The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Rasbhari: Upcoming web series starring Swara Bhasker and Ayushmaan Saxena directed by Nikhil Bhatt

जो 'वीरे दी वेडिंग' में स्वरा भास्कर को देखकर चौंके थे, उनकी फूंक एक बार फिर सरकने वाली है

फिल्म 'वीरे दी वेडिंग' में स्वरा के एक सीन पर खूब हंगामा बरपा था.

Advertisement
pic
27 मार्च 2019 (अपडेटेड: 28 मार्च 2019, 08:03 AM IST)
Img The Lallantop
स्वरा भास्कर स्टारर इस सीरीज़ को निखिल भट्ट ने डायरेक्ट किया है.
Quick AI Highlights
Click here to view more
स्वरा भास्कर आखिरी बार फिल्म 'वीरे दी वेडिंग' में दिखी थीं. इस फिल्म का एक सीन लोगों के गले से नीचे नहीं उतर रहा था. क्योंकि इस सीन में स्वरा का किरदार 'चरम सुख' पाने के लिए वाइब्रेटर का इस्तेमाल कर लेता है. थिएटर में ये सीन देखकर लोग चौंक गए. उन्हें पता ही नहीं लगा कि रिएक्ट कैसे करना है. इस सीन को लेकर खूब हो-हल्ला मचा. अब स्वरा अपने अगले प्रोजेक्ट के साथ लौट रही हैं. अपने कॉन्टेंट के लिए दुनियाभर में तारीफें बटोर रही इस सीरीज़ में हमारी जनता को आहत करने का भरपूर पोटेंशियल है. ये एक वेब सीरीज़ है, जिसका नाम है 'रसभरी'. इस सीरीज़ से जुड़ी इंट्रेस्टिंग बातें आप नीचे जानेंगे.
किस बारे में है ये सीरीज़?
वैसे तो रसभरी एक फल का नाम है. रसगुल्ले (सफेद छोटे रसगुल्ले) को भी इंडिया के कई हिस्सो में इसी नाम से संबोधित किया जाता है. लेकिन जब इसका इस्तेमाल एक महिला के बारे में हो रहा है, तब समझिए मामला जटिल है. ये सीरीज़ है एक इंग्लिश टीचर और उसके एक स्टूडेंट के बारे में. अंग्रेजी की टीचर हैं शानू बंसल. ग्यारहवीं में पढ़ने वाले एक स्टूडेंट से लेकर यूपी के शहर मेरठ के तमाम मर्दों का शानू पर भयानक वाला क्रश है. ये सीरीज़ उनके दीवानेपन के बारे में नहीं, उस मानसिक दीवालियापन के बारे में है, जब आपको एक महिला रसभरी लगने लगती है. इस सीरीज़ की कहानी उसी सोच पर व्यंगात्मक चोट करने के बारे में है. सुधार लाने के बारे में. ये सब कुछ घटेगा मजेदार तरीके से लेकिन साथ में कुछ राज़ खुलेंगे और थ्रिलर वाला माहौल भी बना रहेगा.
सीरीज़ के पहले पोस्टर में स्वरा भास्कर.
सीरीज़ के पहले पोस्टर में स्वरा भास्कर.

कौन-कौन काम कर रहा है?
अंग्रेजी टीचर शानू का रोल स्वरा करेंगी. स्वरा इससे पहले वूट सीरीज़ 'इट्स नॉट दैट सिंपल' के दो सीज़न में काम कर चुकी हैं. स्वरा के स्टूडेंट नंद किशोर त्यागी का रोल कर रहे हैं आयुष्मान सक्सेना. आयुष्मान फिल्म 'बॉम्बे टॉकीज़' से चर्चा में आए थे. टीवी पर आने वाले रियलिटी शो 'डांस इंडिया डांस 4' में भी दिख चुके हैं. इन दोनों के अलावा नीलू कोहली (मेड इन हेवेन, मनमर्ज़ियां), प्रद्युम्न सिंह (तेरे बिन लादेन, ब्लैकमेल) और रश्मि अग्डेकर (अंधाधुन) जैसे एक्टर्स भी काम कर रहे हैं.
शानू मैम के क्लास में बैठा नंद.
शानू मैम के क्लास में बैठा नंद. (बीचों-बीच. घड़ी वाले भाई साहब)

कौन बना रहा है?
इस सीरीज़ को बनाने वाली टीम भी मजेदार है. इसे डायरेक्ट कर रहे हैं निखिल भट्ट. निखिल इससे पहले 2009 में आई फिल्म 'सलून' और 2017 में आई नेटफ्लिक्स फिल्म 'ब्रिज मोहन अमर रहे' जैसी फिल्में लिख और डायरेक्ट कर चुके हैं. इस सीरीज़ को लिखा है शांतनु श्रीवास्तव ने. पिछले साल आई आयुष्मान खुराना की फिल्म 'बधाई हो' की कहानी और अर्जुन कपूर-सोनक्षी सिन्हा स्टारर फिल्म 'तेवर' के डायलॉग लिख चुके हैं.
लेकिन अभी इस सीरीज़ के बारे में बात क्यों हो रही है?
'रसभरी' की बात आज इसलिए हो रही है क्योंकि इसे इसी साल फरवरी के आखिरी हफ्ते में फ्रांस के 'सीरीज़ मैनिया इंटरनेशनल फेस्टिवल' के शॉर्ट फॉर्मेट कंपटीशन में चुना गया था. 2010 से चल रहे इस फेस्टिवल में चुनी जाने वाली 'रसभरी' पहली इंडियन सीरीज़ है. 26 मार्च को फ्रांस के लिल शहर में गैर-हिंदी भाषी जनता को इस सीरीज़ के शुरुआती दो एपिसोड दिखाए गए, जिसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला.
स्वरा ट्वीट

कब आ रही है?
उत्तर प्रदेश के मेरठ में बसी इस कहानी को हरियाणा में शूट किया गया है. दस एपिसोड वाली ये सीरीज़ इंडिया में कब से देखी जा सकेगी, इसे बारे में कोई जानकारी अभी आम नहीं की गई है.


वीडियो देखें: भंसाली की फिल्म को 'कुत्ता भी देखने नहीं गया' कहने के बाद सलमान और भंसाली कैसे साथ आ गए?

Advertisement

Advertisement

()