The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Ranbir Kapoor Starrer Ramayana teaser named Rama turns out to be absolutely mind-blowing

रणबीर कपूर की 'रामायण' का पहला टीजर कतई झामफाड़ निकला

'रामायण' का पहला ऑफिशियल टीजर Rama, पब्लिक की सारी शंका और शिकायतें दूर कर देगा.

Advertisement
pic
2 अप्रैल 2026 (अपडेटेड: 2 अप्रैल 2026, 01:04 PM IST)
ramayana, ranbir kapoor, rama teaser,
'रामायण' के दोनों पार्ट्स का टोटल बजट चार हजार करोड़ रुपये है.
Quick AI Highlights
Click here to view more

खूबसूरत. मनमोहक. आकर्षक. आज डिक्शनरी में शामिल ये शब्द भी Ranbir Kapoor की Ramayana को डिफाइन करने में कमतर से महसूस हो रहे हैं. कुछ देर पहले मेकर्स ने जनता को इस मूवी की एक नई झलक दिखाई है. ये टीज़र उस उम्मीद पर खरा उतरता है, जिसका वादा प्रोड्यूसर Namit Malhotra लंबे समय से कर रहे थे. कुछेक दिक्कतें ज़रूर हैं, मगर उनसे इस फ़िल्म का इम्पैक्ट कम नहीं होता. हालांकि सनद रहे कि हम जो भी कह रहे हैं, वो Nitesh Tiwari की इस फिल्म के पहले टीज़र Rama के आधार पर कह रहे हैं.

‘राम’ के इस फर्स्ट ग्लिम्प्स का मक़सद हनुमान जयंती पर रणबीर कपूर का लुक रिवील करना था. इससे पहले 'आदिपुरुष' ने जनता के एक्सपीरियन्स को काफी खराब कर दिया था. इसलिए न चाहते हुए भी इस फिल्म से लोगों ने काफी उम्मीदें पाल ली थी. देखा जाए तो उन्हें एक किस्म की घबराहट भी थी. मगर इस टीज़र ने उम्मीद से बढ़कर डिलीवर किया है. इसका हर फ्रेम आपको किसी ग्लोबल फिल्म वाली फीलिंग देता है. और म्यूजिक? कमाल. हान्स ज़िमर और एआर रहमान की जोड़ी ने आज बार को और ऊंचा कर दिया है.  

अनाउंसमेंट टीज़र की तरह इस बार भी फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक चर्चा का विषय बनने वाला है. वीडियो शुरू होने से पहले मेकर्स आपसे हेडफोन पहनने कहते हैं और इसके खत्म होने पर आपको ऐसा कहने के पीछे का मतलब समझ आता है. ‘रामायण’ का म्यूजिक आपको इस टीज़र का कंप्लीट एक्सपीरियंस देता है. साथ में ये भरोसा भी दिलाता है कि आप वाकई एक जादुई दुनिया का हिस्सा बनने वाले हैं.

टीज़र का दूसरा बड़ा हाइलाइट इसका VFX है. बता दें कि 'रामायण' के विजुअल इफेक्ट्स की जिम्मेदारी नमित मल्होत्रा की कंपनी D-NEG ने उठाई है. ये वही कंपनी है जिसने 'इंटरस्टेलर', 'इंसेप्शन' और 'ड्यून' जैसे प्रोजेक्ट्स के लिए आठ ऑस्कर जीता है. VFX के मामले में ये फिल्म कमाल लगती है. यदि शुरुआत वाले फाइटिंग सीक्वेंस और रणबीर के तूफान के बीच एंट्री वाले एक शॉट को हटा दें, तो उनके काम में काफी बारीकी और सफाई नज़र आती है. यहां कुछ शॉट्स का जिक्र करना जरूरी है. एक तो वो, जहां राजा दशरथ, राम के सर पर मुकुट रख रहे हैं. दूसरा वो, जहां रणबीर सीता स्वयंवर में धनुष उठा रहे हैं. ये मानकर चलिए कि सिनेमाघर उस सीन पर फटने वाले हैं. तीसरा शॉट टीज़र के अंत में आता है, जहां यश बतौर रावण एंट्री लेते हैं. उस सीन में पुष्पक विमान और रावण के विजुअल्स टॉप नॉच नज़र आते हैं. साथ ही आपके मन में ये इच्छा भी जगती है कि काश, आप इससे ज्यादा भी कुछ देख पाते.

मगर लोगों को सबसे ज्यादा एक्साइटमेंट इस बात की थी कि रणबीर राम के लुक में कैसे लगते हैं. AI तस्वीरों ने उनके लुक की काफी हाइप बढ़ा दी थी. साथ ही उनकी सीधी तुलना रामानन्द सागर वाली 'रामायण' में राम बने अरुण गोविल से भी होगी. इत्तेफाक से अरुण इस मूवी में राम के पिता दशरथ के रोल में हैं. फर्स्ट रिएक्शन की बात करें तो रणबीर राम की कद-काठी, मासूमियत और शांत रवैये को अच्छे से पेश करते हैं. फिर चाहे वो मासूमियत भरा सीक्वेंस हो या युद्ध वाले एक्शन सीन्स. टीज़र में रणबीर जब अपने राजसी गेटअप में एंट्री लेते हैं और लोग उन पर फूल बरसाते हैं, तो आप वाकई उस शॉट से इंप्रेस होते हैं. उनकी चाल-ढाल काफी अच्छी लगती है. मगर यहां एक बात और नोटिस करने वाली है कि रणबीर वनवास वाले भेष में राजकुमार वाले लुक से भी ज्यादा अच्छे लगे हैं.

कुल मिलाकर, इस टीज़र का ओवरऑल फ़ील काफी अच्छा है. फिल्म का सेट, प्रोडक्शन वैल्यू और सिनेमैटोग्राफी आपको लार्जर दैन लाइफ फ़ील देती है. रावण की एंट्री और उसका कवच काफी फ्रेश और कूल लगता है. इस टीजर में सिर्फ एक बात खलती है. वो है फिल्म का टैगलाइन- Our Truth. Our History. ये मामला थोड़ा डिबेटेबल है. मगर अभी मार्केट में यही चल रहा है. मेकर्स शायद उसी सेंटिमेंट को भुनाना चाहते हैं. पॉलिटिक्स को दरकिनार कर दें, तो क्राफ्ट के लिहाज से ये काफी प्रभावी टीजर है. इसने फिल्म को लेकर लोगों की एक्साइटमेंट वाकई बढ़ा दी है. बता दें कि 'रामायण' का पार्ट 1 दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 पर रिलीज़ किया जाएगा.

वीडियो: रणबीर कपूर ने राम के रोल क्यों रिजेक्ट कर दिया था?

Advertisement

Advertisement

()