"'कुछ कुछ होता है' के लिए करण जौहर ने आज तक माफ नहीं किया"- रवीना टंडन
करण ने पिक्चर ऑफर की थी. रवीना ने कहा था कि वो काजोल से छोटा रोल नहीं कर सकतीं.

Karan Johar की डेब्यू फिल्म थी Kuch Kuch Hota Hai. सुपरफिशियल टाइप का रोमैंटिक सिनेमा था. जो उस समय तो देखने वालों को चमकीला-भड़कीला और नया लगा. मगर बीतते समय के साथ इसकी प्रासंगिकता जाती रही. आए दिन इस फिल्म से ज़्यादा इसकी मेकिंग की बातें होती रहती हैं. इसी विषय में अब Raveena Tandon ने बात की है. रवीना का कहना है कि उन्होंने 'कुछ कुछ होता है' में काम नहीं किया, इसके लिए करण जौहर ने उन्हें आज तक माफ नहीं किया है.
'कुछ कुछ होता है' की लीड स्टारकास्ट थी- शाहरुख खान और काजोल. इसके अलावा फिल्म में कई छोटे रोल्स थे, जिनमें करण बड़े स्टार्स को कास्ट करना चाहते थे. ऐसा ही एक कैरेक्टर था टीना का. करण जौहर ने इस रोल के लिए इंडस्ट्री की कई चर्चित हीरोइन्स को अप्रोच किया. मगर कोई भी ये रोल करने को तैयार नहीं हुआ. उन दस हीरोइन्स में रवीना टंडन और ऐश्वर्या राय बच्चन जैसे नाम भी शामिल थे. रवीना का मानना है कि उनके फिल्म न करने की वजह से करण जौहर उनसे आज भी नाराज हैं.
रवीना ने इस बाबत ANI के साथ हुई बातचीत में कहा-
''करण ने मुझे 'कुछ कुछ होता है' में काम न करने के लिए आज भी माफ नहीं किया है. मगर उस वक्त वो ये नहीं समझे कि काजोल मेरी कंटेंपररी थीं. हमने साथ में करियर शुरू किया था. हम दोनों लीड रोल्स कर रहे थे. इसलिए मैं 'कुछ कुछ होता है' में वो रोल नहीं कर सकती थी, जो काजोल से कमतर था. जहां मेरा रोल रानी जितना छोटा था. रानी को इस रोल से इसलिए फायदा पहुंचा क्योंकि वो नई थीं. यही बात मैंने करण को भी बताई.''
एक इवेंट के दौरान करण जौहर ने इस मामले पर बात करते हुए कहा था-
''मैंने सबको पूछा. मैं भिखारी बन चुका था उस फिल्म में. आठ हीरोइन्सऑलरेडी रानी मुखर्जी वाला रोल रिजेक्ट कर चुकी थीं. मुझे लगा अगर कोई न मिले तो मुझे खुद शॉर्ट स्कर्ट पहनकर वो रोल करना पड़ेगा. आठ लोगों ने मुझे इस फिल्म के लिए मना किया. मगर ऐश्वर्या वो इकलौती एक्ट्रेस थीं, जिन्होंने नैरेशन सुनने के बाद मुझे फोन किया था.''
फाइनली टीना का रोल रानी मुखर्जी को मिला. तब तक रानी की कोई फिल्म नहीं आई थी. मगर करण जौहर ने किसी के सुझाव पर उनकी पहली फिल्म 'राजा की आएगी बारात' के शूट हुए कुछ सीन्स देखे. उसी आधार पर उन्होंने 'कुछ कुछ होता है' में रानी मुखर्जी को कास्ट कर लिया.
इसके अलावा फिल्म में अमन वर्मा के रोल के लिए भी करण जौहर को खूब माथापच्ची करनी पड़ी थी. समस्या वही थी. रोल छोटा था. कोई हीरो नहीं करना चाहता था. सलमान खान करने को राजी हुए. मगर बहुत पैसा मांग लिया. करण ने कहा कि उनका इतना बजट नहीं है. कुछ दिनों बाद वो सलमान से दोबारा मिले. तब तक उस रोल के लिए कोई एक्टर फाइनल नहीं हुआ था. करण को हताश देख सलमान ने कहा कि वो ये फिल्म करेंगे. क्योंकि वो करण और उनके पिता को पसंद करते हैं. उन लोगों को जो ठीक लगे, वो फीस दे दें.
वीडियो: मैटिनी शो: ‘कुछ कुछ होता है’ से पहले करण जौहर को मिली थी डॉन की धमकी!

