The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Prithviraj Trailer Review starring Akshay Kumar, Manushi Chhillar, Sonu Sood, Sanjay Dutt

‘पृथ्वीराज’ के ट्रेलर की सबसे बड़ी दिक्कत खुद ‘पृथ्वीराज’ हैं!

अक्षय कुमार की फिल्म 'पृथ्वीराज' का ट्रेलर रिलीज़ हुआ है. मानुषी छिल्लर ने इस फिल्म के ज़रिए अपने एक्टिंग सफर की शुरुआत की है. उनके अलावा फिल्म में सोनू सूद, संजय दत्त और मानव विज जैसे एक्टर्स भी नज़र आएंगे.

Advertisement
pic
9 मई 2022 (अपडेटेड: 12 मई 2022, 04:30 PM IST)
prithviraj trailer review
'पृथ्वीराज' के ट्रेलर में सभी मेजर किरदारों को दिखाया गया है. फोटो - ट्रेलर स्क्रीनशॉट
Quick AI Highlights
Click here to view more

पृथ्वीराज चौहान. भारतीय इतिहास के वो राजा, जिनकी ज़िंदगी की कहानी किसी फिल्म से कम नहीं. कुछ साल पहले जब अनाउंस किया गया कि डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी उनकी कहानी को परदे पर उतारेंगे, तो उत्साहित होना लाज़मी था. डॉ. द्विवेदी इतिहास के जानकार हैं. दूरदर्शन पर 1991 में दिखाई गई टीवी सीरीज़ ‘चाणक्य’ उन्होंने ही लिखी, डायरेक्ट की और उसमें लीड रोल भी निभाया. डॉ. चंद्रप्रकाश ने यश राज फिल्म्स के लिए ‘पृथ्वीराज’ लिखी और डायरेक्ट की है. अक्षय कुमार पृथ्वीराज चौहान का किरदार निभाएंगे.

कोरोना महामारी की वजह से ‘पृथ्वीराज’ की रिलीज़ भी अफेक्ट हुई थी. अब फिल्म 03 जून को रिलीज़ होने जा रही है. आज फिल्म का ट्रेलर आया है. कैसा लग रहा है, कहानी को लेकर क्या पता चल रहा है, ऐसे पॉइंट्स पर बात करेंगे.

# कहानी क्या है?

‘पृथ्वीराज’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट पर अक्षय ने कहा कि डॉ. द्विवेदी ने उन्हें एक किताब दी थी, ‘पृथ्वीराज रासो’. साथ ही कहा था कि इसे आहिस्ता आहिस्ता पढ़ना. ‘पृथ्वीराज रासो’ हिंदी भाषा में लिखा एक महाकाव्य है, जो पृथ्वीराज चौहान के जीवन की कहानी कहता है. ट्रेलर को देखकर लग रहा है कि उनकी कहानी को दो बड़े चैप्टर्स में बांटा जाएगा. पहला तो उनका संयोगिता से प्रेम. कहा जाता है कि राजकुमारी संयोगिता कन्नौज के राजा जयचंद राठौड़ की बेटी थीं. उन्होंने पृथ्वीराज का चित्र देखा था और पृथ्वीराज ने उनका. और दोनों ने मन ही मन एक दूसरे को जीवनसाथी मान लिया. लेकिन जयचंद की पृथ्वीराज से कोई नाराजगी थी. उन्होंने बेटी का स्वयंवर आयोजित किया तो दूर-दूर से राजकुमारों को बुलाया लेकिन पृथ्वीराज को नहीं. और ऊपर से उनकी मूर्ति बनवाकर द्वारपाल के स्थान पर लगवा दी. संयोगिता ने भी किसी को नहीं चुना और मूर्ति को ही माला पहनाने लगीं. तभी पृथ्वीराज वहां आ गए और माला उन्हें पहना दी. इससे पहले कि जयचंद कुछ करते पृथ्वीराज संयोगिता को लेकर चले गए.

akshay kumar prithviraj movie
फिल्म में अक्षय कुमार और मानुषी छिल्लर ने पृथ्वीराज चौहान और राजकुमारी संयोगिता के रोल निभाए हैं.

