Oscars 2025 में नॉमिनेट हुई बड़ी फिल्मों को कहां देखें?
Oscars 2025 में Emilia Perez और The Brutalist को रिकॉर्ड तोड़ नॉमिनेशन मिले हैं.

Academy ने 97वें Oscar Awards के नॉमिनेशन अनाउंस कर दिए. कई ऐसे नाम थे जिनकी उम्मीद की जा रही थी. दूसरी ओर कुछ ऐसे बड़े स्नब्स भी देखने को मिले जिन्होंने पूरी सिनेमा कम्यूनिटी को हिला कर रख दिया. दुनियाभर से तारीफ पाने वाली ‘ऑल वी इमैजिन एज़ लाइट’ को किसी कैटेगरी में जगह नहीं मिली. वहीं इंग्लैंड की तरफ से एंट्री बनकर गई ‘संतोष’ भी बाहर हो गई. गुनीत मोंगा की फिल्म ‘अनुजा’ लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्म की कैटेगरी में नॉमिनेट हुई है.
03 मार्च की सुबह अवॉर्ड्स की घोषणा की जाएगी. उससे पहले हम आपको इस सीज़न की मेजर ऑस्कर-नॉमिनेटिड फिल्मों के बारे में बताएंगे. साथ ही बताएंगे कि उन्हें कहां देख सकते हैं.
#1. एमिलिया पेरेज़
डायरेक्टर: जैक ऑदियार
टोटल नॉमिनेशन: 13
कहां देखें: इस फिल्म को आप MUBI पर स्ट्रीम कर सकते हैं.
इस फिल्म को 97वें ऑस्कर्स में सबसे ज़्यादा नॉमिनेशन मिले हैं. गोल्डन ग्लोब्स 2025 में भी सबसे ज़्यादा नॉमिनेशन इसी फिल्म के नाम रहे थे. ऑस्कर्स में फिल्म को बेस्ट पिक्चर, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट एक्ट्रेस समेत 13 कैटेगरी में नॉमिनेशन मिले हैं. एक लाइन में समझें तो कहानी एक ड्रग किंगपिन की है जो Gender Reaffirming Surgery करवाते हैं. इस फिल्म में ड्रग्स है, क्राइम है, बदला है, म्यूज़िक है, ठहर कर देखने वाले सुंदर फ्रेम्स हैं और दुरुस्त जेंडर पॉलिटिक्स है. लेकिन सबसे बड़ा प्लस पॉइंट ये है कि फिल्म किस बेबाकी से अपना मैसेज डिलीवर करती है. ज़ोइ सैलडाना, सेलेना गोमेज़ और कार्ला सोफिया ने खून गर्म कर देने वाली निडर परफॉरमेंसेज़ दी हैं. फिल्म के लिए Karla Sofía Gascón को बेस्ट एक्ट्रेस का ऑस्कर नॉमिनेशन मिला है. वो अकैडमी के इतिहास की पहली ट्रांसजेंडर एक्टर हैं जिन्हें बेस्ट एक्ट्रेस की कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है.
#2. द ब्रूटलिस्ट
डायरेक्टर: ब्रेडी कॉर्बेट
टोटल नॉमिनेशन: 10
कहां देखें: ‘द ब्रूटलिस्ट’ 28 फरवरी को इंडिया के सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है.
‘एमिलिया पेरेज़’ के बाद सबसे ज़्यादा नॉमिनेशन पाने वाली फिल्म. ‘द ब्रूटलिस्ट’ को बेस्ट पिक्चर, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट एक्टर इन सपोर्टिंग रोल जैसी कैटेगरी में नॉमिनेशन मिले हैं. फिल्म के लिए एड्रियन ब्रोडी को बेस्ट एक्टर की कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है. साल 2003 में एड्रियन की फिल्म The Pianist आई थी. उसके लिए एड्रियन ने बेस्ट एक्टर का ऑस्कर अवॉर्ड जीता था. इस कैटेगरी में अवॉर्ड पाने वाले सबसे यंग एक्टर बने. उस फिल्म में एड्रियन ने होलोकॉस्ट सर्वाइवर का रोल किया था. ‘द ब्रूटलिस्ट’ भी इसी थीम पर है. बताया जा रहा है कि एड्रियन इस साल के ऑस्कर्स के लिए सबसे मज़बूत दावेदार भी हैं.
