रितेश देशमुख की 'राजा शिवाजी' की वीकेंड पर धुआंधार कमाई की मगर...
राजा शिवाजी ने भले मराठी सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग हासिल कर ली हो. मगर इसे हिट का तमगा पाने के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ेगी. ऐसा क्यों?

Riteish Deshmukh की Raja Shivaji बॉक्स ऑफिस पर लगातार अच्छा कलेक्शन कर रही. 01 मई को रिकॉर्ड ओपनिंग लेने वाली ये मूवी पहले वीकेंड तक 40 करोड़ रुपये से अधिक कमा चुकी है. इस कलेक्शन में ज़्यादा योगदान मराठी ऑडियंस का है. हिन्दी पट्टी में फिल्म को ठीक-ठाक रिस्पॉन्स ही मिला.
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, 'राजा शिवाजी' ने पहले दिन 11.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. इससे पहले सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड 'सैराट' और 'टाइमपास 2' के नाम पर था. दोनों ही फिल्मों ने पहले दिन 3.60 करोड़ रुपये कमाए थे. इस हिसाब से देखें तो रितेश देशमुख की फिल्म ने उनसे तीन गुना अधिक कमाई की है. इसमें से 8 करोड़ रुपये मराठी और 3.35 करोड़ रुपये हिन्दी वर्जन से आए हैं.
रिलीज़ के दूसरे दिन फिल्म ने 10.55 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसमें मराठी से 7.15 करोड़ और हिन्दी से 3.4 करोड़ रुपये आए हैं. रविवार को मूवी ने मराठी वर्जन में 7.75 करोड़ और हिन्दी में 4.25 करोड़ रुपये कमाए. इस तरह रिलीज़ के तीसरे दिन फिल्म ने 12 करोड़ रुपये छाप दिए. हल्के-फुल्के उतार-चढ़ाव को हटा दें तो फिल्म की कमाई की रफ्तार बरकरार है. पहला वीकेंड बीतने तक 'राजा शिवाजी' ने भारत में नेट 33.90 करोड़ रुपये कमा लिए. ग्रॉस कलेक्शन जोड़ने पर ये आंकड़ा बढ़कर 40.34 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है.
'राजा शिवाजी' ने मराठी बेल्ट में खूब पैसे छापे हैं. वहां इसने अब तक टोटल 22.9 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. हिन्दी पट्टी में ये अब तक 11 करोड़ रुपए कमा चुकी है. अगर फिल्म को लंबा खेलना है, तो इसे हिन्दी वर्जन में भी अपनी गति बढ़ानी होगी. 'राजा शिवाजी' के पास हाइएस्ट ग्रॉसिंग मराठी मूवी बनने का अच्छा मौका है. फिलहाल ये रिकॉर्ड 110 करोड़ रुपये कमाने वाली 'सैराट' के नाम पर है. हालांकि फर्क ये है कि 'सैराट' केवल 4 करोड़ रुपये के बजट पर बनाई गई थी. वहीं, रितेश की फिल्म पर लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत आई है. यानी मेकर्स को प्रॉफ़िट में जाने के लिए अभी काफी पैसे कमाने हैं.
वीडियो: फिल्म रिव्यू: कैसी ही रितेश देशमुख की 'राजा शिवाजी'

