The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Raj of Raj & DK speaks about Superhero film with Salman Khan calls it a rumour

सलमान खान के साथ सुपरहीरो फिल्म की खबरों को डायरेक्टर ने खुद अफवाह बता दिया?

राज एंड डीके की जोड़ी वाले राज निदिमोरु ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि सलमान खान के साथ सुपरहीरो फिल्म वाली खबर कहां से आई.

Advertisement
pic
11 मार्च 2026 (अपडेटेड: 12 मार्च 2026, 05:52 PM IST)
raj & dk, salman khan superhero,
सलमान खान के साथ इस सुपरहीरो फिल्म में समांथा नज़र आ सकती हैं.
Quick AI Highlights
Click here to view more

पिछले दिनों खबर आई कि Salman Khan एक Superhero फिल्म में काम करने जा रहे हैं. ये फिल्म The Family Man वाली Raj & DK की जोड़ी बनाएगी. सलमान खान के साथ इन लोगों की बातचीत कुछ समय से चल रही थी. सलमान ने इस फिल्म के लिए हां कर दी है. साथ ही उन्होंने राज एंड डीके को फिल्म की स्क्रिप्ट लिखकर लाने को कहा है. हाल ही में राज निदिमोरु एक इवेंट में पहुंचे थे. यहां उनसे सलमान के साथ इस फिल्म के बारे में पूछा गया. इस पर राज ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि ये खबर कहां से आई. साथ ही उन्होंने इसे अफवाह बता दिया. हालांकि उनकी देहभाषा से ज़ाहिर हो रहा था कि वो कुछ छुपा रहे हैं. या सबकुछ कंफर्म होने से पहले इस फिल्म के बारे में बात नहीं करना चाहते. 

बॉलीवुड हंगामा ने सूत्रों के हवाले से छपी रिपोर्ट में बताया कि राज एंड डीके की फिल्म में सलमान एक सुपरहीरो का रोल करने वाले हैं. मगर इसमें वो एक ऐसे सुपरहीरो का रोल करेंगे, जो दुनिया को बचाते-बचाते थक चुका है. और अब अपना केप टांगकर आराम और शांति की ज़िंदगी गुज़ारना चाहता है. मगर ऐसी परिस्थितियां बन जाती हैं कि उसे वापस इस दुनिया में लौटना पड़ता है. 

राज निदिमोरु न्यूज़ 18 के एक अवॉर्ड शो में पहुंचे थे. वहां रेड कार्पेट पर उनसे पूछा गया कि क्या वो वाकई सलमान के साथ सुपहीरो फिल्म कर रहे हैं. इसके जवाब में राज ने कहा, 

“मैंने भी ऑनलाइन ये पढ़ा. आपने भी ऑनलाइन देखा? मैं सोच रहा हूं कि ये खबर आई कहां से. मैं फिगर आउट करने की कोशिश कर रहा हूं कि ये बात बाहर कैसे आई. मैं कई सारी चीज़ें समझने की कोशिश कर रहा हूं कि हम क्या करने वाले हैं. मैंने ऑनलाइन ये सारी अफवाहें पढ़ी. हालांकि मुझे अभी ये सब समझना पड़ेगा.”

राज ने स्पष्ट तौर पर कुछ भी नहीं कहा. मगर उनकी बॉडी लैंग्वेज से ऐसा लगा कि शायद अभी वो इस फिल्म के बारे में बात करने को तैयार नहीं हैं. उन्होंने इस खबर को अफवाह तो बताया मगर क्लीयरली इन्कार नहीं किया. सलमान के फैन्स चाहते हैं कि ये फिल्म बने. क्योंकि लंबे समय से सलमान खान ऐसे डायरेक्टर्स के साथ काम कर रहे हैं, जिनका बॉडी ऑफ वर्क उस मयार का नहीं है. ऐसे में राज एंड डीके की जोड़ी के साथ सुपरहीरो फिल्म की खबर ने उन्हें उत्साहित कर दिया है. फिर ये खबर आई कि इस फिल्म में सलमान के साथ समांथा नज़र आएंगी. वेराइटी इंडिया के साथ बातचीत में डायरेक्टर जोड़ी ने इस खबर का भी खंडन किया था. अब देखना होगा कि ये फिल्म कब बनती है, बनती भी या नहीं. क्योंकि सलमान खान की फिल्म की शूटिंग जब तक शुरू न हो जाए, तब तक कुछ भी कह पाना मुश्किल रहता है. 

सलमान ने अनाउंस किया था कि वो संजय लीला भंसाली के साथ ‘इंशाल्लाह’ नाम की फिल्म करने वाले हैं. इसमें उनके साथ आलिया भट्ट नज़र आने वाली थीं. मगर शूटिंग शुरू होने से एक हफ्ते पहले सलमान ने वो फिल्म छोड़ दी. उसके बाद उन्होंने ‘राधे’ और ‘दबंग 3’ अनाउंस कर दी. ऐसा ही कुछ तब भी हुआ, जब सलमान करण जौहर के प्रोडक्शन में ‘द बुल’ नाम की फिल्म करने वाले थे. सलमान ने पब्लिकली ये बात स्वीकार भी की. मगर वो फिल्म भी किन्हीं वजहों से नहीं बन सकी.  

ख़ैर, लेटेस्ट न्यूज़ ये है कि वो ‘बैटल ऑफ गलवान’ के बाद तेलुगु फिल्ममेकर वामसी पैडिपली की एक्शन थ्रिलर करने वाले हैं. इस फिल्म की शूटिंग अप्रैल में शुरू हो सकती है. हालांकि ऑफिशियली न तो इस बारे में सलमान ने कुछ कहा, न ही वामसी ने. मगर फिल्मी गलियारों में ऐसी रिपोर्ट्स हैं कि वामसी की इस फिल्म में उनके साथ नयनतारा नज़र आएंगी. इस फिल्म से फारिग होने के बाद सलमान राज एंड डीके की सुपरहीरो फिल्म पर काम शुरू कर सकते हैं. इस मामले में जैसे ही कोई नया अपडेट आएगा, हम आपको फौरन अपडेट करेंगे. 

फिलहाल सलमान खान, अपूर्व लाखिया के डायरेक्शन में बनने वाली ‘बैटल ऑफ गलवान’ में काम कर रहे हैं. जो 17 अप्रैल को रिलीज़ होनी थी. मगर फिलहाल उस तारीख पर इस फिल्म का रिलीज़ होना संभव नज़र नहीं आ रहा. मेकर्स जल्द ही नई रिलीज़ डेट अनाउंस कर सकते हैं. 

वीडियो: बंद हुई सलमान खान की पैरामिलिट्री ऑफिसर वाली फिल्म 'द बुल', कार्तिक को भी झटका लगा

Advertisement

Advertisement

()