'रामायण' के उस युद्ध का शूट शुरू जिससे दहल जाएंगे सिनेमाघर!
हॉलीवुड ब्लॉकबस्टर 'अवतार', 'मैड मैक्स' और 'प्लैनेट ऑफ द ऐप्स' की टीम ने डिज़ाइन किए 'रामायण' के एक्शन सीक्वेंस!

Ramayana में Yash के सबसे ख़तरनाक War Scene के बारे में क्या अपडेट आया है? Akshay Kumar-Vidya Balan की नई फिल्म के बारे में अक्षय ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा? क्या Shahid Kapoor और Jhanvi Kapoor एक साथ एक फिल्म में नज़र आने वाले हैं? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
# 'रामायण' के सबसे बर्बर युद्ध का शूट शुरू, 'मैड मैक्स' वालों ने बनाया
'रामायण' की शूटिंग फुल स्पीड में चल रही है. इंटरनेट पर पढ़ने में आ रहा है कि फिल्म के सबसे भीषण युद्ध के सीक्वेंस का शूट शुरू हो गया है. ये इंद्र और रावण के बीच हुआ युद्ध है. पुराणों में उल्लेख है कि रावण और इंद्र में चार युद्ध हुए. इनमें से इस फिल्म में वो युद्ध दिखाया जाएगा, जिसमें रावण इंद्र से बुरी तरह हार गया था. बाद में रावण के बेटे मेघनाद ने इंद्र पर हमला बोला और युद्ध जीत कर इंद्रजीत कहलाया. सोशल मीडिया पर चर्चा है कि हॉलीवुड फिल्म 'मैड मैक्स: फ्यूरी रोड' के एक्शन कोरियोग्राफर गाय नॉरिस ने इस सीक्वेंस को कोरियोग्राफ किया है. रावण के पात्र में यश और इंद्र के किरदार में कुणाल कपूर इस सीक्वेंस में इंटेंस फाइट करते नज़र आएंगे. बड़ी-बड़ी सेनाओं, देवताओं और दानवों के बीच जंग के साथ इंद्र और रावण के कॉम्बैट क्लोज़ अप भी होंगे. दोनों के हथियार त्रेता युग को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए हैं. इनमें CGI भी रहेगा, मगर सीन बॉडी डबल्स के साथ नहीं, बल्कि एक्टर्स के साथ ही शूट हो रहे हैं. 'दी इनक्रेडिबल हल्क' और 'प्लैनेट ऑफ दी ऐप्स' जैसी फिल्मों के स्टंट कोरियोग्राफ कर चुके टेरी नोटरी भी इन दिनों भारत में हैं. उन्हें भगवान राम और उनकी वानर सेना वाले एक्शन सीक्वेंसेज डिज़ाइन करने के लिए जोड़ा गया है. चर्चा है कि इस बैटल सीन के साथ सीता हरण वाला सीक्वेंस शूट होगा.
# अक्षय-विद्या ने पूरा किया अनीस की फिल्म का केरल शूट
अक्षय कुमार और विद्या बालन, अनीस बज़्मी की एक कॉमेडी फिल्म कर रहे हैं. कुछ दिनों से इसकी शूटिंग केरल में हो रही थी. अक्षय ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो पोस्ट करते हुए केरल शेड्यूल पूरा होने ही जानकारी दी. तस्वीर में अक्षय, विद्या और राशि खन्ना भी हैं. राशि भी फिल्म में ज़रूरी किरदार निभा रही हैं.
# 8 मई को नहीं आएगी संजय दत्त की 'आखिरी सवाल'
संजय दत्त स्टारर 'आखिरी सवाल' 8 मई को रिलीज़ होनी थी. मगर अब तक इसका ट्रेलर भी नहीं आ सका है. ख़बरें हैं कि से फिल्म 8 मई को नहीं आ सकेगी. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक ट्रेलर और फिल्म, दोनों को ही सेंसर बोर्ड ने पास नहीं किया है. फिल्म का विषय ऐसा है, कि CBFC इसे बड़े अहतियात से परख रहा है. अब मेकर्स इसे 15 मई को रिलीज़ करने की योजना बना रहे हैं. मगर ये भी तब ही मुमकिन है, जब सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिल जाए. फिल्म RSS की स्थापना और कार्यप्रणाली पर आधारित है. इसमें बाबरी मस्जिद विध्वंस का भी ज़िक्र है. नीतू चंद्रा, अमित साध, समीरा रेड्डी और मृणाल कुलकर्णी भी इसमें ज़रूरी किरदारों में हैं. अभिजीत मोहन वारंग इसके डायरेक्टर हैं.
# नेटफ्लिक्स शो 'दी नाइट एजेंट 4' की शूटिंग शुरू
नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज़ 'दी नाइट एजेंट' के चौथे सीज़न की शूटिंग शुरू हो गई है. नेटफ्लिक्स के अनाउंसमेंट के मुताबिक ये शो का आखिरी सीज़न होगा. गेब्रियल बैसो और पूरी OG कास्ट के साथ 'सिनर्स' फेम ली जुन ली और टाइटस वेलिवर को भी इसमें कास्ट किया गया है.
# पहली बार पर्दे पर साथ आएंगे शाहिद कपूर-जान्हवी!
'बधाई हो' फेम डायरेक्टर अमित शर्मा, शाहिद कपूर को लेकर एक रिलेशनशिप कॉमेडी फिल्म बनाने जा रहे हैं. पिंकविला के मुताबिक इसमें शाहिद के ऑपोजिट जान्हवी कपूर को कास्ट किया जा सकता है. चर्चाएं अंतिम दौर में हैं. फिल्म का प्री-प्रोडक्शन फुल स्पीड में शुरू हो चुका है. शूटिंग साल के अंत में शुरू होगी.
# 12 जून को रिलीज़ होगी कंगना की 'भारत भाग्य विधाता'
कंगना रनौत की अगली फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' की रिलीज़ डेट आ गई है. ये फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. मार्च में वैरायटी इंडिया में छपी रिपोर्ट के मुताबिक ये फिल्म 26/11 वाले मुंबई आतंकी हमले पर आधारित है. मगर फिल्म में कामा हॉस्पिटल पर अटैक वाले वाकए पर फोकस किया जाएगा. हमले के दौरान हॉस्पिटल स्टाफ ने हालात को कितने साहस से संभाला, यही फिल्म में दिखाया जाएगा. उनकी वजह से 400 लोगों की जान बचाई जा सकी. कंगना फिल्म में नर्स का रोल करेंगी. गिरिजा ओक भी इसमें ज़रूरी किरदार में नज़र आएंगी. मनोज तापड़िया इस फिल्म से डायरेक्टोरियल डेब्यू कर रहे हैं.
वीडियो: VFX के मामले में 'रामायण' ने 'ड्यून' और 'ऑडिसी' को छोड़ा पीछे

