The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Ramayana Is a Timeless Story, But American Audiences Will Discover It for the First Time, Says Namit Malhotra

"रामायण दुनिया की सबसे पहली कहानी है, हम वो दुनिया को दिखाने जा रहे हैं"

'द ऑडिसी' और 'ड्यून 3' जैसी फिल्मों को 'रामायण' कैसे टक्कर देगी, नमित मल्होत्रा ने बता दिया!

Advertisement
pic
14 अप्रैल 2026 (अपडेटेड: 14 अप्रैल 2026, 04:23 PM IST)
ramayana, ranbir kapoor,
सिनेमा कॉन 2026 में 'रामायण' का विशालकाय पोस्टर सबका ध्यान खींच रहा है.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Ranbir Kapoor स्टारर Ramayana साल 2026 की सबसे बड़ी ग्लोबल फिल्मों में से एक है. प्रोड्यूसर Namit Malhotra शुरुआत से ही अमेरिका और दूसरे वेस्टर्न देशों तक अपनी पहुंच बनाने में लगे हुए हैं. मगर इस साल Dune 3 और The Odyssey जैसी लार्जर दैन लाइफ एपिक्स भी रिलीज़ होने वाली हैं. उनके बीच 'रामायण' विदेशी ऑडियंस को कैसे आकर्षित करेगी, इस पर नमित मल्होत्रा ने बात की है.  

नमित और यश इन दिनों 'रामायण' का प्रमोशन कर रहे हैं. इस सिलसिले में वो लॉस एंजेलिस में हो रहे सिनेमा कॉन 2026 में हिस्सा लेने गए हैं. सिनेमा कॉन दुनिया का सबसे बड़ा एनुअल फिल्म और फैन ट्रेड शो है. वहां किसी मूवी को प्रमोट करने का मतलब सीधे इंटरनेशनल ऑडियंस को अट्रैक्ट करना है. नमित भी यही सोचकर वहां गए हैं. इस दौरान उन्होंने फैडेंगो चैनल को एक इंटरव्यू भी दिया. इंटरव्यू में उनसे पूछा गया कि 'द ऑडिसी' और 'ड्यून 3' के सामने 'रामायण', जो सदियों पुरानी कहानी पर बेस्ड है, वो नई ऑडियंस को कैसे टार्गेट करेगी?

इसके जवाब में नमित ने कहा,

"मैंने खुद अमेरिका में किसी से एक रोचक बात सुनी थी. उन्होंने मुझसे कहा था- 'आप हमें दुनिया की सबसे पहली कहानी या यूनिवर्स की फर्स्ट स्टोरी बता रहे हैं. लेकिन हम (अमेरिकी) इसके बारे में ज़्यादा नहीं जानते. ये ऐसा है जैसे आप कोई टाइमलेस कहानी बता रहे, लेकिन हम उसे पहली बार डिस्कवर करने वाले हैं'."

नमित का मानना है कि ‘रामायण’ भले एक बेहद पुरानी कहानी है, मगर वेस्टर्न ऑडियंस के लिए इसमें अब भी नयापन है. वो अपनी बात में आगे जोड़ते हैं,

"इस फिल्म में एक फ्रेशनेस और एक्साइटमेंट है. जाहिर है कि हर भारतीय का दिल इस कहानी से जुड़ा हुआ है. हम सब, हमारे माता-पिता, हमारे दादा-दादी और उनसे पहले की पीढ़ियों ने रामायण को सीखा, सुना और अलग-अलग रूप में महसूस किया है. ऐसे में इस कहानी को दुनिया के सामने बड़े पर्दे पर लाना, वो भी उस भावना के साथ जिससे हर इंडियन जुड़ा है, काफी दिलचस्प है. मुझे लगता है कि ये कहानी आज भी काफी प्रासंगिक है.”

नमित ने कहा कि लोग आजकल सिनेमाघरों में कुछ नया और अलग देखना चाहते हैं. उन्होंने 'ड्यून 3' और 'द ऑडिसी' का उदाहरण देकर बताया कि अब लोग काफी ओपन माइंडेड हो गए हैं. इसलिए वेस्ट की जनता भी 'रामायण' की कहानी जानने के लिए पूरी तरह से तैयार है. वैसे, मेकर्स ने कुछ समय पहले अमेरिका में फिल्म से जुड़ी एक स्पेशल स्क्रीनिंग रखी थी. वहां लोगों से इसे पॉजिटिव रिस्पॉन्स ही मिला था. जहां तक ग्लोबल रिलीज़ की बात है, 'रामायण: पार्ट 1' 2026 की दीपावली और पार्ट 2, साल 2027 की दीपावली पर रिलीज़ होगी.

वीडियो: नितेश तिवारी ने खोले 'रामायण' से यश वाले रावण के राज, क्या बताया?

Advertisement

Advertisement

()