'रामायण पार्ट 2' की झलक भी हमसे पहले अमेरिका देखेगा!
सोशल मीडिया पर चर्चा है कि भगवान राम के पात्र में रणबीर की तरह रावण यानी यश का इंट्रोडक्शन वीडियो भी पहले US में स्क्रीन होगा.

Ranbir Kapoor और Yash स्टारर Ramayana Part 2 के Teaser के बारे में CinemaCon 2026 से क्या ख़बर आ रही है? Tiger Shroff और Dhoom 3 के डायरेक्टर विजय कृष्ण आचार्य की फिल्म का प्लॉट क्या है? Aamir Khan के बेटे Junaid Khan और Sai Pallavi स्टारर Ek din का Trailer कैसा है? सिनेमा से जुड़ी ऐसी और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
# हमसे पहले अमेरिका देखेगा 'रामायण पार्ट 2' की झलक
अमेरिका के लास वेगस में चल रहे सिनेमाकॉन में हमारी 'रामायण' की चर्चा ज़ोरों पर है. वहां सीज़र्स पैलेस के बाहर और अंदर 'रामायण' के सुंदर पोस्टर और कटआउट्स सजे हैं. यहां भगवान राम, माता सीता और रावण का पात्र कर रहे एक्टर्स के कॉस्ट्यूम भी डिसप्ले किए गए हैं. सोशल मीडिया पर पढ़ने में आ रहा है कि सिनेमाकॉन में 'रामायण' की प्राइवेट स्क्रीनिंग रखी गई है. कहा जा रहा है कि 15 मिनट के इस शो में 5-7 मिनट पार्ट 1 का टीज़र दिखाया जाएगा. और बचे हुए समय में 'रामायण पार्ट 2' की झलक दिखाई जाएगी. सोशल मीडिया पर ये चर्चाएं भी हैं कि वहां पार्ट 1 से भगवान राम और पार्ट 2 से रावण यानी यश का इंट्रोडक्शन वीडियो दिखाया जाएगा. चूंकि इस बारे में अभी मेकर्स का कोई बयान नहीं आया है. इसलिए लल्लनटॉप इसकी पुष्टि नहीं करता है.
# पैरामाउंट-वॉर्नर ब्रदर्स के मर्जर का हॉलीवुड में विरोध
अमेरिकन सिनेमा के दो बड़े स्टूडियोज़ पैरामाउंट और वॉर्नर ब्रदर्स के मर्जर का हॉलीवुड में जमकर विरोध हो रहा है. दो बड़े फिल्म स्टूडियोज़ के एक हो जाने से चार ही स्टूडियो रह जाएंगे. इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स का कहना है कि इससे एम्प्लॉयमेंट घटेगा. और फिल्मों की तादाद भी कम होगी. इसीलिए आर्टिस्ट्स इस डील का विरोध कर रहे हैं. इसी सिलसिले में न्यूयॉर्क टाइम्स ने 13 अप्रैल को ब्लॉक द मर्जर डॉट कॉम वेबसाइट पर एक ओपन लेटर जारी किया. और वैरायटी के मुताबिक महज़ दो दिन में दो हज़ार से भी ज्यादा हॉलीवुड प्रोफेशनल्स ने इसे साइन कर दिया. इनमें डेनी विलनव, वॉकिन फीनिक्स, पेड्रो पास्कल, मार्क रफेलो और फ्लोरेंस प्यू जैसे चर्चित नाम भी शामिल हैं. इस लेटर के जवाब में पैरामाउंट ने एक स्टेटमेंट जारी किया है. इसमें लिखा है कि इस डील से मौके घटने के बजाय बढ़ेंगे. हम बता दें कि फरवरी में पैरामाउंट ने वॉर्नर ब्रदर्स को अक्वायर करने के लिए 111 बिलियन यानी 10,357 करोड़ 78 लाख की डील प्रपोज़ की थी. सेंटिनेल नाम के पोर्टल के मुताबिक एक शेयरहोल्डर का वोट और गवर्नमेंट रेगुलेटरी का अप्रूवल बाकी है. इस महीने के अंत में ये दोनों निर्णय हो जाएंगे.
# अक्टूबर में रिलीज़ होगी 'रामायण पार्ट 1': यश
रणबीर कपूर और यश स्टारर 'रामायण' का पहला पार्ट दिवाली 2026 को रिलीज़ होना है. दिवाली 8 नवंबर को है. मगर यश के मुताबिक ये फिल्म अक्टूबर एंड में आएगी. अमेरिका में चल रहे फिल्म ट्रेड शो सिनेमाकॉन में मीडिया से चर्चा के दौरान यश ने ये जानकारी दी. उनसे फिल्म के VFX और उनकी आलोचना पर भी सवाल किए गए. और जवाब में यश ने कहा, "जिन फोटो रियलिस्टिक सीन्स की बात आप कर रहे हैं, वो फिनिश्ड प्रोडक्ट नहीं है. उन पर अब भी काम चल रहा है. मुझे यक़ीन है कि एंड प्रोडक्ट सबको बहुत पसंद आएगा. हमारा लक्ष्य टॉप नॉच फिल्म बनाना है."
# 'धूम 3' के डायरेक्टर की एक्शन फिल्म करेंगे टाइगर
टाइगर श्रॉफ जल्द ही एक और एक्शन फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे. पिंकविला के मुताबिक इसे 'धूम 3' वाले विजय कृष्ण आचार्य डायरेक्ट करेंगे. शूट अगस्त में शुरू होगा. रिपोर्ट के मुताबिक इस फिल्म के लिए विजय कृष्ण स्टाइलिश एक्शन सीक्वेंसेज़ डिज़ाइन कर रहे हैं. टाइगर इसमें अपनी पिछली फिल्मों से काफी अलग लुक में नज़र आएंगे.
# अब धनुष के साथ फिल्म करेंगी सारा अर्जुन?
सारा अर्जुन के धनुष के साथ काम करने की ख़बरें हैं. 123 तेलुगु की रिपोर्ट के मुताबिक ये फिल्म डायरेक्टर तमिलरासन पचमुथू बना रहे हैं. इसमें पहले रुक्मिणी वसंत को कास्ट किया गया था. मगर उन्होंने Jr NTR की 'ड्रैगन' को बल्क डेट्स दे दी हैं. इसलिए अब मेकर्स सारा अर्जुन को कास्ट करने पर विचार कर रहे हैं. उन्हें इसके लिए अप्रोच भी किया गया है. मगर सारा ने अभी कोई फैसला नहीं लिया है.
# साई पल्लवी-जुनैद की एक दिन का ट्रेलर आया
जुनैद खान और साई पल्लवी की फिल्म 'एक दिन' का ट्रेलर आया है. इसके मुताबिक जुनैद रोहन और साई पल्लवी मीरा एक ही कंपनी में काम करते हैं. कंपनी सभी एम्प्लॉईज़ को 5 दिन की जापान ट्रिप पर ले जाती है. वहां एक एक्सिडेंट में मीरा ज़ख्मी हो जाती है और उसकी शॉर्ट टर्म मेमरी गड़बड़ा जाती है. इस एक दिन वो रोहन को अपना बॉयफ्रेंड मान लेती है. फिर कहानी में कई ट्विस्ट आते हैं. इस फिल्म में मीरा के बॉयफ्रेंड और बॉस का रोल कुणाल कपूर ने किया है. सुनील पांडे के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.
वीडियो: 'रामायण' ने सिनेमाकॉन में मचाया धमाल, अमेरिकन ऑडियंस भी हुई इम्प्रेस

