The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Project Hail Mary Postponed Amid Dhurandhar 2 Buzz: Ryan Gosling Big-Budget Film Delayed

'धुरंधर 2' का खौफ ऐसा कि बिग बजट हॉलीवुड फिल्म भी पोस्टपोन हो गई!

रायन गॉस्लिंग की फिल्म 'प्रोजेक्ट हेल मैरी' को इस दशक की 'इंटरस्टेलर' बताया जा रहा है. फिर भी इसे 'धुरंधर 2' की वजह से पोस्टपोन करना पड़ा.

Advertisement
pic
6 मार्च 2026 (अपडेटेड: 6 मार्च 2026, 08:16 PM IST)
ranveer singh, ryan gosling, dhurandhar 2, project hail mary,
'धुरंधर 2' का क्लैश 19 मार्च को पवन कल्याण की 'उस्ताद भगत सिंह' से होगा.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Aditya Dhar की Dhurandhar फ्रैंचाइज़ ने कई बड़ी-बड़ी फिल्मों को अपनी डेट बदलने के लिए मजबूर कर दिया है. इनमें Prabhas की The Raja Saab से लेकर Ajay Devgn, Ram Charan, Nani, Salman Khan और Akshay Kumar की फिल्में भी शामिल हैं. लिस्ट में ताज़ा नाम एक बड़ी हॉलीवुड फिल्म का जुड़ा है. खबर है कि Ryan Gosling की साइंस-फिक्शन फिल्म Project Hail Mary ने Dhurandhar 2 के कारण अपनी रिलीज़ डेट बदल ली है.

रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है. दूसरी तरफ़ रायन गॉस्लिंग की 'प्रोजेक्ट हेल मैरी' 20 मार्च को दुनियाभर में रिलीज़ होगी. मगर 'धुरंधर 2' की हाइप देखकर मेकर्स ने अपना मन बदल लिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, ये मूवी दुनिया के बाकी देशों में तो 20 मार्च को ही आएगी. लेकिन भारत में इसे हफ़्ते भर टालकर 26 मार्च को रिलीज़ किया जाएगा. रायन हॉलीवुड के पॉपुलर एक्टर्स में से एक हैं. 'प्रोजेक्ट हेल मैरी' को लोग इस दशक की 'इंटरस्टेलर' बता रहे हैं. फिर भी इसका पोस्टपोन हो जाना, 'धुरंधर 2' के इम्पैक्ट को साफ़ दर्शाता है.

बॉलीवुड हंगामा से हुई बातचीत में एक ट्रेड सूत्र ने बताया,

"ये प्रैक्टिकल फैसला सोनी पिक्चर्स इंटरनेशनल की टीम ने लिया है. सबको पता है कि धुरंधर 2 देशभर के सिनेमाघरों में जबरदस्त परफॉर्म करने वाली है. इसलिए उसे ज़्यादा से ज़्यादा स्क्रीन मिलनी चाहिए. टीम का मानना है कि जब फिल्म की शुरुआती दीवानगी थोड़ी कम हो जाएगी, तब प्रोजेक्ट हेल मैरी को सिनेमाघरों में रिलीज करना ठीक रहेगा. अगर दोनों फिल्में एक ही हफ्ते रिलीज होतीं, तो मुकाबला बहुत कड़ा हो जाता. रिलीज़ डेट आगे बढ़ाने से प्रोजेक्ट हेल मैरी को भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन करने का पूरा मौका मिल जाएगा."

इतनी बड़ी हॉलीवुड फिल्म का यूं पोस्टपोन हो जाना सामान्य बात नहीं है. मगर डिस्ट्रिब्यूटर्स 'धुरंधर 2' को कम आंकने की गलती भूलकर भी नहीं करेंगे. फ्रैंचाइज़ के पहले चैप्टर ने 'अवतार 3' जैसी ग्लोबल फिल्म की कमाई को भारत में काफी प्रभावित किया. ऐसे में इसके सीक्वल के सामने किसी भी फिल्म का उतरना खतरे से खाली नहीं है. हालांकि 'प्रोजेक्ट हेल मैरी' वालों ने अपनी मूवी महज एक हफ़्ते के लिए पोस्टपोन की है. क्या ऐसा करने से वो 'धुरंधर 2' के असर से बच पाएंगे, ये कहना मुश्किल है. मगर इसका फायदा उन्हें ज़रूर मिलेगा.

बता दें कि 'प्रोजेक्ट हेल मैरी' चर्चित लेखक एंडी वेयर की इसी नाम से लिखी नॉवेल पर आधारित है. उन्होंने इससे पहले 'द मार्शियन' लिखी थी, जिस पर रिडली स्कॉट एक ज़बरदस्त फिल्म बना चुके हैं. 'प्रोजेक्ट हेल मैरी' की कहानी एक ऐसे एस्ट्रोनॉट की है, जिसकी आंखें एक रहस्यमयी स्पेसशिप में खुलती हैं. उसे ये तक पता नहीं कि वो कौन है और वहां क्यों और कैसे आया. हालांकि धीरे-धीरे उसे याद आता है कि उसे स्पेस के एक खास खतरे से निपटने के लिए भेजा गया है. ऐसा खतरा, जो सूरज को तबाह कर सकता है. आगे क्या होता है, ये जानने के लिए आपको फिल्म देखनी होगी. रायन के अलावा इस मूवी में Sandra Hüller, Lionel Boyce, Ken Leung और Milana Vayntrub भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म को फिल लॉर्ड और क्रिसट्रोफर मिलर ने डायरेक्ट किया है. ये दो वही नाम हैं, जिन्होंने 'स्पाइडमैन: इन्टु द स्पाइडर-वर्स' जैसी ऑस्कर विनिंग एनिमेशन फिल्में प्रोड्यूस की है.

वीडियो: 'टॉक्सिक' पोस्टपोन होते ही छिड़ी बहस, क्लैश से बचना यश का मास्टरप्लान या मजबूरी?

Advertisement

Advertisement

()