दूसरा बड़ा हिस्सा है मोहम्मद गोरी से उनकी जंग. कैसे गोरी से उन्होंने दो युद्ध लड़े. पहले में जीते, और गोरी पर रहम दिखाते हुए उसे ज़िंदा छोड़ दिया. दूसरे युद्ध में गोरी जीत गया और पृथ्वीराज को बंदी बना लिया. लोहे के गरम सरियों से उनकी आंखें फोड़ दी. लेकिन आंखें न होने के बावजूद भी कैद में होते हुए पृथ्वीराज ने उसे मार डाला. ट्रेलर के एंड में भी आपको इस सीन की झलक मिलती है.

# ट्रेलर कैसा है?

उत्तराधिकारी रिश्ते से नहीं, योग्यता से चुना जाता है, शौर्य के लिए, वीरता के लिए, और न्याय के लिए.

डॉ. द्विवेदी की बुलंद आवाज़ से ट्रेलर खुलता है. मॉनटाज में एक्शन सीक्वेंस देखने को मिलते हैं, जो एक्सपेक्टेशन बढ़ाने का ही काम कर रहे हैं. इसके लिए प्रॉडक्शन डिज़ाइन और वीएफएक्स, दोनों पर खर्चा हुआ है. ये फिल्म चाहे जैसी भी निकले, लेकिन ट्रेलर देखकर इतना ज़रूर लगता है कि वॉर सीक्वेंस इसके हाई पॉइंट्स में से होंगे. वॉर सीक्वेंस के अलावा फिल्म के कलर टोन ने भी मेरा ध्यान खींचा. फिल्म की कलर पैलेट में पृथ्वीराज को वॉर्म कलर दिए गए, और मोहम्मद गोरी के हिस्से ब्लू जैसे कोल्ड कलर आए. कलर का ये फ़र्क हीरो और विलेन के कैरेक्टर्स के बारे में बातें साफ कर देता है.

prithviraj trailer
डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने ‘पृथ्वीराज’ को लिखा और डायरेक्ट किया है.

इतने प्लस पॉइंट्स के साथ यहां एक बड़ा लेकिन है. वो हैं खुद फिल्म के नायक. पूरे ट्रेलर में अक्षय कुमार को देखकर लगता है कि वो पृथ्वीराज कम और अक्षय ज़्यादा लग रहे हैं. फिल्म के टीज़र से भी यही शिकायत थी. ये बड़ी वजह थी कि ‘पृथ्वीराज’ का ट्रेलर देखने के बाद लगा कि वो फ़ील नहीं आ रही, जैसी एक पीरियड ड्रामा से आनी चाहिए.

# कौन-कौन हैं फिल्म में?

मानुषी छिल्लर ‘पृथ्वीराज’ से एक्टिंग डेब्यू करने जा रही हैं. वो राजकुमारी संयोगिता के रोल में नज़र आएंगी. ट्रेलर में लगभग सभी मेजर कैरेक्टर्स को दिखा दिया गया है. जैसे सोनू सूद पृथ्वीराज चौहान के बचपन के दोस्त चंदबरदाई बने हैं. वो चंदबरदाई के शब्द ही थे, जिनकी वजह से पृथ्वीराज मोहम्मद गोरी को मार पाए थे. संजय दत्त ने काका कन्ह का रोल निभाया है, जो पृथ्वीराज चौहान के प्रति बेहद वफादार थे. मानव विज ने कहानी के विलेन मोहम्मद गोरी का रोल निभाया है.

sanjay dutt in prithviraj movie
संजय दत्त फिल्म में काका कन्ह बने हैं.


इनके अलावा फिल्म में पांच-छह ऐसे किरदारों को भी इंट्रोड्यूस किया जाएगा जिनका ज़्यादा जिक्र नहीं होता. ये किरदार कौन होंगे, फिल्म आने पर ही पता चलेगा. फिर बता दें कि पृथ्वीराज 03 जून को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.

Advertisement

Advertisement

()