The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Ramayana Teaser: Ranbir Kapoor film Glimpse Rama gets mixed reactions | Yash, Namit Malhotra

'रामायण' का टीज़र देख लोग बोले- "दिवाली तो इस साल मनेगी"

रामायण के टीज़र को मिक्स्ड रिएक्शंस मिले हैं. कुछ लोग इसकी तुलना 'वाराणसी' और 'आदिपुरष' से भी कर रहे हैं.

Advertisement
pic
2 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 06:26 PM IST)
Ramayana Teaser, Ranbir Kapoor
'रामायण' दो हिस्सों में रिलीज़ होगी. इसका पहला पार्ट दिवाली 2026 पर रिलीज़ होगा.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Ranbir Kapoor की Ramayana का Teaser देखकर पब्लिक कैसे रिएक्ट कर रही है? Salman Khan की Maatrubhumi की Release Date पर क्या अपडेट है? क्या Ajay Devgn और Om Raut Tanhaji Franchise की एक और फिल्म बनाने जा रहे हैं? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:

# 'रामायण' का टीज़र देख लोग बोले- "दिवाली तो इस साल मनेगी"

लंबे इंतज़ार के बाद आखिरकार हिंदुस्तान ने 'रामायण' की झलक देखी. एक शब्द में इसका बखान किया जाए, तो वो है अदभुत. सीता स्वयंवर. प्रभु राम का वनवास. राम रावण युद्ध... ये सब हमने पहले भी देखा है. कई बार देखा है. मगर नमित मल्होत्रा की 'रामायण' में ये दृश्य नए से लगते हैं. विहंगम, विराट, विरल लगते हैं. 2 अप्रैल को हनुमान जयंती पर जैसे ही 'रामायण' का टीज़र आया, सोशल मीडिया पर कमेंट्स का सैलाब उमड़ पड़ा. ज्यादातर लोग इसकी भव्यता की तारीफ़ कर रहे हैं. मगर कुछ लोग इससे निराश भी हैं. इसकी तुलना 'वाराणसी' और 'आदिपुरष' से भी हो रही है. चुनिंदा रिएक्शन हम यहां शेयर कर रहे हैं.

एक यूज़र ने रेडिट पर लिखा,

"भगवान राम की कहानी ऐसे ही कही जानी चाहिए. इसी भव्यता से. इतनी ही मर्यादा से. अब तक पांच बार टीज़र देख चुका हूं. फिर भी मन नहीं भरा. और वो सीन जब श्रीराम सीता स्वयंवर में धनुष उठाते हैं. रोंगटे खड़े हो गए. दिवाली तो इस साल मनेगी. सिनेमाघरों में तूफ़ान आने वाला है. ये क्या बना दिया नमित मल्होत्रा. अद्भुत है रामायण."

निधि सिंह नाम की एक यूज़र ने लिखा

"सबसे पहले तो वो राम है. रामा नहीं. टीज़र के सारे विजुअल बिखरे हुए से लगे. ये आपस में जुड़ नहीं रहे. जैसे ही वो दैत्य आता है, लगता है जैसे मैं कोई साउथ इंडियन प्लस हॉलीवुड की पीरियड मूवी का टीज़र देख रही हं. रामकथा की आत्मा महसूस नहीं हुई. ये हमारी रामायण नहीं, मॉडर्न VFX फिल्ड रामायण लगती है."

एक यूज़र ने लिखा,

"1300 करोड़ की वाराणसी की झलक 4000 करोड़ की रामायण से बेहतर थी. रणबीर और यश की फिल्म को आगे जाने के लिए बेहतर एसेट्स की ज़रूरत है."

एक यूज़र ने लिखा,

"इसे कहते हैं सिनेमा. काहे की एवेंजर्स, कौन सी अवतार. अब दुनिया भारत के महानायक को देखेगी. हमारे राम को देखेगी. जो अब तक इंडियन सिनेमा को नीचा दिखाते थे, उन सबकी बोलती बंद कर देगी रामायण."

हम याद दिला दें, कि 'रामायण' दो हिस्सों में रिलीज़ होगी. इसका पहला पार्ट दिवाली 2026 पर रिलीज़ होगा. 

