रामायण' वालों की इस हरक़त पर भड़के लोग बोले- "आने दो दिवाली, मुगालते दूर हो जाएंगे"
'रामायण' मेकर्स ने टीजर डेट बताई, लोगों ने भद्द पीट दी.

Ranbir Kapoor स्टारर Ramayana के US Promotion का अपडेट सुन जनता भड़क क्यों गई? क्या Dhurandhar 2 ने Pathaan और Kalki 2898 AD को पछाड़ दिया है? Kartik Aaryan की Captain India की शूटिंग कब से शुरू होगी? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
# 'रामायण' के US प्रमोशन की बात से भड़क गई पब्लिक
लंबे इंतज़ार के बाद आखिरकार 'रामायण' की नई झलक की ख़बर आ ही गई. प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर बताया कि 2 अप्रैल यानी हनुमान जयंती के दिन 'रामायण' की नई झलक देखने को मिलेगी. उनकी पोस्ट के मुताबिक ये कोई टीज़र नहीं होगा. बल्कि भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर का लुक रिवील किया जाएगा. इसी के साथ फिल्म का ऑफिशियल प्रमोशन भी शुरू होने वाला है. मगर इसकी शुरुआत भारत नहीं, अमेरिका से होगी. वैरायटी इंडिया के मुताबिक डायरेक्टर नितेश तिवारी, प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और रणबीर कपूर भी इसके लिए US जाएंगे. इससे पहले फिल्म की टेस्ट स्क्रीनिंग भी सबसे पहले अमेरिकियों के लिए ही रखी गई थी. पब्लिक टीम 'रामायण' के इस रवैये से उखड़ गई है. राम नवमी जैसा दिन छोड़ कर 2 अप्रैल का दिन चुनना भी उन्हें अखर रहा है. और इसकी वजह है 2 अप्रैल को नमित मल्होत्रा का जन्मदिन होना. मेकर्स के इन दोनों फैसलों से जनता बहुत नाराज़ है. गौरव नाम के एक यूज़र ने X पर लिखा,
"हनुमान जयंती तो सिर्फ बहाना है. असल में 2 अप्रैल को नमित मल्होत्रा का जन्मदिन है. वो अपने बर्थडे को यादगार बनाना चाहते हैं. इतना सेल्फ ऑब्सेस्ड आदमी है वो."
एक यूज़र ने रेडिट पर लिखा,
"स्क्रीनिंग तुमने अमेरिका में की. प्रमोशन की शुरुआत तुम वहीं से करोगे. जब अमरीकियों को ही तवज्जो देना है, और भारतीय दर्शकों की तुम्हारी नज़र में कोई औक़ात नहीं है, तो भारत में फिल्म रिलीज़ भी मत करो. वहीं दिखाओ रामायण. उन लोगों को ही दिखाओ जो राम शब्द का उच्चारण तक नहीं कर पाते. राम को रामा बोलते हैं. जिनके लिए रामायण बस एक फैंटसी बुक है. मिथ है. रोमांच है. ये रामायण वाले उन्हें सिर पर बैठा रहे हैं. हमारे लिए रामायण हमारे भगवान की जीवनी है. हमारा इतिहास है. नमित मल्होत्रा के इस रवैये से मन ही ख़राब हो गया है. अब लग रहा है कि रामायण को दुनिया तक पहुंचाने के लिए नहीं, बल्कि दुनिया से वाहवाही लूटने के लिए ये फिल्म बनाई जा रही है."
रो टेल्स नाम के यूज़र ने लिखा,
"उन्हें वर्ल्ड लेवल पर खेलना है भाई. इंडियन ऑडियंस के सेंटिमेंट की क़द्र नहीं है उन्हें. जो भी हाइप बना था, वो सब ख़त्म होता जा रहा है."
देशभक्त नाम के यूज़र ने लिखा,
"हनुमान जयंती नहीं, नमित बाबा जयंती पर लाएंगे रामायण का टीज़र. वाह भई. इतने आत्ममुग्ध हैं आप. अब समझ आ गया, कि तुम्हारे लिए ये फिल्म सिर्फ बिज़नेस है. तुम्हारा मक़सद ही स्वार्थ से भरा है. भारत वाले जबरन ही इमोशनल हो रहे थे. मगर मिस्टर नमित...इंडियन ऑडियंस को हल्के में लेने की ये ग़लती बहुत महंगी पड़ेगी. आने दो दिवाली. सारे मुगालते साफ़ हो जाएंगे."
