'रामायण' से लोगों की भावनाएं आहत न हो, इसके लिए मेकर्स ने गज़ब जुगाड़ भिड़ाया
'रामायण' के डायरेक्टर नितेश तिवारी ने बताया कि देशभर में 300 से ज़्यादा रामायण हैं. उन्होंने किस रामायण को फॉलो कर ये फिल्म बनाई?

Ranbir Kapoor की Ramayana को Nitesh Tiwari डायरेक्ट कर रहे हैं. उन्होंने देश की हाइएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म Dangal बनाई है. यही कारण है कि लोगों को उनसे और इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं. साथ ही उन पर जाने-अनजाने लोगों की भावनाएं आहत न करने का प्रेशर भी है. मगर नितेश को अपनी फिल्म पर पक्का भरोसा है. उनका मानना है कि ‘रामायण’ देखकर लोग आहत नहीं होंगे. उनके इस भरोसे के पीछे एक बड़ी वजह है.
पिछले दिनों कोलाइडर से हुई बातचीत में नितेश ने बताया कि भारत में 300 से अधिक 'रामायण' मौजूद हैं. मगर वो अपनी फिल्म के लिए वाल्मीकि 'रामायण' को फॉलो कर रहे हैं. उन्होंने कहा,
"एक क्रिएटर के तौर पर आपको अच्छी तरह पता होता है कि क्या करना चाहिए और क्या नहीं. इसलिए गलती की गुंजाइश कम होती है. हमने भी उसी का ध्यान रखा है. जहां हमें किसी तरह का क्रिएटिव बदलाव नहीं करना था, वहां हमने वैसा कुछ नहीं किया. लेकिन जहां थोड़ी रचनात्मक आज़ादी लेकर कुछ नया किया जा सकता था, वहां हमने पूरी ईमानदारी से कोशिश की है. मैं खुद रामायण का बड़ा भक्त हूं. अगर मैं खुद की भावना आहत नहीं कर रहा, अगर मुझे अपने काम से खुशी मिल रही है- तो मुझे भरोसा है कि दर्शकों को भी ये पसंद आएगा."
बातचीत के दौरान नितेश ने बताया कि 'रामायण' में अयोध्या और लंका को भी बिल्कुल नए ढंग से दिखाया जाएगा. मगर इस कहानी को आगे बढ़ाने का काम इमोशन ही करेंगे. वो कहते हैं,
"देखिए, सबसे जरूरी चीज़ है इमोशन. रामायण असल में मूल्यों, सिद्धांतों, रिश्तों और लोगों की कहानी है. यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है. हमने उसी को केंद्र में रखा है. विज़ुअल इफेक्ट्स और बड़ा प्रेज़ेंटेशन सिर्फ इसे और सुंदर, प्रेजेंटेबल और एंगेजिंग बनाने के लिए है. ऐसा इसलिए ताकि दर्शक उसी पुरानी कहानी को एक नए अंदाज़ में देख पाएं."
कुछ दिन पहले नितेश ने यश के निभाए किरदार रावण से जुड़ी अपडेट भी दी थी. उन्होंने बताया था कि 'रामायण' में रावण को केवल विलन की तरह नहीं दिखाया जाएगा. बल्कि बतौर वॉरियर, स्कॉलर और म्यूजिशियन भी उसकी कहानी दिखाई जाएगी. ऐसा इसलिए ताकि लोगों को समझ आए कि चाहे आपमें कितना ही टैलेंट क्यों न हो, आपका अहंकार आपको हमेशा ले डूबेगा. 'रामायण' का पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 पर रिलीज़ होगा.
वीडियो: नितेश तिवारी ने खोले 'रामायण' से यश वाले रावण के राज, क्या बताया?

