रणबीर की पिट-पिटा चुकी फिल्म 'शमशेरा' को पब्लिक अब क्यों ट्रोल कर रही है?
लोगों को यकीन नहीं हो रहा कि 150 करोड़ रुपए के बजट में बनी 'शमशेरा' में इतनी बड़ी चूक कैसे हो सकती है. और इस पर मेकर्स का ध्यान कैसे नहीं गया!

रणबीर कपूर की 'शमशेरा' पिछले महीने रिलीज़ हुई थी. पिट-पिटाकर मामला निपट गया. फिर अचानक सोशल मीडिया पर ये फिल्म ट्रेंड करने लगी. एक सीन पर हंगामा मच गया. लोगों को यकीन नहीं हो रहा कि 150 करोड़ रुपए के बजट में बनी 'शमशेरा' में इतनी बड़ी चूक कैसे हो सकती है. और इस पर मेकर्स का ध्यान कैसे नहीं गया!
'शमशेरा' में रणबीर ने बल्ली और वाणी कपूर ने सोना का किरदार निभाया है. फिल्म के कई सीन्स में सोना अपने बच्चे के साथ नज़र आती है. कुछ सीन्स में तो असली बच्चा नज़र आता है. जैसे वो सीन, जब सोना बच्चे को जन्म देती है. मगर कई मौकों पर कपड़ा और गुड्डा-गुड़िया का इस्तेमाल किया गया है. खासकर एक एक्शन सीक्वेंस, जिसमें वाणी कपूर बच्चे के साथ दिखाई देती हैं. इस सीन में ज़ाहिर तौर पर बच्चे का असल बच्चा नहीं हो सकता था. क्योंकि वो खतरनाक सीन्स थे. मगर जनता का कहना है कि इन सीन्स में कम से कम मेकर्स को गुड्डे के चेहरे पर किसी रियल बच्चे का चेहरा तो चिपका सकते थे. उससे ऑथेंटिसिटी बढ़ती.
हम आपको नीचे कुछ ट्वीट्स दिखा रहे हैं, जिसमें जनता 'शमशेरा' से अपनी शिकायतों का पिटारा खोले बैठी है.
1) गुमान सिंह राठौड़ नाम के ट्विटर यूज़र ने फिल्म के उस एक्शन सीक्वेंस का वीडियो शेयर करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा- मान लीजिए कि उस सीन में बेबी है. ये ज़ाहिर तौर पर फिल्म के मेकर्स पर तंज था.
2) अंकुश एस. राणा नाम के एक यूज़न ने मौके का सही इस्तेमाल करते हुए लिखा- और ये लोग पूछते हैं कि जनता #BoycottBollywoo क्यों ट्रेंड करा रही है!
3) योगेश बावा नाम के साथी लिखते हैं- बच्चा तौलिए की तरह झूल रहा है. इनफैक्ट वो तौलिया ही है. 150 करोड़ रुफए खर्च दिए, मगर एक गुड़िया का खर्च नहीं उठा पाए.
4) रजनी मिश्रा नाम के यूज़र ने लिखा- उस बच्चे को भी लग रहा होगा कि ये क्या बद्तमीज़ी है.
'शमशेरा' काफी समय से बनकर तैयार रखी थी. मगर पैंडेमिक की वजह से उसे तय समय पर रिलीज़ नहीं किया जा सका. जब फिल्म रिलीज़ हुई, तो जनता ने नकार दिया. क्रिटिक्स से भी मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली. फिल्म कुछ ही समय में सिनेमाघरों से उतर गई. उसके बाद इसे ऑनलाइट स्ट्रीमिंग के लिए एमेज़ॉन प्राइम वीडियो पर रिलीज़ किया गया. वहीं पिक्चर देखकर जनता फिल्म की कमियां निकाल रही है.
ऐसी ही शिकायत पब्लिक को मार्वल की फिल्म 'थॉर- लव एंड थंडर' से भी थी. तब भी लोगों ने यही कहा था कि हज़ारों करोड़ रुपए लगाकर बनाई फिल्मों में इस तरह की गलती माफी के लायक नहीं है. यशराज प्रोडक्शन की फिल्म 'एक था टाइगर' में भी कमोबेश इसी तरह की दिक्कत पाई गई थी. फिल्म के कुछ एक्शन सीक्वेंस में सलमान खान के बॉडी डबल का इस्तेमाल किया गया था. मगर फिल्म के फाइनल कट में उस स्टंट डबल का चेहरा नज़र आ रहा था. कहने का मतलब इस तरह की छोटी मगर मोटी गलतियां फिल्मों में देखने को मिलती रहती हैं. हालांकि कई बार पब्लिक उन्हें नज़रअंदाज़ करके आगे बढ़ जाती है, तो कई बार मामले खिंच जाते हैं.
वीडियो देखें: शमशेरा को मिले खराब रिस्पॉन्स पर संजय दत्त समेत फिल्म से जुड़े लोग तगड़े लेटर्स लिख रहे हैं

