"व्हीलचेयर पर आया...मुझे हैरेस करता है"- प्रीति जिंटा ने सुनाई आपबीती, पूरा बॉलीवुड सपोर्ट में आया
एक महिला ने उनकी बच्ची को ज़बरदस्ती मुंह पर किस किया.

Preity Zinta ने अपने सोशल मीडिया पर बताया कि बीते हफ्ते में उन्हें दो बार हैरेस किया गया. प्रीति ने लंबे चौड़े नोट में इन घटनाओं के बारे में बताया. साथ ही एक वीडियो भी शेयर किया. जहां व्हीलचेयर में बैठा एक आदमी बार-बार प्रीति की गाड़ी के पीछे आता है. उनकी गाड़ी आगे बढ़ जाती है. फिर भी वो शख्स लगातार पीछे जाने की कोशिश करता है. प्रीति ने इस घटना के साथ-साथ बताया कि एक महिला ने उनकी बच्ची को ज़बरदस्ती मुंह पर किस किया था.
प्रीति ये घटनाएं शेयर कर एक पॉइंट पर फोकस करना चाहती थीं. कि सेलेब्रिटीज़ भी इंसान ही होते हैं. ये बात लोगों को समझनी चाहिए. प्रीति की बात को स्ट्रॉन्ग रिएक्शन मिला. फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग उनके सपोर्ट में उतरे. उनके ‘कोई मिल गया’ के को-स्टार ऋतिक रोशन ने लिखा,
वेल डन प्री.
अर्जुन रामपाल ने लिखा,
अगली बार मुझे कॉल कर लेना. हम इनसे निपट लेंगे.
प्रियंका चोपड़ा ने उनकी तारीफ की. लिली सिंह ने कमेंट किया,
आपने खुद के लिए स्टैंड लेकर अच्छा किया. ये मुश्किल हो सकता है. लेकिन ये ज़रूरी है.
जिन घटनाओं की वजह से प्रीति को सपोर्ट मिला, अब उनके बारे में बताते हैं. प्रीति ने पहली घटना के बारे में लिखा,
एक औरत ने मेरी बेटी जिया की फोटो खींचने की कोशिश की. जब हमने उन्हें प्यार से मना किया तो उन्होंने बच्ची को गोद में उठा लिया और उसके मुंह पर किस कर दिया. कितनी प्यारी बच्ची है, ये कहते हुए वो भाग गई. ये औरत एक आलीशान बिल्डिंग में रहती है और जिस गार्डन में मेरे बच्चे खेलते हैं, वहां मौजूद थी. अगर मैं एक सेलेब्रिटी नहीं होती तो बुरी तरह रिएक्ट करती लेकिन मैं कोई सीन नहीं बनाना चाहती थी. इसलिए शांत रही.
प्रीति की दूसरी घटना व्हीलचेयर वाले शख्स से जुड़ी थी. उस बारे में बताया,
मुझे अपनी फ्लाइट लेनी थी और ये विकलांग शख्स बार-बार रोकने की कोशिश कर रहे थे. पिछले कई सालों से ये आदमी मुझे पैसे के लिए हैरेस करता आया है. और जब मेरे पास पैसे हुए तब मैंने दिए भी. इस बार जब इसने पैसे मांगे तो मैंने मना कर दिया क्योंकि मेरे पास कैश नहीं था. सिर्फ क्रेडिट कार्ड था. मेरे साथ एक महिला थीं. उन्होंने जब अपने पर्स से पैसे दिए तो इस आदमी ने उन्हें फेंक दिया. वो उत्तेजक हो गया.
प्रीति ने जो वीडियो शेयर किया वो विरल भयानी के पेज से था. प्रीति की गाड़ी आगे बढ़ रही है. विकलांग आदमी उसे रोकने की कोशिश कर रहा है. बैकग्राउंड में कुछ लोगों के हंसने की आवाज़ आ रही है. प्रीति ने उनके लिए लिखा कि फोटोग्राफर्स को ये घटना मज़ाकिया लगी. वो उस आदमी को रोक सकते थे लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया. प्रीति ने कहा कि अगर कोई एक्सीडेंट हो जाता तो सब उन्हें ब्लेम करते. प्रीति ने लिखा कि लोग सिर्फ इतने पर नहीं रुकते. उनके सेलेब्रिटी होने पर सवाल उठाते. बॉलीवुड को ब्लेम करते और नेगेटिविटी फैलाते. उन्होंने लिखा कि सबसे पहले वो एक इंसान हैं. फिर एक मां और उसके बाद सेलेब्रिटी. उन्होंने रिक्वेस्ट की कि उनके बच्चों को किसी सेलेब्रिटी की तरह नहीं बल्कि बच्चों की तरह ही ट्रीट करें.
बता दें कि प्रीति अपने पति और दो बच्चों के साथ अमेरिका में रहती हैं. कुछ दिन पहले ही वो इंडिया आई थीं.
वीडियो: शाहरुख खान, प्रीति जिंटा की वीर-ज़ारा के किस्से जिसका क्लाइमैक्स एक रात पहले लिखा गया