#3. विकेड
डायरेक्टर:
टोटल नॉमिनेशन: 10
कहां देखें: ‘विकेड’ को ज़ी5 पर रेंट किया जा सकता है.
ये म्यूज़िकल फैंटेसी फिल्म साल 2024 की सबसे बड़ी हिट्स में से एक थी. ये उस साल रिलीज़ हुई जब ‘जोकर 2’ जैसी म्यूज़िकल बुरी तरह फ्लॉप हुई. ‘विकेड’ को 10 नॉमिनेशन मिले. हालांकि इस साल के ऑस्कर का बड़ा स्नब भी इसी फिल्म के नाम है. लोग इस बात पर हैरानी जता रहे हैं कि आपने फिल्म को बेस्ट पिक्चर की कैटेगरी में नॉमिनेशन दिया. लेकिन बेस्ट डायरेक्टर की कैटेगरी में जॉन एम. चु का नाम ही नहीं.
#4. कॉन्क्लेव
डायरेक्टर:
टोटल नॉमिनेशन: 8
कहां देखें: फिल्म को ऐपल टीवी+ पर देख सकते हैं.
फिल्म का पहला सीन. पोप का निधन हो गया है. अब नए पोप हो चुना जाना है. उसकी प्रक्रिया शुरू होती है. ज़िम्मेदार लोगों को कम्पाउंड में बंद किया जाता है. सतह पर सब कुछ ठीक लगता है. लेकिन अंदर तूफान उबल रहा है. एक इंसान अपने faith, अपनी आस्था से जूझ रहा है. एक इंसान सिर्फ सत्ता की भावना से पोप बनना चाहता है. ऐसे लोग मिलकर किसे चुनेंगे, ये थ्रिलर फिल्म सिर्फ इसी सवाल का जवाब नहीं देती. ‘कॉन्क्लेव’ को पांच कैटेगरी में नॉमिनेशन मिले हैं. जैसे बेस्ट एक्टर, बेस्ट पिक्चर, बेस्ट एडिटिंग, बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस और बेस्ट अडैप्टेड स्क्रीनप्ले.
#5. अ कम्प्लीट अननोन
डायरेक्टर: जेम्स मैनगोल्ड
टोटल नॉमिनेशन: 8
कहां देखें: 28 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है.
“एक इंसान तभी कामयाब है जब वो सुबह उठे और रात को सोने जाए, और इस बीच वो सब करे जो वो करना चाहता है”. अमेरिका के सबसे महान सिंगर्स और सॉन्ग-राइटर्स में से एक बॉब डिलन ने ये कहा था. उन्हीं बॉब डिलन के जीवन पर जेम्स मैनगोल्ड ने फिल्म बनाई. टिमथी शैलामे ने उनका रोल किया और उसी के बलबूते उन्हें बेस्ट एक्टर की कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला. उसके साथ ही फिल्म को बेस्ट पिक्चर, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट एक्टर इन सपोर्टिंग रोल और बेस्ट अडैप्टेड स्क्रीनप्ले जैसी कैटेगरीज़ में भी नॉमिनेशन मिले हैं.
#6. अनोरा
डायरेक्टर: शॉन बेकर
टोटल नॉमिनेशन: 6
कहां देखें: इंडिया में सिनेमाघरों में रिलीज़ होनी थी. लेकिन फिल्म के कंटेंट को देखकर लगता है कि यहां कभी रिलीज़ नहीं होने वाली. सेंसर बोर्ड भी फिल्म को रोककर बैठा है.
