'धुरंधर' का रॉ एंड अनदेखा ओटीटी वर्जन देखकर पब्लिक चिढ़ क्यों गई?
थिएटर और OTT मिलाकर 'धुरंधर' फ्रैंचाइज़ के अब तक 9 वर्जन आ गए या आने वाले हैं. पब्लिक का कहना है कि मेकर्स उन्हें बेवकूफ बना रहे हैं.

Ranveer Singh स्टारर Dhurandhar 2 बीते दिनों इंटरनेशनल ऑडियंस के लिए OTT पर आ गई. हालांकि इंडिया में इसे 5 जून को रिलीज़ किया जाएगा. इसे Dhurandhar: The Revenge (Raw and Undekha) नाम दिया गया है. जैसा कि टाइटल से ज़ाहिर है, इसमें कई नए सीन्स होने की बात कही गई, जिन्हें थिएट्रिकल वर्जन में शामिल नहीं किया गया था. उनमें से कई सोशल मीडिया पर वायरल भी हुए. ये देख मेकर्स ने इंडिया में पहले पार्ट को ही दोबारा ओटीटी पर रिलीज़ कर दिया. जबकि वो काफी पहले नेटफ्लिक्स पर आ चुका है. फर्क बस ये है कि इस बार उस मूवी को Dhurandhar: Raw and Undekha नाम से बेचा गया. ये देख लोगों को उम्मीद थी कि उन्हें कुछ नए सीन्स देखने को मिलेंगे. मगर ऐसा हुआ नहीं. इस फिल्म में गालियों के अलावा कुछ भी अनदेखा-अनसुना नहीं है. ये सेम फिल्म है, जो पहले नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ की गई थी.
# ‘धुरंधर: रॉ एंड अनदेखा’ देखकर क्या बोली पब्लिक?
'धुरंधर' अब एक बहुत बड़ा ब्रांड बन चुका है. इसका अंदाजा इस बात से लगाइए कि एक ही फिल्म बेहद आसानी से दो अलग-अलग OTT प्लैटफॉर्म्स को बेच दी गई. भारत में अभी सेकेंड पार्ट डिजिटली रिलीज़ नहीं हुआ. मगर मेकर्स ने पहले पार्ट का 'रॉ एंड अनदेखा' वर्जन जरूर अपलोड कर दिया. नेटफ्लिक्स और जियो-हॉटस्टार पर लोग फिल्म में कुछ नया देखने की उम्मीद में गए. मगर दोबारा ठगे गए. ओरिजिनल फिल्म से करीब 9 मिनट छोटी इस मूवी में कोई भी अनदेखा सीन नहीं था. ये देख एक यूजर ने लिखा,
"धुरंधर पार्ट 1 (रॉ एंड अनदेखा) में केवल गालियों को अनसेंसर किया गया है. ऐसा नहीं है कि किसी को इससे ज़्यादा उम्मीद थी, लेकिन इसमें कोई एक्स्ट्रा सीन्स नहीं जोड़े गए हैं."

दूसरे ने हम्ज़ा अली मज़ारी और रहमान डकैत के कार वाले सीन की तस्वीर शेयर की. उसमें कई गालियां थीं, जो अब अन-म्यूट कर दी गई हैं. इस पर दूसरे यूजर ने लिखा,
"धुरंधर (रॉ एंड अनदेखा) इन अ नटशेल क्योंकि इसमें कोई एक्स्ट्रा रनटाइम नहीं है."

# नेटफ्लिक्स और जियो-हॉटस्टार दोनों हाथ-पैर मार रहे
'धुरंधर' का ये नया वर्जन 22 मई यानी आज नेटफ्लिक्स और जियो-हॉटस्टार, दोनों पर आ गया है. इस कारण दोनों तरफ की टीम्स ज्यादा से ज्यादा दर्शक खींचने की कोशिश में लगी हुई है. नेटफ्लिक्स के सपोर्टर कह रहे कि यदि उन्हें बिना ऐड के फिल्म देखनी है, तो लोग उनके पास आएं. वहीं जियो-हॉटस्टार वाले दावा कर रहे कि इस मूवी में वाकई बहुत कुछ नया है. केवल इसलिए ताकि लोग इसी खोज में उनकी फिल्म को देख लें. एक यूजर ने लिखा,
"थिएटर वर्जन देखकर लगा कि सब देख लिया. गलत था भाई. जियो-हॉटस्टार पर धुरंधर (रॉ एंड अनदेखा) बहुत ज्यादा ब्रूटल और इमोशनल है. ये असली एक्सपीरियंस है."

# ‘धुरंधर’ के अब तक कितने वर्जन आ गए?
इस तरह सोशल मीडिया कई कमेंट्स से भर गया है. 'धुरंधर' फ्रैंचाइज़ की हाइप इतनी ज्यादा है कि मेकर्स एक ही प्रोडक्ट को अलग-अलग पैकेजिंग के साथ बेचे जा रहे. पहले इसका फर्स्ट पार्ट सिनेमाघरों में आया और फिर OTT पर. उसके बाद दूसरा पार्ट सिनेमाघरों में रिलीज़ हो गया. 15 मई को वो फिल्म नेटफ्लिक्स पर आई. मगर केवल इंटरनेशनल ऑडियंस के लिए. वो भी सिर्फ नेटफ्लिक्स नहीं, डिज्नी-हॉटस्टार पर भी. भारत में सेकेंड पार्ट 04-05 जून को नेटफ्लिक्स और उसके दो हफ्ते बाद जियो-हॉटस्टार पर आएगा. जब ये भी कम पड़ा, तो मेकर्स ने पहले पार्ट को 'रॉ एंड अनदेखा' टैग के साथ 22 मई को दोबारा रिलीज़ कर दिया. वो भी नेटफ्लिक्स और जियो-हॉटस्टार, दोनों पर. इन सबको यदि आप ऐड करें तो थिएटर और OTT मिलाकर इस फिल्म के अब तक 9 वर्जन आ गए या आने वाले हैं. ये बात एक तरफ ये दिखाती है कि मेकर्स को इस फ्रैंचाइज़ और इसकी पॉपुलैरिटी को पूरी तरह भुनाना चाहते हैं.
वीडियो: 'धुरंधर 2' में आदित्य धर पर कौन-सा सीक्रेट लीक करने का आरोप लगा? कोर्ट ने जांच के दिए आदेश

