‘रामायण’ वालों का नया सरप्राइज़ लोडिंग! रावण की ललकार सुन कांप उठेंगे!
7 मई से शुरू होकर 13 मई तक चलने वाले 'दी ग्रैंड रामायण क्रिएटर्स इवेंट' से खुले रामायण से जुड़े राज़!

क्या Ranbir Kapoor और Yash स्टारर Ramayana के मेकर्स जुलाई में नया टीज़र लाने वाले हैं? क्या SVC63 के लिए Salman Khan का लुक Dhurandhar की Makeup Team डिज़ाइन कर रही है? Raj & DK के साथ Salman Khan की Superhero Film के टाइटल के बारे में सोशल मीडिया पर क्या चर्चाएं हैं? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
# जुलाई में 'रामायण' वाले देंगे सरप्राइज़, क्या दिखाएंगे?
'रामायण' से जुड़े कुछ नए और बड़े अपडेट आ रहे हैं. दरअसल मेकर्स ने 7 से 13 मई तक 'दी ग्रैंड रामायण क्रिएटर्स इवेंट' रखा है. इसके तहत यूट्यूबर्स और कॉन्टेंट क्रिएटर्स को गोरेगांव फिल्म सिटी में बने फिल्म के सेट घुमाया गया. यहां मिथिला अयोध्या और लंका... तीनों के सेट बने हुए हैं. फिल्म की मेकिंग के कुछ BTS वीडियो शेयर किए. फिल्म में इस्तेमाल किए जा रहे हथियार दिखाए. उन्होंने मेकर्स के इंटरव्यू भी लिए. और इसी के बाद से चर्चा है कि टीम 'रामायण' जुलाई में बड़ा सरप्राइज़ दे सकती है. शायद ये एक नया टीज़र है. इस बार इसमें अयोध्या नहीं, लंका की झलक दिखाई जाएगी. जैसे 2 अप्रैल को श्रीराम आधारित टीज़र लॉन्च किया गया था, और भगवान राम के रूप में रणबीर की झलक दिखाई थी. उसी तरह जुलाई में रावण का इंट्रोडक्शन वीडियो लाया जाएगा. यश इसमें लंका पर राज करते, सीता हरण करते, भीषण युद्ध लड़ते दिखाए जाएंगे. सोशल मीडिया पर ये चर्चा भी है कि मेकर्स ने पिछले टीज़र के VFX की आलोचना को गंभीरता से लिया है. और इस बार टीम पहले से भी ग्रैंड विजुअल ट्रीट देने की तैयारी में है. मुमकिन है कि टीज़र में सीता हरण के बाद जटायु-रावण युद्ध की झलक भी दिखेगी. जो फिल्म के सबसे ख़तरनाक वॉर सीन्स में से एक है. इन्फ्लुएंसर्स के मुताबिक ये सीक्वेंस शूट हो चुका है. उन्होंने इसकी मेकिंग देखी है और ये हर लिहाज़ से इम्प्रेसिव बताया जा रहा है. फिलहाल मेकर्स ने इस बारे में कोई स्टेटमेंट नहीं दिया है.
# एक्शन थ्रिलर 'दी नेस्ट' में जेरार्ड बटलर होंगे लीड
'जॉन विक' बनाने वाली प्रोडक्शन कंपनी थंडर रोड पिक्चर्स एक और एक्शन थ्रिलर बनाने जा रही है. टाइटल है 'दी नेस्ट'. डेडलाइन के मुताबिक जेरार्ड बटलर इसमें लीड एक्टर के तौर पर कास्ट किए गए हैं. फिल्म में वो एक स्नाइपर का रोल करेंगे जिसे एक मैच में अपने परिवार सहित 70 हज़ार लोगों को बचाना होगा. अगले साल की पहली तिमाही में इसकी शूटिंग शुरू हो जाएगी. इसे रिक रोमन वॉ डायरेक्ट कर रहे हैं.
