"मुझे लंबे वक्त तक लगता था कि मेरे दिमाग में शॉर्ट सर्किट है" - रणवीर सिंह
हम में से बहुत लोगों की तरह रणवीर की भी मैथ्स से दुश्मनी रही है.

स्क्रीन पर रणवीर सिंह की लार्जर दैन लाइफ टाइप इमेज है. एनर्जी से भरे हुए. डांस नंबर से लेकर एक्शन सीन तक में जान डाल देने वाले ऐक्टर. लेकिन इस सब के पीछे उनकी एक क्रिएटिव साइड भी है. वो साइड, जो उन्हें अपने किरदारों के करीब लेकर जाती. है रणवीर ने अपने हालिया इंटरव्यू में इसी क्रिएटिव साइड के बारे में बात की. उन्होंने अपने दिमाग के दाएं और बाएं हिस्से के स्ट्रगल पर बात की. बताया कि उन्हें लंबे समय तक लगता रहा उनके दिमाग में शॉर्ट सर्किट है.
फेमिना से हुई बातचीत में रणवीर ने बताया,
मुझे लंबे समय तक लगता रहा कि मेरे दिमाग के लेफ्ट साइड में शॉर्ट सर्किट है. मैं मैथ्स और अकाउंटिंग में अच्छा नहीं था. मुझे छोटी उम्र से ही पता था कि मैं किन चीज़ों में अच्छा हूं. मेरे दिमाग का राइट साइड ज़्यादा हावी है. इसमें कोई शक नहीं. मैं हमेशा से ही आर्ट्स, ड्रामा, नाचने और गाने में रुचि रखता था. इन दोनों सब्जेक्ट्स के बीच मेरी रुचि में बहुत गहरा फर्क था.
रणवीर ने बताया कि वो हिसाब-किताब और गणित जैसी बातों से दूरी बनाकर रखते हैं. लेकिन फिल्ममेकिंग भी एक बिज़नेस है. ऐक्टर्स को अपनी फीस, फिल्मों में हुए मुनाफे, सब का ध्यान रखना पड़ता है. रणवीर इतनी सारी चीज़ें कैसे मैनेज कर पा रहे हैं, वो भी पिछले कई सालों से. रणवीर ने इस बात का साफ शब्दों में जवाब देते हुए अपने आसपास के लोगों का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा,
मूवी बिज़नेस में अपना रास्ता बनाने के लिए आपको स्मार्ट होना ज़रूरी है. सौभाग्यवश मेरे आसपास का सपोर्ट सिस्टम उस चीज़ की पूर्ति कर देता है, जो मेरे पास नहीं है. मैं एक क्रिएटिव इंसान हूं और अपने उस पक्ष को बचाकर रखता हूं. गणित लगाने वाला काम मैं अपने सपोर्ट सिस्टम पर छोड़ देता हूं. वो उसे बेहतर ढंग से संभाल सकते हैं.
रणवीर सिंह मानते हैं कि वो बस लोगों तक खुशी पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. उनकी फिल्में चलें या न चलें, वो हर मौके के लिए बस शुक्रगुज़ार हैं. उनकी पिछली तीन फिल्में, ’83’, ‘जयेशभाई जोरदार’ और ‘सर्कस’ बॉक्स ऑफिस पर कोई इम्पैक्ट नहीं छोड़ पाईं. ऐसे में उन्हें वो फिल्म चाहिए, जो उन्हें गेम में वापस ला सके. उनकी अगली फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ करण जौहर के साथ है. आलिया भट्ट, धर्मेन्द्र और शबाना आज़मी जैसे ऐक्टर्स भी कास्ट का हिस्सा हैं. 28 अप्रैल, 2023 को ये फिल्म रिलीज़ होने वाली है. ‘ऐ दिल है मुश्किल’ के करीब छह साल बाद करण जौहर की अगली फिल्म आ रही है. रणवीर और ऑडियंस, दोनों को इस फिल्म से उम्मीदें रहेंगी.
वीडियो: रणवीर सिंह की सर्कस का कलेक्शन बेहद खराब रहा, अवतार 2 से रोहित शेट्टी भी न बचा पाए