कान फिल्म फेस्टिवल का सर्वोच्च पुरस्कार पाम दॉर जीता था. कहानी एक सेक्स वर्कर की है जिसकी शादी एक अमीर घर के वारिस से हो जाती है. वो लड़का रूस से आता है. जैसे ही ये खबर उसके देश पहुंचती है, उसके घरवाले इस शादी को खत्म करने की पुरजोर कोशिश में जुट जाते हैं. शॉन बेकर हर फिल्म के साथ क्राफ्ट पर अपनी पकड़ को मज़बूत कर रहे हैं. उस क्रम में ‘अनोरा’ उनका सबसे पीक काम है. क्राफ्ट के साथ एक्सपेरिमेंट करने के लिए वो स्टोरीटेलिंग को पिछली सीट पर नहीं धकेलते. शॉन का कैमरा जिस मानवीय ढंग से सेक्स वर्कर्स और उनकी दुनिया को देखता है, उस पर तारीफ़ों में कॉलम लिखे गए हैं.
बेस्ट पिक्चर, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट एक्ट्रेस इन लीडिंग रोल, बेस्ट एक्टर इन सपोर्टिंग रोल जैसी कैटेगरीज़ में ‘अनोरा’ को नॉमिनेशन मिले हैं.
#7. द सब्स्टेंस
डायरेक्टर: कोरली फ़ारजा
टोटल नॉमिनेशन: 5
कहां देखें: ‘द सब्स्टेंस’ को MUBI पर देखा जा सकता है.
एक फेमिनिस्ट बॉडी हॉरर फिल्म. बेसिकली बॉडी हॉरर ऐसा किस्म का जॉनरा है जहां शरीर के साथ मार-काट, चीरफाड़ जैसी घिनौनी हरकतें होती हैं और वहां से हॉरर इफेक्ट पैदा किया जाता है. ‘द सब्स्टेंस’ एक बीते ज़माने की एक्ट्रेस की कहानी जिसके करियर के सबसे यादगार पल भूत में हैं. यहां उसे मिलता है सब्स्टेंस नाम का ड्रग जो आपको अपने बेहतर वर्ज़न से मिलाने का वादा करता है. एक्ट्रेस का रोल कर रही डेमी मूर भी ये ड्रग लेती है. पहली नज़र में ये हॉलीवुड, शोहरत और खूबसूरती की लालसा रखने वाली दुनिया की कहानी लगे. लेकिन इस कहानी का असली दानव लालच है.
इस फिल्म ने दुनिया को दिखाया कि डेमी मूर कोई ‘पॉपकॉर्न एक्ट्रेस’ नहीं हैं. उन्होंने एकदम अनोखे ढंग से करियर की इस पारी को शुरू किया है. अपने काम के दम पर उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का नॉमिनेशन मिला है. उसके अलावा फिल्म ने बेस्ट पिक्चर, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट ओरिजनल स्क्रीनप्ले और बेस्ट मेकअप एंड हेयरस्टाइलिंग की कैटेगरी में भी नॉमिनेशन कमाए.
#8. I’m Still Here
डायरेक्टर: वॉल्टर सैलेज़
टोटल नॉमिनेशन: 3
कहां देखें: ये फिल्म जल्द ही ऐपल टीवी+ पर आने वाली है.
ब्राज़ील से आई फिल्म को बेस्ट पिक्चर और बेस्ट इंटरनेशनल फीचर जैसी कैटेगरी में नॉमिनेशन मिले हैं. फिल्म की कहानी साल 1971 में सेट है. एक परिवार की ज़िंदगी किसी घटना की वजह से पूरी तरह बदल जाती है. उस घटना से सिर्फ उनका जीवन ही नहीं बदलता, बल्कि ब्राज़ील के इतिहास में एक नया पन्ना भी जुड़ जाता है.
वीडियो: Oscars 2024: घर बैठे ऑस्कर जीतने वाली सभी फिल्में यहां देख सकते हैं

.webp?width=60)