# सलमान की SVC63 से जुड़ी 'धुरंधर' की मेकअप टीम!
वामसी पैडिपली की SVC63 में सलमान खान अलग-अलग लुक्स में नज़र आएंगे. और ये लुक्स डिज़ाइन कर रही है 'धुरंधर' की मेकअप टीम ने. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक 'धुरंधर' की मेकअप आर्टिस्ट प्रीतिशील सिंह SVC63 से जुड़ गई हैं. उन्होंने सलमान के लिए ऐसे लुक डिज़ाइन किए हैं, जो पहले कभी ट्राय भी नहीं किए गए. सोशल मीडिया पर चर्चा है कि सलमान ने SVC63 के लिए आठ लुक टेस्ट दिए हैं. इनमें से पांच फिल्म में नज़र आएंगे. और ये सभी एक-दूसरे से बिल्कुल अलग होंगे. ये थ्योरी इसलिए भी फिट हो रही है, क्योंकि इस फिल्म को स्पाय एक्शन थ्रिलर बताया जा रहा है. बतौर स्पाय सलमान इसमें कई गेटअप बदलेंगे. और इसीलिए मेकर्स ने उनके मल्टिपल लुक्स प्लान किए हैं. हम बता दें कि 'धुरंधर' से पहले प्रीतिशील ने 'छावा', ‘पुष्पा 2’, 'हैदर', 'कल्कि' और 'जवान' में भी काम किया है. हर फिल्म में एक्टर्स के लुक सराहे गए. ख़ास तौर पर 'धुरंधर' में मेकअप ने फिल्म का मज़ा दोगुना कर दिया. अब वो सलमान को स्क्रीन पर कैसे प्रेज़ेंट करती हैं, ये देखना मज़ेदार होगा.
# 'द लास्ट हीरो' होगा सलमान की सुपर हीरो फिल्म का नाम!
सलमान खान की दो फिल्में लगातार सुर्खियों में हैं. एक ऑफिशियली अनाउंस हो चुकी है. और दूसरी का अनाउंसमेंट बाकी है. अभी दोनों के ऑफिशियल टाइटल रिवील नहीं किए गए हैं. मगर कयासों के दौर चल पड़े हैं. सोशल मीडिया पर पढ़ने में आ रहा है कि राज एंड डीके के साथ सलमान की सुपरहीरो फिल्म का टाइटल 'द लास्ट सुपरहीरो' होगा. हालांकि मेकर्स ने ऐसी कोई घोषणा नहीं की है. न ही कोई हिंट दिया है. इसलिए लल्लनटॉप इसकी पुष्टि नहीं करता है. मगर सोशल मीडिया पर ये टाइटल चर्चा में है. इस फिल्म से करीना कपूर और मनोज बाजपेयी के जुड़ने की ख़बरें हैं. पिंकविला के मुताबिक इसकी शूटिंग अक्टूबर-नवंबर में शुरू होगी.
# सुरेश त्रिवेणी ने अनाउंस की 'दलदल' और NH404
डायरेक्टर सुरेश त्रिवेणी की दो नई फिल्में अनाउंस हुई हैं. पहली है 'दलदल'. इसमें जयदीप अहलावत लीड रोल में हैं. और दूसरी है NH404. इसमें राकेश बेदी लीड रोल कर रहे हैं. वीकेंड पर दोनों फिल्मों के फर्स्ट लुक रिवील किए गए. बीते दिनों सुरेश त्रिवेणी की 'सूबेदार' आई थी, जिसमें अनिल कपूर ने लीड रोल किया है.
# तमन्ना-साई की 'रागिनी 3' में आयुष शर्मा की एंट्री
'रागिनी MMS' फ्रैंचाइज़ की तीसरी फिल्म 'रागिनी 3' की मेजर कास्टिंग हो चुकी है. तमन्ना भाटिया, जुनैद खान और नरगिस फाखरी के बाद आयुष शर्मा को भी फिल्म में कास्ट कर लिया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म में आयुष और तमन्ना की रोमैंटिक स्टोरीलाइन होगी. नरगिस फाखरी इसमें पुलिस ऑफिसर का रोल कर रही हैं. इसकी शूटिंग जुलाई में शुरू होगी. इसे शशांक घोष डायरेक्ट कर रहे हैं.
वीडियो: ‘रामायण’ का सबसे बर्बर युद्ध शुरू, ‘मैड मैक्स’ वाली टीम ने संभाला एक्शन

