The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Ranveer Singh Wears a Jaw-Droppingly Expensive Watch in Dhurandhar 2

'धुरंधर 2' के मेकर्स ने हम्ज़ा को 25 लाख की घड़ी पहनाई, मगर पब्लिक ने पकड़ लिया!

एक घड़ी के चक्कर में आदित्य धर ने 'धुरंधर 2' का इतना बड़ा राज खोल दिया!

Advertisement
ranveer singh, dhurandhar 2,
'धुरंधर 2' 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो जाएगी.
pic
शुभांजल
10 मार्च 2026 (अपडेटेड: 10 मार्च 2026, 01:53 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

“रहमान डकैत के बाद ल्यारी का बादशाह कौन बनेगा?” Dhurandhar 2 के ट्रेलर में सुनाई दिए इस सवाल का बेहद आसान-सा जवाब है- हम्ज़ा अली मज़ारी. मगर ये बादशाहत सिर्फ़ अखबारों की हेडलाइन में नहीं, बल्कि इस किरदार के रहन-सहन पर भी साफ़ दिखाई दे रही है. इतनी कि आलम की जूस शॉप में टेबल साफ़ करने वाला हम्ज़ा, अब रोलेक्स की महंगी घड़ियां पहनने लगा है. खबर है कि Ranveer Singh ने फिल्म में एक ऐसी घड़ी पहनी है, जिसकी कीमत 25 लाख रुपये है.

'धुरंधर 2' के ट्रेलर में रणवीर के तीन बिल्कुल अलग-अलग गेटअप दिखाई देते हैं. पहले में वो जसकीरत सिंह रांगी के किरदार में हैं. ये उनकी असली पहचान है. इसमें वो काफ़ी दुबले-पतले नज़र आ रहे हैं. उन्होंने किसी सामान्य लड़के की तरह एक पूरी बाजू की टीशर्ट पहनी है. दूसरा लुक है जासूस हम्ज़ा अली मज़ारी का, जो ल्यारी में अपनी पैठ जमा रहा है. इस दौरान हमने उसे ज्यादातर पठानी कुर्ते और सलवार में देखा है. तीसरा लुक है उस हम्ज़ा के उस अवतार का, जो रहमान डकैत की मौत के बाद ल्यारी का बादशाह बन चुका है. अब उसकी पठानी कुर्ते के ऊपर महंगी जैकेट है. आंखों पर बैलेंसियागा का चश्मा, उंगलियों में महंगी अंगूठियां और हाथ में चढ़ी हुई रोलेक्स की वो घड़ी, जिसने इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींच लिया है.

Image embed

रिपोर्ट के मुताबिक, रणवीर ने फिल्म में Rolex Cosmograph Daytona Two Tone Ref. 126503 घड़ी पहनी है. ये लग्ज़री घड़ियों की दुनिया की सबसे मशहूर मॉडल्स में से एक मानी जाती है. जैसा नाम से ज़ाहिर है, इसे स्विस कंपनी रोलेक्स ने बनाया है. ये घड़ी खास तौर पर कार रेसिंग के हिसाब से डिजाइन की गई है. इसका क्रोनोग्राफ़ फीचर स्टॉपवॉच जैसा फंक्शन होता है. इससे आप रेसिंग के अंतिम सेकंड तक सटीक माप सकते हैं. घड़ी के किनारे बना टैकीमीटर बेज़ल, गाड़ी की स्पीड और दूरी के हिसाब से समय को कैलकुलेट करने में मदद करते हैं.

ये एक टू टोन घड़ी है. यानी इसके डिजाइन में ऑयस्टरस्टील और 18 कैरेट गोल्ड का कॉम्बिनेशन होता है. कुछ मॉडल्स की सूई हीरे की भी बनी हुई हैं. इससे ये घड़ी स्पोर्टी होने के साथ काफ़ी प्रीमियम भी दिखती है. चूंकि ये एक ऑटोमेटिक घड़ी है, इसलिए इसमें बैटरी की ज़रूरत नहीं होती है. ये हाथ के मूवमेंट से ही चलती है. रोलेक्स की घड़ियों को अपनी प्रीमियम क्वालिटी के अलावा मजबूती के लिए भी जाना जाता है. डेटोना सीरीज़ की भी यही खासियत है. इस वजह से इसकी रीसेल वैल्यू काफ़ी अच्छी रहती है. रणवीर वाली घड़ी की मार्केट वैल्यू फिलहाल 25 लाख रुपये है. मगर समय के साथ इसकी कीमत बढ़ भी सकती है. बता दें कि फिल्म में रणवीर ने जो चश्मा पहना है, उस पर भी खूब पैसे खर्च हुए हैं. बैलेंसियागा BB0298SA मॉडल का ये चश्मा बाज़ार में आज साढ़े 38 हज़ार रुपये से अधिक की कीमत पर बिक रहा है.

वैसे, रणवीर के हाथ में दिख रही घड़ी कहीं-न-कहीं ‘धुरंधर 2’ की टाइमलाइन के साथ उसकी एक गड़बड़ी भी दिखा देती है. पहले पार्ट में 1999 के कंधार हाईजैक से लेकर 2009 में रहमान डकैत की मौत तक की कहानी बताई गई थी. ‘धुरंधर 2' में 2009 के बाद हम्ज़ा के ल्यारी की गद्दी पर बैठने के बाद का प्लॉट दिखाया जाएगा. ऐसे में ज्यादा आसार ये है कि रोलेक्स घड़ी वाला सीन 2012-13 के आसपास का हो. मगर दिक्कत ये है कि घड़ी का ये मॉडल 2016 में मार्केट में उतारा गया था. यानी रणवीर ने फिल्म में जो घड़ी पहनी है, वो प्लॉट के हिसाब से तबतक लॉन्च ही नहीं हुई थी. लेकिन अभी हमें ठोस ढंग से ये पता नहीं कि फिल्म में वो किस साल का है. यदि आदित्य धर ने घड़ी चुनने के मामले में कोई गड़बड़ी नहीं की, तो हमें ये मानकर चलना चाहिए कि ‘धुरंधर 2’ में 2009 से 2016 तक की कहानी तो दिखाई ही जाएगी. इस दौरान मेकर्स ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राईक’ से भी कोई कनेक्शन बिठा सकते हैं. भारत ने साल 2016 में ही इस ऑपरेशन को अंजाम दिया था. 

वीडियो: 'धुरंधर 2' ने पेड़ प्रिव्यू अडवांस बुकिंग में मचाया तहलका, किस फिल्म को पछाड़ा?

Advertisement

Advertisement

()