'धुरंधर 2' ने कमाए 1600 करोड़, मगर इस पर अब भी सेंसर की कैंची चल रही?
इस बार ज्यादातर वो गालियां म्यूट हुई हैं, जो संजय दत्त के कैरेक्टर चौधरी असलं ने दी थी.

Dhurandhar के पहले पार्ट में सेंसर बोर्ड ने 7 चेंज करवाए थे. दूसरे पार्ट में ये बदलाव तीन गुना बढ़ गए. तब इसमें 21 कट्स और म्यूट्स करवाए गए थे. इन सभी काट-कूट के बाद मूवी थिएटर्स में रिलीज़ हुई और 1600 करोड़ रुपये कमा ले गई. मगर अब खबर है कि मेकर्स ने फिल्म में रिलीज़ के बाद भी कुछ एडिट्स करवाए हैं.
आपको 'धुरंधर 2' का इंटरवल से पहले वाला सीन याद ही होगा. वही सीन, जहां हम्ज़ा अली मज़ारी और पिंदा बाथरूम में मार-धाड़ कर रहे होते हैं. उस सीन में एक तीसरे शख्स भी बाथरूम में मौजूद थे. वो शख्स थे, फिल्म के डायरेक्टर ऑफ सिनेमैटोग्राफी- विकास नौलखा. मूवी रिलीज़ के पहले हफ्ते में लोगों ने बाथरूम के आईने में एक रिफ्लेक्शन को देखा. उसमें विकास कैमरा लिए सीन को शूट करते दिखाई दे रहे थे. ये आदित्य धर की वीक डिटेलिंग थी. ऐसे में जनता ने तुरंत मेकर्स का ध्यान इस ओर दिलवाया, जिन्होंने तुरंत ही अपनी गलती में सुधार कर लिया.
मगर इसके अलावा आदित्य ने मूवी में कुछ और बदलाव भी कर दिए हैं. ओरिजिनल वर्जन में सेंसर बोर्ड ने 21 चेंज करवाए थे. उनमें कई सारी मां-बहन की गालियां भी थीं. उन्हें म्यूट करने के बाद भी मूवी में कई गालियां बच गई थीं. खासकर संजय दत्त के कैरेक्टर चौधरी असलम की, जो बिना गाली के सेंटेंस शुरू ही नहीं करते थे. बॉलीवुड हंगामा ने सूत्रों के हवाले से बताया कि नए वर्जन में उनकी गालियों को कम कर दिया गया है. हम एग्जेक्ट गाली तो नहीं बताएंगे, मगर उसका प्लॉट बता देते हैं.
ऑपरेशन ल्यारी के वक्त संजय दत्त का कैरेक्टर कुछ गालियां देता है. उनमें से एक को म्यूट कर दिया गया है. राकेश बेदी का कैरेक्टर जमील जमाली पेडिक्योर करवाते हुए गाली देता है. उसे भी अब हटा दिया गया है. 'आरी आरी' गाने के ओपनिंग फाइटिंग सीक्वेंस के दौरान भी एक कैरेक्टर गालियां देता है, जिसे अब म्यूट करवा दिया गया है. इनके अलावा कुछ और गालियों पर कैंची चल गई है. एक्टर्स इस दौरान हवा में मुंह चलाते जरूर दिखते हैं, मगर उनसे कोई आवाज़ नहीं आती. इन बदलावों को जोड़ें तो हम ये मानकर चल सकते हैं कि फिल्म में कम-से-कम 25 बदलाव हो चुके हैं. लेकिन अभी ये कहना मुश्किल है कि ये नए चेंज सेंसर बोर्ड ने ही करवाए या मेकर्स ने अपनी तरफ से किए हैं.
कुलमिलाकर, आदित्य ने ये सभी चेंज करवाकर पिछले वीकेंड सिनेमाघरों को फिल्म का नया प्रिन्ट भेज दिया है. इसमें कैमरापर्सन वाली गलती सुधर चुकी है. साथ ही कुछेक गालियां भी म्यूट करवा दी गई हैं. इन सभी बदलावों के बाद भी फिल्म में अब भी काफी गाली-गलौज है. वैसे, ये पहला मौका नहीं है जब आदित्य को रिलीज़ के बाद दोबारा इस तरह का बदलाव करना पड़ा है. पहले पार्ट के थिएट्रिकल रिलीज़ के बाद बलोच समुदाय ने काफी आपत्ति जताई थी. दरअसल, तब भी संजय दत्त के कैरेक्टर ने फिल्म में बलोचियों से जुड़े आपत्तिजनक स्टेटमेंट दिए थे. मगर बलोच संगठन के कहने के बाद मेकर्स ने नए वर्जन में उसमें चेंज करवा दिए थे.
वीडियो: करण जौहर ने 'धुरंधर 2' की तारीफ में आदित्य धर को क्या कहा?

.webp?width=60)