# एन हैथवे की 'मदर मैरी' का ट्रेलर आया

ऐन हैथवे स्टारर 'मदर मैरी' का ट्रेलर आया है. ट्रेलर के मुताबिक फिल्म ग्लैमर वर्ल्ड से जुड़ी है. मगर इसमें पुनर्जन्म वाला एंगल भी है. धोखा, त्याग, प्रेम और षड्यंत्र भी है. मिकैला कोएल भी इसमें ज़रूरी किरदार में हैं. इसे डेविड लोवरी ने डायरेक्ट किया है. ये 24 अप्रैल को रिलीज़ होगी.

# 15 मई को रिलीज़ होगी सलमान की 'मातृभूमि'?

सलमान खान की 'मातृभूमि' के बारे में घोषणा हुई थी कि ये 17 अप्रैल को रिलीज़ होगी. मगर फिर रीशूट और इंडो-चाइना ईक्वेशंस समेत कई अड़ंगे लगे. और जिस तरह मेकर्स इस पर चुप्पी साधे हुए हैं, उसे देखकर लग रहा है कि फिल्म इस डेट पर तो रिलीज़ नहीं हो पाएगी. पढ़ने में आ रहा है कि 'मातृभूमि' 15 मई को आ सकती है. यदि ऐसा हुआ, तो इसका असर सलमान की ही और दो फिल्मों पर होगा. ये हैं 1 मई को आ रही 'राजा शिवाजी' और 8 मई को रिलीज़ हो रही 'गबरू'. रितेश देशमुख स्टारर 'राजा शिवाजी' में सलमान ने जीवाजी म्हाले का रोल किया है. और सनी देओल की 'गबरू' में भी उनका एक्सटेंडेड कैमियो बताया जा रहा है. हालांकि अभी 'मातृभूमि' की रिलीज़ डेट में बदलाव पर कोई ऑफिशियल स्टेटमेंट नहीं आया है.

# राजकुमार राव ने शुरू किया 'दादा' का शूट

सौरव गांगुली की बायोपिक 'दादा' की शूटिंग शुरू हो चुकी है. डायरेक्टर विक्रमादित्य मोटवाने ने सोशल मीडिया पर ये अपडेट दिया. इसमें सौरव का किरदार राजकुमार राव निभा रहे हैं. इसके लिए उन्होंने लेफ्ट हैंडेड बैटिंग से लेकर गांगुली का पूरा मैनरिज्म सीखने की कोशिश की है. इस फिल्म की शूटिंग दो आइकॉनिक क्रिकेट ग्राउंड्स पर भी होगी. ये हैं लंदन का लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड और कोलकाता का ईडन गार्डन्स. यहां गांगुली के करियर के आइकॉनिक मोमेंट्स शूट किए जाएंगे.

# 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' का सीक्वल बनेगा!

शाहिद कपूर और कृति सैनन स्टारर 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' का सीक्वल बनने की ख़बरें हैं. पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक सीक्वल में शाहिद और कृति तो वापसी करेंगे ही, मगर जान्हवी कपूर भी ज़रूरी किरदार निभाएंगी. फिलहाल इसकी लिखाई का काम चल रहा है, जो अगस्त में पूरा होगा. और इसकी शूटिंग 2027 की पहली तिमाही में शुरू होगी. 

# फिर हिस्टॉरिकल फिल्म बनाएंगे अजय देवगन-ओम राउत!

साल 2020 में आई 'तान्हाजी' के बाद अजय देवगन और ओम राउत एक बार फिर साथ काम करने वाले हैं. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक अजय इस फ्रैंचाइज़ को बढ़ाना चाहते हैं. और इसकी अगली फिल्म भी एक कम प्रचलित मगर मानीखेज़ काम करने वाले मराठा योद्धा पर आधारित होगी. ओम राउत ऐसी एक कहानी लेकर उनके पास पहुंचे. और अजय ने फ़ौरन सहमति दे दी. जल्द ही इसकी शूटिंग शुरू हो जाएगी.

वीडियो: अमेरिका में लॉन्च हुआ 'रामायण' का टीजर, इंटरनेशनल मीडिया ने क्यों बजाई तालियां?

Advertisement

Advertisement

()