प्रभास की 'फौजी' टीम की कार का भयानक एक्सिडेंट, एक की मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि एक क्रू मेम्बर की मौक़े पर ही मौत हो गई.

Prabhas की Fauzi के क्रू मेम्बर्स के कार एक्सिडेंट के बारे में क्या अपडेट है? Christopher Nolan की The Odyssey का Trailer कैसा है? क्या Vicky Kaushal 3 Idiots 2 में काम करेंगे? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
# प्रभास की 'फौजी' टीम के साथ हादसा, एक की मौत
प्रभास स्टारर फिल्म 'फौजी' की टीम की कार का एक्सीडेंट हो गया. हैदराबाद में हुए इस हादसे में एक टीम मेम्बर की मौत हो गई. डेक्कन क्रॉनिकल के मुताबिक कार में छह क्रू मेम्बर्स सवार थे. सभी अब्दुल्लापुरमेट में लगे फिल्म के सेट की तरफ़ जा रहे थे. रास्ते में अज्ञात कारणों से कार का संतुलन बिगड़ा और वो सड़क के बीच बने डिवाइडर में जा घुसी. टक्कर इतनी भयानक थी, कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. और मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई. बाकी पांच को भी गंभीर चोटें आई हैं. केस रजिस्टर हो गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. और शूटिंग स्थगित कर दी गई है.
# क्रिस्टोफ़र नोलन की 'दी ऑडिसी' का ट्रेलर आया
क्रिस्टोफ़र नोलन की 'दी ऑडिसी' का ट्रेलर आया है. ये फिल्म इथाका राज्य के राजा ऑडिसस और उसकी सेना की कहानी है. ट्रेलर के मुताबिक वो एक दशक लंबी जंग के बाद इथाका लौटने की कोशिश कर रहे हैं. उधर इथाका में एंटिनस रानी से शादी करके राज्य पर कब्ज़ा करने पर आमादा है. ऑडिसस की पत्नी पेनेलोपे और बेटे टेलेमकस पर खतरा बढ़ता जा रहा है. हम बता दें कि 'दी ऑडिसी' दुनिया की पहली ऐसी फिल्म है, जो स्टार्ट टु एंड IMAX कैमराज़ से शूट की गई है. इसमें ऑडिसस का किरदार मैट डैमन ने निभाया है. ऐन हैथवे रानी बनी हैं. टॉम हॉलैंड ऑडिसस के बेटे के रोल में हैं. और विलन एंटिनस का कैरेक्टर रॉबर्ट पैटिन्सन ने निभाया है. ये फिल्म 17 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.
# 8 मई तक 'कल्कि 2' का ओवरनाइट शूट करेंगे प्रभास!
प्रभास ने 'कल्कि 2' की शूटिंग शुरू कर दी है. 123 तेलुगु के मुताबिक इसके लिए हैदराबाद के आउटस्कर्ट्स में ग्रैंड सेट तैयार किया गया है. 8 मई तक प्रभास रात-रातभर इसकी शूटिंग करेंगे. उसके बाद महाभारत से कर्ण वाले हिस्से की शूटिंग होगी. इसे नाग अश्विन डायरेक्ट कर रहे हैं.
# '3 इडियट्स 2' में विकी कौशल होंगे चौथे इडियट?
हाल ही में आमिर खान ने '3 इडियट्स' का सीक्वल कन्फर्म किया. अब इससे जुड़ी एक बड़ी ख़बर आई है. पिंकविला के मुताबिक विकी कौशल भी इस आइकॉनिक फिल्म के सीक्वल का हिस्सा बन सकते हैं. इस बार फिल्म में तीन नहीं, चार इडियट्स होंगे. और चौथे इडियट के रोल के लिए विकी कौशल का नाम सबसे आगे है. रिपोर्ट के मुताबिक विकी, राजकुमार हीरानी और आमिर खान के बीच कई दौर की मीटिंग्स हो चुकी हैं. विकी ने फिल्म के लिए मौखिक रूप से हां भी कर दी है. बस पेपर वर्क बाकी है. '3 इडियट्स 2' की शूटिंग 2027 के सेकेंड हाफ में शुरू होगी. आमिर के साथ आर. माधवन और शरमन जोशी भी इसमें वापसी करेंगे.
# "शर्म-लाज छोड़ मैंने पूरी बेशर्मी से की बंदर"
हाल ही में मुबंई में बॉबी देओल की फिल्म 'बंदर' की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई. मीडिया से चर्चा में बॉबी ने बताया कि कि ये फिल्म करना उनके लिए कितनी मुश्किल मगर ज़रूरी थी बॉबी ने कहा-
"हर एक्टर कोई ऐसी फिल्म करना चाहता है जो उसकी स्क्रीन इमेज बदले. टाइपकास्ट इमेज से बाहर आना बहुत मुश्किल है. मेरे साथ भी यही हुआ. मगर मैंने सारी शर्म-हया साइड में रख की पूरी बेशर्मी से बंदर में काम किया."
हम बता दें कि अनुराग कश्यप के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.
# 7 से 13 मई तक होगा 'दी ग्रैंड रामायण क्रिएटर्स इवेंट'
ख़बर है कि टीम 'रामायण' 7 से 13 मई तक एक बड़ा इवेंट कराने जा रही है. सोशल मीडिया पर पढ़ने में आ रहा कि ये 'दी ग्रैंड रामायण क्रिएटर्स इवेंट' नाम से होगा, जो मुंबई की गोरेगांव फिल्म सिटी में कराया जाएगा. इसमें यूट्यूबर्स और कॉन्टेंट क्रिएटर्स को बुलाया जाएगा. फिल्म की मेकिंग के कुछ BTS वीडियो शेयर किए जाएंगे. और एक्टर्स के इंटरव्यू भी होंगे. अभी मेकर्स की तरफ से इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है. मगर यदि ऐसा हुआ, तो आने वाले दिनों में 'रामायण' से जु़ड़ी कई नई बातें सामने आएंगी.
वीडियो: 'कल्कि 2' की कहानी का खुलासा, प्रभास करेंगे 3 धांसू रोल!

