The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Ranveer Singh Faces Ban Over Farhan Akhtar Don 3 Exit? Actor May Not Be Able to Work in Films Now

रणवीर सिंह पर लगा बैन, फिल्मों में नहीं कर पाएंगे काम!

'डॉन 3' विवाद में FWICE का बड़ा फैसला. अब कोई डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और क्रू मेंबर्स रणवीर सिंह के साथ नहीं करेंगे काम!

Advertisement
pic
25 मई 2026 (अपडेटेड: 25 मई 2026, 07:00 PM IST)
farhan akhtar, ranveer singh, don 3,
रणवीर सिंह ने 'डॉन 3' का प्रोमो भी शूट कर लिया था. उसके बाद उन्होंने वो फिल्म छोड़ दी.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Don 3 छोड़ना Ranveer Singh के गले की फांस बन गया है. Farhan Akhtar ने फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंम्पलॉइज़ (FWICE) में इसकी शिकायत की थी. इस मामले पर सुनवाई करने के बाद FWICE ने रणवीर पर पूरी तरह बैन लगाने का फैसला किया है. फेडरेशन ने उनके रवैये पर नाराज़गी जताते हुए एक फ़रमान जारी किया, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री को उनके साथ काम न करने का निर्देश दिया गया है. जब तक रणवीर, फरहान और फेडरेशन के साथ बैठकर इस मसले का हल नहीं निकालते, तब तक उन पर ये बैन लगा रहेगा.

'धुरंधर' के बाद रणवीर 'डॉन 3' में नज़र आने वाले थे. फरहान के डायरेक्शन में फरवरी 2026 में इसकी शूटिंग शुरू होने वाली थी. मगर दिसंबर 2025 में उन्होंने खुद को इस प्रोजेक्ट से अलग कर लिया. रणवीर ने इस बात के लिए फिल्म की लचर कहानी को जिम्मेदार ठहराया. साथ ही ये आरोप भी लगाया कि फरहान उनकी जगह ऋतिक रोशन या शाहरुख खान को इस प्रोजेक्ट में लेने की सोच रहे थे. मामला बढ़ा तो फरहान की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने उनसे 45 करोड़ रुपये का हर्जाना मांगा. उनका कहना था कि फिल्म के प्री-प्रोडक्शन में काफी पैसे खर्च हुए हैं. मगर रणवीर के अचानक बाहर हो जाने से उन्हें भारी नुकसान हो गया. इसलिए वो पैसे उन्हें वापस चाहिए.  

रणवीर इस बात के लिए तैयार नहीं हुए. ऐसे में मामला प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (PGI) के पास पहुंचा. आमिर खान, सिद्धार्थ रॉय कपूर और साजिद नाडियाडवाला जैसे चर्चित प्रोड्यूसर्स लंबे समय तक ये केस सुनते रहे. बावजूद इसके, कोई ठोस नतीजा नहीं निकला. तंग आकर फरहान अपनी समस्या लेकर FWICE के पास पहुंचे. ये भारत में फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में काम करने वाले लोगों का सबसे बड़ा संस्था है. आज यानी 25 मई को FWICE के चीफ एडवाइज़र अशोक पंडित ने ‘डॉन 3’ मामले पर अपना फैसला सुनाते हुए रणवीर को फिल्म इंडस्ट्री से बैन कर दिया. 

मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के ज़रिए उन्होंने बताया कि फरहान अख्तर ने खुद उनसे शिकायत की थी. उन्होंने कहा कि FWICE के नियमों के तहत किसी भी विवाद के वक्त दोनों पक्ष से कॉन्टैक्ट किया जाता है. एक्सेल की तरफ से रितेश सिधवानी उनके ऑफिस गए थे. फरहान लंदन में थे. इसलिए वो वीडियो कॉल पर उनसे जुड़े थे. लेकिन रणवीर की तरफ से उन्हें कोई जवाब नहीं आया. उन्हें हर 10 दिन में एक बार रिमाइन्डर भेजा जाता था. नियम के तहत फेडरेशन केस से जुड़े लोगों को तीन बार रिमाइन्डर भेजता है. FWICE ने ऐसा ही किया. मगर रणवीर ने उनका कोई जवाब नहीं दिया. अशोक बताते हैं कि जब उन्होंने ये प्रेस कॉन्फ्रेंस अनाउंस की, उससे ठीक पहले रणवीर ने उन्हें एक मेल भेजा था. उसमें उन्होंने ये कहा कि 'डॉन 3' का ये विवाद FWICE के दायरे में नहीं आता. इसलिए उन्हें इस मामले में दखल नहीं देना चाहिए.

FWICE ने कहा कि जब भी कोई फिल्म बनती है, तो उससे सैकड़ों लोगों को काम मिलता है. इसलिए जब वो फिल्म बंद हो जाती है, तो नुकसान भी बहुत ज़्यादा होता है. फेडरेशन ने साफ़ शब्दों में कहा-

“कोई भी सुपरस्टार नियम से बड़ा नहीं है. इसलिए हम आज और अभी से रणवीर सिंह के खिलाफ़ नॉन को-ऑपरेशन डायरेक्टिव जारी करते हैं.”

यानी उन्होंने देश भर के प्रोड्यूसर्स से अपील की है कि वो रणवीर को अपनी फिल्म में काम न दें. साथ ही उन्होंने कैमरा, स्पॉट, साउंड, प्रोडक्शन और कॉस्टयूम जैसे तमाम तकनीकी विभाग में काम करने वाले लोगों को भी उनके साथ काम करने से मना किया है.

हालांकि, FWICE ने जानकारी दी कि प्रेस कॉन्फ्रेंस होने से कुछ समय पहले रणवीर ने उन्हें एक और मेल भेजा था. संस्था उसे कंसिडर कर रही है. लेकिन रणवीर पर तब तक बैन लगा रहेगा, जब तक ये मामला सुलझ नहीं जाता. संस्था ने स्पष्ट किया कि अगर रणवीर इस केस में अपना पक्ष रखना चाहते हैं, तो उन्हें फरहान और FWICE मेंबर्स से इन-पर्सन मिलना होगा. उसके बाद ही वो इस केस में उनका पक्ष सुना जाएगा. और दोनों पक्षों को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया जाएगा. खबर लिखे जाने तक रणवीर सिंह की तरफ से इस मामले पर कोई बयान नहीं आया है.

रणवीर की अगली फिल्म जॉम्बी-एपोक्लिप्स सब्जेक्ट पर बन रही 'प्रलय' है. 300 करोड़ के बजट वाली इस मूवी को रणवीर अपने होम प्रोडक्शन 'मां कसम फिल्म्स' के बैनर तले बनाने वाले हैं. अब इस बैन के बाद उनकी ये फिल्म आगे बढ़ती या फंसती है, ये तो वक्त ही बताएगा. 

वीडियो: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह और फरहान अख्तर भिड़े, क्या आमिर खान सुलह करा पाएंगे?

Advertisement

Advertisement

()