलेक्शन 440 करोड़ रुपए के आसपास पहुंच चुका है. ऐसा करने के साथ 'पठान' 400 करोड़ रुपए की कमाई करने वाली पहली ओरिजिनल हिंदी फिल्म बन गई है. मगर वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में शाहरुख खान की फिल्म 'दंगल' से मीलों पीछे है. आमिर खान की 'दंगल' ने दुनियाभर से 1900 करोड़ रुपए से ऊपर की कमाई की थी. इस फिल्म ने अकेले चाइना से 1200 करोड़ रुपए से ज़्यादा कलेक्शन किया था. हालांकि 'पठान' बिना चाइना में रिलीज़ हुए 900 करोड़ रुपए के पास पहुंच चुकी है. मगर ये उम्मीद न के बराबर है कि 'पठान', 'दंगल' के वर्ल्डवाइड कलेक्शन के आसपास भी पहुंच पाएगी.

इसीलिए रॉनी स्क्रूवाला ने अपने ट्वीट में लिखा था कि 'दंगल' सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म है. और वो हाइएस्ट ग्रोसिंग फिल्म बनी रहेगी. मगर ये समझ नहीं आया कि रॉनी ने अपना ट्वीट डिलीट क्यों किया? 

वीडियो: 'पठान' के बाद YRF स्पाई यूनिवर्स की फिल्मों में होगी हर किरदार की बैकस्टोरी

Advertisement

Advertisement

()