The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Oscars 2026: When and Where to Watch in India? 5 Key Questions About the Ceremony Answered

Oscars 2026: भारत में कब और कहां देखें सेरेमनी? जानिए ऑस्कर से जुड़े 5 सबसे अहम सवालों के जवाब

ऑस्कर 2026 में रायन कूगलर की 'सिनर्स' को रिकॉर्ड 16 नॉमिनेशंस मिले हैं.

Advertisement
pic
13 मार्च 2026 (अपडेटेड: 13 मार्च 2026, 09:11 PM IST)
timothee chalamet, marty supreme, michael b jordan, sinners, oscar 2026,
नीरज घेवान की 'होमबाउंड' ऑस्कर की फाइनल लिस्ट में अपनी जगह नहीं बना सकी थी.
Quick AI Highlights
Click here to view more

सिनेमा का सबसे बड़ा जश्न यानी 98th Academy Awards Ceremony अब महज कुछ घंटों की दूरी पर है. लॉस एंजिलिस के हॉलीवुड स्थित आइकॉनिक डॉल्बी थिएटर में जब 2025 के विजेताओं की घोषणा होगी, तो दुनिया के अलग-अलग कोने से लोग इसे देख रहे होंगे. ज़ाहिर है कि भारत में भी लोग Oscar 2026 के लिए काफ़ी एक्साइटेड हैं. मगर उनमें इस इवेंट को लेकर कई तरह के सवाल भी हैं. जैसे- कार्यक्रम को कहां देखें? भारत में इसे कब टेलिकास्ट किया जाएगा? कौन-कौन सी फिल्में रेस में हैं? आपके सभी ज़रूरी सवालों का जवाब हम बताते हैं.

# भारत में कब देखें ऑस्कर सेरेमनी?

ऑस्कर 2026 का आयोजन 15 मार्च यानी आने वाले रविवार को होगा. इवेंट, पैसिफिक टाइम (PT) के हिसाब से शाम 4 बजे और ईस्टर्न टाइम (ET) के अनुसार शाम 7 बजे होगा. PT वेस्ट कोस्ट, यानी लॉस एंजिलिस का टाइम ज़ोन है. वहीं ET ईस्ट कोस्ट यानी न्यू यॉर्क सिटी का. लेकिन भारत का टाइम ज़ोन इससे काफ़ी अलग है. इसलिए यहां आपको ऑस्कर सेरेमनी देखने के लिए 16 मार्च यानी सोमवार को सुबह 03:30 बजे ही जगे रहना होगा. इस समय तक ऑस्कर का रेड कार्पेट कवरेज शुरू हो जाएगा. इसमें सेलिब्रिटीज़ के इंटरव्यू और फैशन हाईलाइट्स दिखाए जाते हैं. लेकिन मेन ऑस्कर सेरेमनी इसके एक घंटे बाद यानी सुबह 04:30 से शुरू होगी. वहां से ये कार्यक्रम कम-से-कम चार घंटे तक चलेगा. अगर आप इस अवॉर्ड सेरेमनी को लाइव नहीं देख पाते, तो टेंशन नको. भारत में 16 मार्च की रात 9 बजे भी इस इवेंट को दोबारा टेलीकास्ट किया जाएगा.

# टीवी और ओटीटी पर कैसे देखें ऑस्कर?

ऑस्कर की ऑफिशियल वेबसाइट के अनुसार, भारत में लोग ऑस्कर को टीवी और डिजिटल, दोनों तरह से देख सकते हैं. टीवी पर इसका टेलीकास्ट स्टार मूवीज़, स्टार मूवीज़ सिलेक्ट और कलर्स इन्फिनिटी पर होगा. वहीं ओटीटी पर आप इसे जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं. वहां ये इवेंट लाइव स्ट्रीमिंग के बाद भी कुछ दिनों तक अवेलेबल रहता है.

# कौन होंगे ऑस्कर 2026 के होस्ट?

ऑस्कर में होस्ट बनना बड़ी जिम्मेदारी होती है. पिछले साल की तरह इस बार भी ये जिम्मेदारी कॉमेडियन और टीवी शो होस्ट कॉनन ओ' ब्रायन को मिली है. 2025 में उन्हें इस कार्यक्रम को होस्ट करने पर ज़बरदस्त रिस्पॉन्स मिला था. खबर है कि वो ऑस्कर 2026 में अपना बेस्ट देने के लिए पिछले तीन महीनों से तैयारी कर रहे हैं.

# किनके हाथों से मिलेंगे ऑस्कर अवॉर्ड?

ऑस्कर में प्रेजेंटर्स भी होस्ट से कम इंपोर्टेंट नहीं होते. वो विनर्स के नामों की घोषणा करने और उन्हें अवॉर्ड देने के लिए मंच पर आते हैं. आमतौर पर इस जिम्मेदारी में हाई प्रोफ़ाइल सेलिब्रिटीज़, पुराने विनर्स और वेटरन सुपरस्टार्स को बुलाया जाता है. ऑस्कर 2026 में भी कई नामी-गिरामी चेहरे स्टेज पर आएंगे. इनमें रॉबर्ट डाउनी जूनियर, ऐन हैथवे, क्रिस एवंस, डेमी मूर, निकोल किडमैन, एड्रियन ब्रोडी और पेड्रो पास्कल जैसे एक्टर्स शामिल होंगे. भारत के लिए खास बात ये है कि इस बार प्रियंका चोपड़ा जोनस भी प्रेजेंटर्स की लिस्ट में शामिल हैं.

# किन फिल्मों पर रहेगी सबसे अधिक नज़र?

ऑस्कर 2026 में लोगों की सबसे अधिक नज़र रायन कूगलर की 'सिनर्स' पर होगी. इस फिल्म को बेस्ट पिक्चर, बेस्ट एक्टर और बेस्ट डायरेक्टर समेत टोटल 16 नॉमिनेशंस मिले हैं. ये ऑस्कर इतिहास में किसी भी फिल्म को मिला सबसे अधिक नॉमिनेशन है. इस साल दूसरा सबसे ज्यादा नामांकन लियोनार्डो डि कैप्रियो की 'वन बैटल आफ्टर अनअदर' को मिला है. इस फिल्म के हिस्से 13 नॉमिनेशंस आए हैं. तीसरे नंबर पर 9 नॉमिनेशन्स के साथ तीन फिल्में रही हैं. इनमें 'फ्रैंकेस्टाइन', 'मार्टी सुप्रीम' और 'सेंटीमेंटल वैल्यू' शामिल हैं.

इसके अलावा लोगों के मन में ये सवाल भी है कि ऑस्कर 2026 में भारत की क्या स्थिति है? प्रियंका चोपड़ा जोनस प्रेजेंटर के रोल में होंगी, ये तो स्पष्ट है. पर बता दें कि उनके अलावा इंडियन-फिल्ममेकर गीता गंदभीर पर भी लोगों की नजरें होंगी. उन्हें इस साल दो ऑस्कर नॉमिनेशन मिले हैं. एक बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट कैटेगरी में 'द डेविल इज़ बिज़ी' के लिए. वहीं 'बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर सेगमेंट' में उन्हें 'द परफेक्ट नेबर' के लिए अपना दूसरा नॉमिनेशन मिला है. उनके अलावा कोई भी दूसरा भारतीय फाइनल नॉमिनेशन्स में अपनी जगह नहीं बना पाया.

वीडियो: ऑस्कर 2026 की रेस में शामिल हुई 'होमबाउंड', नीरज घायवान की फिल्म को मिली ऑफिशियल एंट्री

Advertisement

Advertisement

()