# रेनी हार्लन की 'डीप वॉटर' का ट्रेलर आया
'डीप ब्लू सी' और 'डाय हार्ड 2' के डायरेक्टर रेनी हार्लन की नई फिल्म 'डीप वॉटर' का ट्रेलर आया है. बेन किंगस्ले, एरन एकर्ट और मॉली राइट इसमें लीड रोल में हैं. ट्रेलर के मुताबिक एक प्लेन में कुछ दुर्घटना हो जाती है और हवाई जहाज़ बीच समंदर में जा गिरता है. कुछ लोग ये क्रैश सर्वाइव कर जाते हैं. मगर उन पर शार्क्स हमला कर देती हैं. ये फिल्म 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.
# 'धुरंधर 2' ने 'पठान' और 'कल्कि' को भी पछाड़ दिया
'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर कोहराम मचा रखा है. आठ दिन में इसने शाहरुख की सफलतम फिल्मों में शामिल 'पठान' और प्रभास की महाकमाऊ फिल्म 'कल्कि' को भी पीछे छोड़ दिया. 'कल्कि' का लाइफटाइम बिजनेस 1042 करोड़ रुपये था. और 'पठान' ने वर्ल्डवाइड 1055 करोड़ रुपये कमाए थे. सैकनिल्क के मुताबिक 26 मार्च को फिल्म ने 59.49 करोड़ रुपये का ग्रॉस डोमेस्टिक कलेक्शन किया. भारत में इसकी अब तक की टोटल ग्रॉस कमाई 805.62 करोड़ रुपये है. और इसमें ओवरसीज़ कलेक्शन जोड़ दें, तो आंकड़ा 1067.24 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. अब इसकी राह में अगली फिल्में हैं 'जवान' (1160 करोड़), RRR (1230) और KGF 2 (1215 करोड़). और 'धुरंधर 2' की रफ्तार देखते हुए अनुमान है कि सेकेंड वीकेंड खत्म होने तक ‘धुरंधर 2’ इन्हें भी पटखनी दे देगी.
# कार्तिक-श्रीलीला की फिल्म का रीशूट शुरू
कार्तिक आर्यन और श्रीलीला को लेकर अनुराग बासु रोमैंटिक फिल्म 'तू मेरी जिंदगी है' बना रहे हैं. नवंबर में इसकी शूटिंग पूरी हो गई थी. मगर अनुराग कुछ हिस्सा रीशूट करना चाहते थे. और अब वो रीशूट शुरू हो गया है. शूटिंग श्रीनगर में हो रही है. सेट से कार्तिक और श्रीलीला की तस्वीरें भी सामने आई हैं. फिलहाल इसकी रिलीज़ डेट के बारे में कोई अपडेट नहीं आया है.
# ज़ोया अख्तर के नए प्रोजेक्ट में सारा और ईशान
ज़ोया अख़्तर का नया प्रोजेक्ट शुरू होने वाला है. टाइटल है 'अ परफेक्ट मैच'. ये फिल्म है या सीरीज़, ये फिलहाल स्पष्ट नहीं है. ज़ोया ने इंस्टाग्राम पर इसकी स्क्रिप्ट की तस्वीर पोस्ट की. डायरेक्टर हैं अर्जुन वरैन सिंह, जो इससे पहले 'खो गए हम कहां' डायरेक्ट कर चुके हैं. 'अ परफेक्ट मैच' में सारा अर्जुन और ईशान खट्टर लीड हैं. ज़ोया ने अपने प्रोडक्शन हाउस टाइगर बेबी फिल्म्स के इंस्टाग्राम हैंडल से एक BTS वीडियो पोस्ट किया है. इसमें सारा और ईशान के साथ अर्जुन और ज़ोया भी हैं. इसके प्लॉट और रिलीज़ से जुड़ी जानकारी मिलते ही हम आपको अपडेट करेंगे.
# मई में शुरू होगा कार्तिक की 'कैप्टन इंडिया' का शूट
कार्तिक आर्यन स्टारर 'कैप्टन इंडिया' की शूटिंग शुरू होने वाली है. मिड-डे के मुताबिक मई में इसका पहला शेड्यूल शुरू होगा. फिल्म का ज्यादातर हिस्सा भारत और मोरक्को में शूट होगा. हम बता दें कि ये फिल्म साल 2021 में अनाउंस हुई थी. और इसे हंसल मेहता डायरेक्ट करने वाले थे. मगर फिर ये फिल्म ठंडे बस्ते में चली गई. फरवरी 2026 में बॉलीवुड हंगामा ने रिपोर्ट किया ये फिल्म डिब्बाबंद नहीं हुई है. और अब इसे 'चक दे इंडिया' वाले शिमित अमीन डायरेक्ट करेंगे.
वीडियो: नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में बड़ा सरप्राइज़, रणबीर कपूर निभाएंगे तीन अवतार

.webp?width=60)
