The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Pankaj Tripathi speaks on not using cuss words in films and web series

पंकज त्रिपाठी अब गालियां नहीं देंगे, तो उसकी जगह क्या जुगाड़ निकालेंगे?

'मिर्ज़ापुर' का तीसरा सीज़न आने वाला है. ऐसे में ये देखने लायक होगा कि पंकज त्रिपाठी ने वहां गालियां देने की जगह क्या क्रिएटिव जुगाड़ निकाला है.

Advertisement
pic
23 अक्तूबर 2023 (पब्लिश्ड: 04:56 PM IST)
pankaj tripathi cuss words
पंकज ने पहले एक इंटरव्यू में कहा था कि वो इच्छावश गाली देने को सही नहीं मानते.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Pankaj Tripathi ने साल 2022 में घोषणा की थी कि वो अब से फिल्मों और सीरीज़ में गालियां नहीं देंगे. पंकज के पॉपुलर किरदारों में से एक कालीन भइया (मिर्ज़ापुर) ने जमकर गालियां दी हैं. उन्होंने कहा कि अब तक बहुत गालियां दी हैं. लेकिन अब उन पर रोक लगानी पड़ेगी. हाल ही में पंकज लल्लनटॉप के प्रोग्राम ‘गेस्ट इन द न्यूज़रूम’ में पहुंचे थे. वहां उनसे इस बारे में सवाल किया गया कि क्या वो वाकई गालियां नहीं देंगे. उनका कहना था,  

स्क्रिप्ट की डिमांड हुई तो मैं कोई रचनात्मक तरीका ढूंढूंगा. क्योंकि मैं रियलिज़्म के बारे में सोच रहा हूं कि ये क्या है. जैसा समाज है वैसा जस-का-तस हमें परदे पर रख देना है. हमारा समाज ऐसा है, तो हम वैसे का वैसा रख देंगे. फिर उसमें आर्टिस्टिक वैल्यू कहां जुड़ी. मुझे लगा कि उसका क्रिएटिव तरीका निकालूंगा. वो भाव पहुंच जाए और मुझे गालियों का प्रयोग ना करना पड़े. 

पंकज ने पहली बार कनेक्ट FM को दिए इंटरव्यू में ये बात कुबूल की थी. तब उन्होंने कहा था,

जी मैंने तय कर लिया है. मेरा कोई भी किरदार होगा, उसमें मैं अतिआवश्यक होगा, तब भी कोई क्रिएटिव डिवाइस निकालूंगा.

पहला मौका नहीं है जब पंकज ने गाली-गलौच पर बात की है. 2020 में मिड डे को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि वो इच्छावश गाली देने को सही नहीं मानते. मतलब जोश में जब गाली निकले या कोई किरदार ऐसे ही गाली दे डाले. उन्होंने कहा कि जब एक्टर्स गालियां देते हैं, तो वो एक तय कांटेक्स्ट में होता है. मैं ऐसे ही गालियां देने का समर्थन नहीं करता. अपने सीन्स में भी मैं वल्गर भाषा से दूरी बनाने की कोशिश करता हूं. जब तक वो परिस्थिति की आवश्यकता न हो. मैं इसे नैतिकता के नज़रिए से नहीं देखता. बस इस बात का ध्यान रखता हूं कि बतौर कलाकार मैं सामने क्या रख रहा हूं.

ये देखना रोचक होगा कि पंकज त्रिपाठी कालीन भइया के साथ क्या करते हैं. मीम कल्चर में उस किरदार के पॉपुलर होने की एक बड़ी वजह उसकी गालियां थीं. उन्हें ‘मिर्ज़ापुर’ के तीसरे सीज़न में क्रिएटिव ढंग से कैसे पिरोया जाएगा, ये देखने लायक होगा. बाकी उनके हालिया प्रोजेक्ट्स की बात करें तो बीती 28 सितंबर को ‘फुकरे 3’ रिलीज़ हुई. फिल्म ने अच्छी कमाई भी की. उससे पहले आई OMG 2 को भी बॉक्स ऑफिस पर पॉज़िटिव रिस्पॉन्स ही मिला था. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक अक्षय कुमार और पंकज त्रिपाठी की फिल्म ने करीब 150 करोड़ रुपए की कमाई की थी. 

Advertisement

Advertisement

()