'MS धोनी' ने जितने पैसे छापे, उससे ज़्यादा पैसे में गांगुली पर फिल्म बनने जा रही!
सौरव गांगुली की बायोपिक से सिद्धार्थ मल्होत्रा और रणबीर कपूर के नाम जुड़ चुके हैं.

सौरव गांगुली पर बनने वाली फिल्म में उनका किरदार रणबीर कपूर निभाने वाले हैं. एक मीडिया रिपोर्ट ने इस खबर की पुष्टि की है. बताया जा रहा है कि इस फिल्म को लेकर रणबीर ही गांगुली की पसंद भी रहे हैं. रणबीर ने अब इस ट्रांज़ेक्शन को दो तरफा कर दिया है. उन्होंने फिल्म के लिए हामी भर दी है. इससे पहले मीडिया ने कई मौकों पर गांगुली ने एक्टर का नाम जानना चाहा. लेकिन वो साफ जवाब नहीं देते. बस इतना ही कहते कि फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी हो जाने के बाद ही एक्टर तय किया जाएगा.
टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक रणबीर कपूर ही सौरव गांगुली का किरदार निभाएंगे. पहले डेट्स को लेकर दिक्कत आ रही थी. मगर अब रणबीर मान गए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म की शूटिंग जल्द ही शुरू होने वाली हैं. अपने किरदार की तैयारी के लिए रणबीर शूटिंग से पहले कोलकाता जाएंगे. वहां गांगुली के घर, एडेन गार्डंस और Cricket Association of Bengal (CAB) जाकर लोगों से मिलेंगे.
गांगुली ने पहले हुई बातचीत में कहा था कि उन्हें इस फिल्म को लेकर कोई जल्दबाज़ी नहीं. वो बस चाहते हैं कि तथ्य सही तरह से दिखाए जाएं. रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि इस बायोपिक को बड़े स्केल पर बनाए जाने का प्लान है. फिल्म की लागत में 200 से 250 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे. एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म के लिहाज़ से ये बेशक बड़ा बजट है. हिंदी सिनेमा में क्रिकेट पर बनी सबसे सफल बायोपिक रही है MS Dhoni: The Untold Story. धोनी पर बनी फिल्म ने इंडिया में करीब 133 करोड़ रुपए की कमाई की. जबकि दुनियाभर में फिल्म ने करीब 215 करोड़ रुपए कमाए थे. यानी जितनी ‘धोनी’ ने कमाई की, उससे ज़्यादा पैसा गांगुली की बायोपिक पर लगने वाला है.
2019 में ये बायोपिक अनाउंस की गई थी. तब से लेकर सिद्धार्थ मल्होत्रा और ऋतिक रोशन के नाम भी फिल्म से जुड़ चुके हैं. 01 जनवरी, 2023 को सौरव गांगुली ने अपने इंस्टाग्राम पर एक टीज़र वीडियो शेयर किया था. जहां वो क्रिकेट ग्राउंड पर शॉट्स लगाते हुए दिखते हैं. वीडियो ‘कमिंग सून’ के नोट पर खत्म होता है. मुमकिन है कि ये इशारा था कि गांगुली की बायोपिक पर जल्द काम शुरू होने वाला है.
वीडियो: 'एनिमल' में रणबीर कपूर पहली बार इतना हिंसक किरदार करने वाले हैं

.webp?width=60)

